फतेहाबाद। त्योहार के सीजन में शहर के मुख्य बाजारों में बढ़ती भीड़ और जाम की समस्या को देखते हुए यातायात पुलिस ने वीरवार को व्यवस्था में बदलाव किया है। पुलिस की ओर से जवाहर चौक और थाना रोड पार्किंग के बाहर बैरिकेड लगाकर चार पहिया व लोडिंग वाहनों के बाजार में प्रवेश पर पाबंदी लगा दी गई है। बाजार में भीड़ की स्थिति को देखते हुए वाहनों की एंट्री नियंत्रित की जाएगी, ताकि खरीदारी के लिए आने वाले लोगों को जाम की समस्या का सामना न करना पड़े। त्योहार से पहले महाराजा अग्रसेन चौक, थाना रोड, चार मरला कॉलोनी, धर्मशाला रोड और जवाहर चौक सहित मुख्य बाजार में तहबाजारी बढ़ने से सड़कें संकरी हो रही थीं। दुकानदारों और रेहड़ी-फड़ी वालों की ओर से सड़क किनारे सामान लगाने के कारण वाहनों के निकलने के लिए कम जगह बच रही थी। वहीं, बाजार में चार पहिया वाहनों की आवाजाही के कारण जाम की स्थिति बनने लगी थी।