शहर के सपड़ा मोहल्ला स्थित प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय सेंटर पर रक्षाबंधन का पर्व बड़े हर्षोल्लास और आध्यात्मिक भाव के साथ मनाया गया। शुक्रवार को आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाई-बहनें शामिल हुए। सेंटर इंचार्ज बहन वंदना ने सभी को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं और इसके आध्यात्मिक महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन केवल धागा बांधने का त्योहार नहीं, बल्कि पवित्रता और आत्मिक प्रेम का प्रतीक है। यह पर्व हमें विकारों से मुक्त होकर आत्मा रूप में स्थित रहने की प्रतिज्ञा दिलाता है। बहन वंदना ने कहा कि सच्ची रक्षा शारीरिक नहीं, बल्कि आत्मिक है। परमात्मा ही सच्चा रक्षक है, जो हमें काम, क्रोध, लोभ, मोह और अहंकार रूपी विकारों से मुक्त कर सुरक्षा प्रदान करता है। इस अवसर पर सेंटर पर आईं बहनों ने उपस्थित भाइयों को तिलक लगाकर राखी बांधी और मुंह मीठा कराया। वहीं भाइयों ने भी पवित्रता और नारी सम्मान की शपथ ली। कार्यक्रम के अंत में सभी को ईश्वरीय सौगात और प्रसाद वितरित किया गया।