बहादुरगढ़। एचएल सिटी स्थित चैंपियंस एक्वेटिक्स अकादमी में शनिवार को 43वीं सब-जूनियर और 53वीं जूनियर हरियाणा राज्य तैराकी चैंपियनशिप-2026 का आगाज हुआ। तीन दिवसीय प्रतियोगिता में प्रदेशभर के एक हजार से अधिक तैराक विभिन्न आयु वर्गों में अपनी प्रतिभा दिखा रहे हैं। शुभारंभ अवसर पर एचएल सिटी के निदेशक राकेश जून मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे। उन्होंने विजेता खिलाड़ियों को पदक पहनाकर सम्मानित किया और बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया। प्रतियोगिता के पहले दिन झज्जर जिले के तैराकों का दबदबा रहा। बालक वर्ग की 800 मीटर फ्रीस्टाइल स्पर्धा में झज्जर के रोहित लाठर ने पहला और अरमान मान ने तीसरा स्थान हासिल किया, जबकि फरीदाबाद के दर्श सिंह दूसरे स्थान पर रहे। 400 मीटर फ्रीस्टाइल में झज्जर के विहान ने पहला स्थान प्राप्त किया। फरीदाबाद के उज्ज्वल यादव दूसरे और रोहतक के दक्ष लाकड़ा तीसरे स्थान पर रहे। बालिका वर्ग की 800 मीटर स्पर्धा में फरीदाबाद की लक्षिता सिंह प्रथम और हिसार की दीक्षिका द्वितीय स्थान पर रहीं। 400 मीटर स्पर्धा में गुरुग्राम की अलायका ठाकरान ने पहला, सना वडेरा ने दूसरा और अंबाला की आरोही ने तीसरा स्थान हासिल किया। प्रतियोगिता का आयोजन हरियाणा तैराकी संघ के महासचिव एवं हरियाणा ओलंपिक संघ के उपाध्यक्ष अनिल खत्री की देखरेख में किया जा रहा है। अनिल खत्री ने कहा कि अब प्रदेश के गांवों और ग्रामीण क्षेत्रों से भी प्रतिभाशाली तैराक सामने आ रहे हैं। संघ का लक्ष्य खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं और अवसर उपलब्ध करवाना है, ताकि वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन कर देश का नाम रोशन कर सकें। इस अवसर पर हरियाणा तैराकी संघ के उपाध्यक्ष रवि सिंगारी, कोच साईं जाधव, हनुमान, चेतन, गुगन सिंह, सुरेंद्र राणा, रविंदर, प्रेम कादियान, पदमपाल, अनिल शर्मा, विजय पाल, सतनारायण शर्मा, हरबीर ढाका, जितेंद्र, विशाल, दीपक और अभिषेक ठाकुर सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।