सूर्या यूथ बिग्रेड द्वारा समाजसेवी सूर्य प्रताप के नेतृत्व में नि:शुल्क धार्मिक यात्रा के तहत छठी यात्रा गांव चांग से रवाना की गई। गांव चांग से हरिद्वार और ऋषिकेश के लिए रवाना हुई तीन दिवसीय यात्रा बुजुर्गों के लिए विशेष आकर्षण और श्रद्धा का केंद्र बनी। यात्रा को कांग्रेस नेता संदीप तंवर, नगर परिषद चेयरपर्सन प्रतिनिधि भवानी प्रताप, डा. बृजपाल पप्पू, ओमबीर सिंह तंवर, धर्मपाल बागड़ी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर सूर्या यूथ बिग्रेड के संचालक सूर्य प्रताप ने कहा कि बुजुर्ग हमारे परिवार और समाज की सबसे बड़ी धरोहर हैं। उन्होंने अपने जीवन का लंबा समय परिवार, समाज और आने वाली पीढि़यों के निर्माण में लगाया है। ऐसे में हमारा भी दायित्व बनता है कि उनके जीवन के इस पड़ाव पर उन्हें सम्मान, खुशी और धार्मिक आस्था से जुड़ने के अवसर प्रदान करें। उन्होंने कहा कि बहुत से बुजुर्गों के मन में हरिद्वार और ऋषिकेश जैसे पवित्र तीर्थ स्थलों के दर्शन करने की इच्छा होती है, लेकिन संसाधनों और अन्य परिस्थितियों के कारण वे अपनी इच्छा पूरी नहीं कर पाते। इसी बात को ध्यान में रखते हुए सूर्या यूथ बिग्रेड द्वारा हर वर्ष बुजुर्गों के लिए नि:शुल्क धार्मिक यात्रा का आयोजन किया जाता है। उन्होंने कहा कि बुजुर्गों को धार्मिक यात्राओं से जोड़ने से उन्हें मानसिक शांति और आध्यात्मिक संतुष्टि मिलती है। साथ ही, युवाओं में बुजुर्गों के प्रति आदर, सेवा और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना भी मजबूत होती है। सूर्य प्रताप ने बताया कि तीन दिवसीय यात्रा के दौरान सूर्या यूथ बिग्रेड की टीम 1100 लीटर गंगाजल लेकर वापस लौटेगी, जिसे क्षेत्र के नागरिकों में वितरित किया जाएगा। सूर्य प्रताप ने कहा कि समाजसेवा का वास्तविक अर्थ जरूरतमंद और बुजुर्ग लोगों के जीवन में खुशियां लाना है।