फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पीड़िता को न्याय दिलाना प्राथमिकता, लापरवाही मिलने पर होगी कार्रवाई : उषा प्रियदर्शनी

फतेहाबाद। हरियाणा राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष उषा प्रियदर्शनी ने शुक्रवार को भूना क्षेत्र की नाबालिग से जुड़े दुष्कर्म मामले में पीड़िता के गांव पहुंचकर मामले की जानकारी ली। उन्होंने ग्रामीणों और पड़ोसियों से बातचीत कर पीड़िता के परिजनों और परिवार की परिस्थितियों को समझा तथा पूरे प्रकरण के संबंध में जानकारी प्राप्त की। इसके उपरांत उन्होंने वन स्टॉप सेंटर पहुंचकर पीड़िता से बातचीत की और संबंधित अधिकारियों से अब तक की गई कार्रवाई की विस्तृत जानकारी ली। इस दौरान आयोग अध्यक्ष ने ग्रामीणों को बताया कि पुलिस द्वारा मामले में दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि पीड़िता को न्याय दिलाना महिला आयोग की प्राथमिकता है। बच्ची की सुरक्षा, देखभाल और उसके भविष्य को सुरक्षित करना प्रशासन और समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जाए और साक्ष्यों के आधार पर विस्तृत रिपोर्ट तैयार की जाए। महिला आयोग अध्यक्ष उषा प्रियदर्शनी ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि पूरे प्रकरण की निष्पक्षता से जांच करवाई जाएगी। यदि जांच में किसी अधिकारी या कर्मचारी की लापरवाही सामने आती है तो उसके विरुद्ध भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने पुलिस विभाग को निर्देश दिए कि मामले से जुड़े सभी साक्ष्यों को ध्यान में रखते हुए रिपोर्ट तैयार करें और जांच प्रक्रिया में किसी प्रकार की कोताही न बरतें। उन्होंने कहा कि पीड़िता के हितों और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए प्रशासनिक स्तर पर आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। महिला आयोग पूरे मामले की निगरानी करेगा, ताकि पीड़िता को न्याय दिलाने की दिशा में प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित हो सके। इस अवसर पर डीएसपी नर सिंह बिश्नोई, नगर परिषद की वाइस चेयरपर्सन सविता टुटेजा, महिला संरक्षण एवं बाल विवाह निषेध अधिकारी रेखा अग्रवाल, थाना प्रभारी कंवर सिंह, महिला सुपरवाइजर मंगलेश नेहरा सहित अन्य अधिकारी एवं ग्रामीण मौजूद रहे।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें