फतेहाबाद। शहर के बीघड़ रोड पर वीरवार देर रात दो कारों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे की वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। सीसीटीवी फुटेज के मुताबिक बीघड़ रोड पर मिनी बाइपास से पहले एक कार को पीछे से आई दूसरी कार टक्कर मार देती है। टक्कर के बाद दोनों कारें काफी दूर तक घिसटती हुई नजर आ रही है। टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और कार सवारों को संभाला। हादसे में दोनों वाहनों को नुकसान पहुंचा है। गनीमत रही कि दुर्घटना में किसी व्यक्ति के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली। सुबह पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात को सुचारू करवाया।