शामली में हरियाणवी गायक अंकित बालियान की गोली मार कर हत्या करने के मामले में यूपी पुलिस ने दो शूटरों का एनकाउंटर किया है। पुलिस मुठभेड़ में बदमाशों ने भी पुलिस पर फायरिंग कर दी। औद्योगिक खेत्र में हुई इस मुठभेड़ में एक गोली पुलिस की गाड़ी व दो पुलिसकर्मियों को लगी। पुलिस की ओर से की गई फायरिंग में हत्या में शामिल चार शूटरों में से दो बदमाश ढेर हो गए। मृतकों में ककरोई हाल टीडीआई कुंडली निवासी सुमित (22) व जटवड़ा हाल बैयापुर खुर्द निवासी मोहित (24) शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, अंकित बालियान की हत्या के बाद दोनों शूटर बागपत के रास्ते लोनी की ओर फरार हुए थे। सोमवार सुबह दोनों औद्योगिक क्षेत्र से होते हुए सोनीपत जाने की फिराक में थे। इसी दौरान पुलिस ने उन्हें घेर लिया। बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में दोनों घायल हो गए। दोनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मौके से हथियार और अन्य सामान भी बरामद किया है। दोनों को 20 से अधिक गोलियां लगने की जानकारी सामने आई है।