टोहाना। शहर के जैन समाधि के समीप गुज़र रही नहर में शनिवार को एक अज्ञात व्यक्ति का शव तैरता हुआ बरामद हुआ। राहगीर द्वारा दी गई सूचना के बाद शहर पुलिस और समाज सेवी नवजोत की टीम ने संयुक्त अभियान चलाकर शव को बाहर निकाला। मृतक की शिनाख्त अभी तक नहीं हो सकी है। पुलिस ने शव को पहचान हेतु नागरिक अस्पताल के शवगृह में 72 घंटे के लिए रखवा दिया है। मिली जानकारी के अनुसार, नहर से गुज़र रहे एक राहगीर ने जलमार्ग में बहता शव देखा, जिसकी सूचना तुरंत आपातकालीन नंबर 112 पर दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। इसके बाद नवजोत ढिल्लो की टीम की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद शव को बाहर निकाला गया। 35 से 40 वर्ष बताई जा रही उम्र मामले की जांच कर रहे पुलिस अधिकारी (एएसआई जोगिंदर सिंह) ने बताया कि मृतक की उम्र लगभग 35 से 40 वर्ष के बीच प्रतीत होती है। प्राथमिक दृष्टि में शव एक से दो दिन पुराना लग रहा है। मृतक ने नीले रंग की शर्ट और क्रीम रंग का अंडरवेयर पहना हुआ है। शरीर पर कोई अन्य विशेष निशान नहीं मिला है। पहचान के लिए अपील पुलिस प्रशासन और समाज सेवी टीम ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी का कोई रिश्तेदार या परिचित गुमशुदा है, तो वे तुरंत शहर थाना टोहाना/सिटी एसएचओ से संपर्क करें। 72 घंटे की निर्धारित समय सीमा के भीतर पहचान न होने की स्थिति में नियमानुसार शव का अंतिम संस्कार कर दिया जाएगा।