भिवानी। जननायक जनता पार्टी के युवा नेता दिग्विजय सिंह चौटाला ने रोजगार और प्रदूषण के मुद्दे पर भाजपा सरकार को घेरते हुए कहा कि डॉ. अजय सिंह चौटाला के कार्यकाल में जितनी नौकरियां दी गई, उतनी नौकरियां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी में भी नहीं दे पाए। उन्होंने भाजपा को रोजगार के मामले में खुली चुनौती देते हुए कहा कि कांग्रेस और भाजपा के अनेक लोग भी यह कह रहे हैं कि डॉ. अजय सिंह चौटाला चुनाव मैदान में आएंगे तो उन्हें वोट देंगे, अन्यथा वे सोच-विचार करेंगे। दिग्विजय सिंह चौटाला भिवानी इंप्रूवमेंट ट्रस्ट में कार्यकर्ताओं के बीच पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने कहा कि लोगों की पुकार डॉ. अजय सिंह चौटाला के लिए है और लोग आगामी लोकसभा चुनाव में उन्हें देखना चाहते हैं। उन्होंने प्रदेश में बढ़ते अपराधों पर चिंता जताते हुए कहा कि हरियाणा में अपराध लगातार बढ़ रहे हैं, जो गंभीर विषय है। प्रदूषण के मुद्दे पर सरकार को घेरते हुए दिग्विजय ने कहा कि सरकार को बताना चाहिए कि इस बार पराली जलाने की घटनाएं नहीं होने के बावजूद प्रदूषण क्यों बढ़ रहा है। बारूद और पटाखों से होने वाले प्रदूषण को रोकने के लिए भी ठोस कदम उठाए जाने चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार प्रदूषण के नाम पर आए दिन नए नियम बना रही है, लेकिन प्रदूषण बढ़ने के वास्तविक कारणों पर जवाब देना चाहिए।