बिजली बोर्ड से जुड़े चारों कर्मचारी संगठनों के संयुक्त मोर्चे ने रविवार को कांग्रेस विधायक परमवीर सिंह के कार्यालय में उनके निजी सचिव सुखपाल सिंह को ज्ञापन सौंपा। कर्मचारी नेताओं ने बताया कि हरियाणा विधानसभा का सत्र चल रहा है। इस सत्र में बिजली कर्मचारियों की मांगों को प्रमुखता से उठाया जाए, इसके लिए प्रदेश के सभी 90 विधायकों को ज्ञापन दिया जा रहा है। इसी कड़ी में टोहाना में ज्ञापन सौंपा गया। यूनियन पदाधिकारियों ने कहा कि सरकार द्वारा थोपी जा रही निजीकरण की नीति, स्मार्ट मीटर योजना और अन्य कर्मचारी विरोधी फैसलों का वे पुरजोर विरोध करते हैं। ज्ञापन में इन फैसलों को वापस लेने की मांग की गई है। इस मौके पर सीवीसी यूनियन, कर्मचारी एसोसिएशन और महासंघ सहित चारों संगठनों के पदाधिकारी मौजूद रहे। मोर्चे के पदाधिकारी रामनिवास ने बताया कि अगर सरकार ने उनकी मांगें नहीं मानी तो आगे आंदोलन को तेज किया जाएगा। ऊपर से मोर्चे की जो भी कॉल आएगी, उसका पूरी तरह से पालन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि सोमवार को सभी लेवल पर दो घंटे का गेट-गेट प्रदर्शन किया जाएगा। इस दौरान कर्मचारी अपने-अपने कार्यालयों के गेट पर इकट्ठा होकर सरकार की नीतियों के खिलाफ विरोध दर्ज कराएंगे।