रविवार सुबह करीब साढ़े 10 बजे अचानक मौसम ने करवट ली। आसमान में बादल छाने के बाद करीब 10 मिनट तक बारिश हुई। बारिश के चलते तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई, जिससे लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिली। हालांकि, शहर की सड़कों पर पिछले 32 दिनों से जमा कचरे के कारण बारिश ने लोगों की परेशानी और बढ़ा दी। बारिश के बाद सड़कों पर जगह-जगह जमा कचरे के आसपास पानी फैल गया। इससे दुर्गंध और गंदगी की समस्या बढ़ गई। कई स्थानों पर कचरे के ढेर सड़क किनारे फैले होने से राहगीरों और वाहन चालकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा। स्थानीय लोगों का कहना है कि लंबे समय से कचरा उठान की समस्या बनी हुई है। अब बारिश के कारण स्थिति और खराब होने लगी है। शहरवासियों ने प्रशासन से जल्द से जल्द सड़कों से कचरा उठवाने और नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि बारिश का दौर आगे भी जारी रहा तो जमा कचरे से जलभराव और दुर्गंध की समस्या गंभीर हो सकती है। बता दें कि नगर परिषद के सफाई कर्मचारी पिछले 32 दिनों से हड़ताल पर है।