फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बाहर ढाबों पर खाना खाने को मजबूर, मंडी में सुविधाओं के अभाव से बढ़ी परेशानी

फतेहाबाद। नई अनाजमंडी में धान की आवक इन दिनों जोरों पर है, लेकिन सरकारी स्तर पर धान की खरीद शुरू नहीं होने के कारण किसानों की परेशानी बढ़ती जा रही है। धान से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉलियों व ढेरियों के साथ किसान पिछले कई दिनों से मंडी में रातें गुजार रहे हैं। खरीद शुरू करवाने की मांग को लेकर किसानों का धरना भी जारी है।वहीं किसानों के लिए अनाजमंडी में कैंटीन की व्यवस्था शुरू नहीं हो सकी है। इससे किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। एमएसपी पर धान की खरीद शुरू नहीं होने के कारण सैकड़ों किसान पिछले करीब एक सप्ताह से मंडी में ही रातें गुजार रहे हैं। जिले की अनाजमंडियों में अब तक कुल 154519 क्विंटल धान की आवक हाे चुकी है। इससे अनाजमंडियां पूरी तरह से धान से अटी हुई है। किसानों के अनुसार दिनभर मंडी में खरीदारों का इंतजार करने के बाद रात को ढेरियों के पास ही रुकना पड़ रहा है। किसानों को खाद्य आपूर्ति विभाग से सोमवार से खरीद शुरू होने का आश्वासन मिला है। ---- किसान कैंटीन की सुविधा भी नहीं नई अनाजमंडी में किसानों के लिए किसान कैंटीन की सुविधा नहीं होने से भी परेशानी बढ़ रही है। मंडी में कई दिन से रुके किसानों को भोजन के लिए बाहर स्थित ढाबों का सहारा लेना पड़ रहा है। किसान रविंद्र कड़वासरा, मदन बिजारणियां और राजेंद्र ने बताया कि मंडी में भोजन और चाय सहित अन्य जरूरी खाद्य सामग्री के लिए भी उन्हें बाहर जाना पड़ता है। दिनभर फसल और खरीद प्रक्रिया के इंतजार में रहने वाले किसानों के लिए यह अतिरिक्त परेशानी का कारण बन रहा है। मंडी में किसान कैंटीन होने से उन्हें उचित दरों पर भोजन उपलब्ध हो सकता है, लेकिन फिलहाल ऐसी कोई व्यवस्था नहीं है। अनाज मंडी में बने कैंटीन के बूथों पर ताला लगा हुआ है। किसानों ने कैंटीन को शुरू करवाने की मांग की है। --- जल्द खरीद शुरू करने की मांग अनाजमंडी में भारतीय खेती बचाओ संगठन के सदस्य पिछले चार दिनों से धरने पर बैठें हैं। किसानों ने प्रशासन और खरीद एजेंसियों से धान की खरीद जल्द शुरू करवाने की मांग की है। किसानों का कहना है कि मंडी में लगातार धान की आवक बढ़ रही है। ऐसे में खरीद में देरी होने से मंडी में फसल की ढेरियां लगातार बढ़ रही है। अगर खरीद शुरू नहीं हुई तो किसानों को और अधिक समय तक परेशान होना पड़ेगा। वहीं, किसानों ने चेतावनी दी कि जब तक धान की खरीद सुचारु रूप से शुरू नहीं होती, उनका धरना जारी रहेगा। :: धान की एमएसपी पर खरीद शुरू करने को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई है। धान की खरीद, खरीद एजेंसियों को करनी है। वहीं, अनाजमंडी के कैंटीन का ठेका छूट गया है जल्द ही उनको खोला जाएगा। मंडी में किसानों के सभी प्रकार की खाद्य सामग्री उपलब्ध होगी। अमित रोहिल्ला, सचिव मार्केट कमेटी, फतेहाबाद।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें