हांसी। शहर के श्री श्याम बाबा मंदिर में गोवर्धन पूजा का पर्व बड़ी ही श्रद्धा और धूमधाम के साथ मनाया गया। इस अवसर पर मंदिर परिसर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। श्री श्याम मंदिर ट्रस्ट की ओर से भक्तों के लिए कढ़ी-चावल सहित अन्नकूट का प्रसाद तैयार करवाया गया, जिसे श्रद्धालुओं में वितरित किया गया। इस दौरान श्री श्याम मंदिर ट्रस्ट के प्रधान जगदीश मित्तल ने बताया कि मंदिर में हर वर्ष की तरह इस बार भी गोवर्धन पूजा का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। आज बड़ी संख्या में श्रद्धालु बाबा के दर्शन करने पहुंचे हैं। भक्तों के लिए अन्नकूट का प्रसाद तैयार करवाया गया है, जिसे सभी श्रद्धालुओं को प्रेमपूर्वक वितरित किया जा रहा है। वहीं समाजसेवी विनय जैन ने कहा कि गोवर्धन पूजा का पर्व हमें प्रकृति, गौमाता और पर्यावरण के संरक्षण का संदेश देता है। ऐसे धार्मिक आयोजनों से समाज में आपसी भाईचारे, सेवा और धार्मिक आस्था की भावना मजबूत होती है। उन्होंने सभी को गोवर्धन पूजा की शुभकामनाएं देते हुए सुख-समृद्धि की कामना की।