टोहाना। गांव दमकौरा में पराली की गांठों में आग लगने से किसान को लाखों रुपये का नुकसान हो गया। नुकसान की भरपाई के लिए ग्राम पंचायत ने एसडीएम टोहाना को ज्ञापन सौंपकर पीड़ित किसान को सरकार की ओर से अधिक से अधिक आर्थिक सहायता दिलवाने की मांग की है। ग्राम पंचायत दमकौरा की ओर से एसडीएम को दिए गए ज्ञापन में कहा है कि 22 नवंबर 2026 को दोपहर करीब एक बजे गांव में पराली की गांठों में अचानक आग लग गई। ये गांठें गांव के किसान रामफल पुत्र नेक सिंह ने इकट्ठी की हुई थीं। पंचायत के अनुसार आग में करीब 26 हजार क्विंटल के लगभग पराली की गांठें जलकर राख हो गईं, जिससे रामफल को काफी आर्थिक नुकसान हुआ है। पंचायत ने ज्ञापन में कहा है कि रामफल ने बड़ी मेहनत से पराली की गांठें इकट्ठी की थीं, लेकिन आग की घटना ने उसकी सारी मेहनत पर पानी फेर दिया। किसान की आर्थिक स्थिति पहले से ही कमजोर है और इस नुकसान से वह टूट गया है। ऐसे में सरकार की ओर से उसे जल्द से जल्द अधिक से अधिक आर्थिक सहायता दी जाए, ताकि वह इस संकट से उबर सके। सरपंच मनजीत सिंह सहित पंचायत सदस्यों ने एसडीएम से आग्रह किया है कि मामले की जांच कराकर पीड़ित किसान को मुआवजा दिलवाया जाए। पंचायत ने कहा कि आग लगने के कारणों का भी पता लगाया जाना चाहिए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके। ग्रामीणों का कहना है कि पराली की गांठें किसानों के लिए आय का साधन बन रही हैं। ऐसे में एक ही झटके में हजारों क्विंटल पराली जल जाने से पूरे परिवार की उम्मीदें टूट गई हैं। पंचायत ने प्रशासन से मानवीय आधार पर तुरंत सहायता देने की अपील की है।