पंचायत भवन में शुक्रवार को जिला लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति की बैठक में नागरिक खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री राजेश नागर ने परिवादों की सुनवाई की। इस दौरान मंत्री ने एक उपभोक्ता को सोलर सिस्टम संचालन के बावजूद पिछले दो साल तक एवरेज बिल थमाने के मामले की जांच के आदेश दिए हैं। मंत्री ने कहा कि उपभोक्ता को अचानक 28 हजार यूनिट का बिल तैयार कर थमाने में आखिर किसकी लापरवाही है। इस पर निगम अधिकारियों ने तर्क दिया कि ये सिस्टम की खामी है। जिस पर मंत्री ने उपभोक्ता को राहत देने के भी आदेश दिए। वहीं एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान महिला की मौत मामले में कथित चिकित्सक की लापरवाही के मामले में मंत्री ने पुलिस को जल्द से जल्द बिसरा रिपोर्ट मंगवाकर इस संबंध में कार्रवाई के निर्देश भी दिए। वहीं, एक किसान की जलभराव के दौरान खराब फसल का जायजा लेने के लिए तहसीलदार को भी मौका निरीक्षण के आदेश दिए। वहीं किसान ने आरोप लगाया था कि सिंचाई विभाग ने समय पर बाढ़ राहत प्रबंधों के तहत बिजली कनेक्शन लेकर पानी की निकासी नहीं कराई, जिसकी वजह से उसकी फसल बर्बाद हो गई।