शहर के विश्राम गृह में शेर-ए-पंजाब महाराजा रणजीत सिंह की जयंती के अवसर पर एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान महाराजा रणजीत सिंह के शौर्य, पराक्रम और न्यायप्रिय शासन को याद किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न समाजों के लोगों ने भाग लिया और खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में हांसी क्षेत्र के गांव राजथल की बेटी खुशी को सम्मानित किया गया। खुशी ने हरिद्वार में आयोजित 19वीं नेशनल ग्रेपलिंग रेसलिंग चैंपियनशिप में गोल्ड मेडल जीतकर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उन्होंने हिमाचल प्रदेश की पहलवान को हराकर यह स्वर्ण पदक अपने नाम किया। सम्मानित होने पर खिलाड़ी खुशी ने कहा कि यहां आकर सम्मान पाकर उन्हें बेहद खुशी हो रही है और राष्ट्रीय स्तर पर गोल्ड मेडल जीतना उनके लिए गर्व की बात है। आप पार्टी जिला अध्यक्ष राजेंद्र सोरखी ने बताया कि शेर-ए-पंजाब महाराजा रणजीत सिंह का जन्म 13 नवंबर 1780 को हुआ था। वे सिख साम्राज्य के संस्थापक और पहले महाराजा थे, जिन्होंने वर्ष 1801 से 1839 तक शासन किया। महाराजा रणजीत सिंह के शौर्य, पराक्रम और न्यायप्रिय शासन को आज भी याद किया जाता है। महाराजा रणजीत सिंह वेलफेयर सोसाइटी के प्रदेश अध्यक्ष भीम सिंह महेशवाल ने युवाओं को नशे से दूर रहने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि युवा नशे से दूर रहकर खेलों की ओर अपना ध्यान केंद्रित करें। खेलों के माध्यम से ही युवा अपनी प्रतिभा को निखार सकते हैं और देश को आगे बढ़ाने में योगदान दे सकते हैं। उन्होंने कहा कि आज खेलों के क्षेत्र में भारत लगातार प्रगति कर रहा है। कार्यक्रम के माध्यम से महाराजा रणजीत सिंह के जीवन और उनके आदर्शों को याद करने के साथ-साथ युवाओं को खेलों से जुड़ने और नशे से दूर रहने का महत्वपूर्ण संदेश दिया गया।