फतेहाबाद। मानदेय बढ़ाने, न्यूनतम वेतन लागू करने और पक्का कर्मचारी दर्जा देने जैसी मांगों को लेकर रविवार को जिले की सैकड़ों स्कीम वर्करों ने सीटू के आह्वान पर दीनदयाल पार्क में प्रदर्शन किया। वर्करों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए लंबित मांगें पूरी करने की मांग उठाई। प्रदर्शन के दौरान एक से तीन दिसंबर तक दिल्ली के रामलीला मैदान में जुटने और जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करने का ऐलान किया गया। वर्करों ने राज्यसभा सांसद सुभाष बराला के नाम ज्ञापन नायब तहसीलदार को सौंपकर संसद में उनकी आवाज उठाने का अनुरोध किया। सभा में सीटू नेताओं ने कहा कि देश में करीब एक करोड़ स्कीम वर्कर कार्यरत हैं, जिनमें अधिकांश महिलाएं हैं। इसके बावजूद योजनाओं के लिए पर्याप्त बजट नहीं दिया जा रहा। नेताओं ने कहा कि सरकार वर्करों को ‘मानदेय’ और ‘स्वयंसेविका’ बताकर उनके श्रम का उचित मूल्य नहीं दे रही।