फतेहाबाद। शारदीय नवरात्र, दीपावली, गोवर्धन पूजा, विश्वकर्मा दिवस और भैया दूज सहित आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न करवाने के लिए पुलिस ने जिले में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। बाजारों, धार्मिक स्थलों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पुलिस की तैनाती बढ़ाई गई है। साथ ही, नाकाबंदी और गश्त के माध्यम से संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी। पुलिस अधीक्षक निकिता खट्टर के निर्देश पर जिले में पहले से स्थापित 13 स्थायी नाकों के अतिरिक्त 10 नए नाके लगाए गए हैं। इसके अलावा, 25 मौजूदा पेट्रोलिंग टीमों के साथ 15 अतिरिक्त टीमें तैनात की गई हैं। इस तरह जिले में कुल 40 पेट्रोलिंग टीमें लगातार गश्त करेंगी। एसपी निकिता खट्टर ने सभी थाना और चौकी प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में कानून व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। सभी थानों की पीसीआर और राइडर टीमें भी नियमित गश्त करेंगी। जिले के सात अंतरराज्यीय और नौ अंतरजिला नाकों पर पुलिसकर्मी चौबीसों घंटे निगरानी रखेंगे। वहीं, अपराध जांच शाखाओं की पांच विशेष टीमें भी सक्रिय रहेंगी। ये टीमें आपराधिक तत्वों पर नजर रखने के साथ सूचनाएं मिलने पर तुरंत कार्रवाई करेंगी। पुलिस ने लोगों से भी संदिग्ध गतिविधि दिखाई देने पर तुरंत सूचना देने की अपील की है।