भिवानी। एशियन गेम्स में भारतीय महिला हॉकी टीम को गोल्ड मेडल दिलाने वाली खिलाड़ी ईशिका सम्भरवाल रविवार को भिवानी पहुंचीं। यहां भगत सिंह चौक पर उनका फूल-मालाओं से जोरदार स्वागत किया गया। इसके बाद खुली गाड़ी में रोड शो निकाला गया। इसमें स्कूली विद्यार्थियों, खेल प्रेमियों और शहर के लोगों ने भाग लेकर खिलाड़ी का हौसला बढ़ाया। ईशिका ने अपने स्वागत पर खुशी जताते हुए कहा कि लोगों का प्यार और सहयोग देखकर उन्हें बहुत अच्छा लगा। उन्होंने वादा किया कि आगे भी इसी तरह मेहनत जारी रखेंगी। उन्होंने कहा कि एशियन गेम्स में गोल्ड जीतने के साथ भारतीय टीम ने ओलिंपिक के लिए भी क्वालीफाई कर लिया है। अब पूरी टीम का लक्ष्य ओलिंपिक में गोल्ड मेडल जीतना रहेगा। परिवार और सहयोग करने वालों को समर्पित किया मेडल ईशिका ने अपनी उपलब्धि का श्रेय परिवार, कोच और पूरी टीम को देते हुए गोल्ड मेडल उन्हें समर्पित किया। उन्होंने कहा कि यह उनका पहला एशियन गेम्स था और इतना बड़ा टूर्नामेंट खेलना उनके लिए खास अनुभव रहा। टीम और कोच के सहयोग से वे आत्मविश्वास के साथ अपना हुनर दिखा पाईं। उन्होंने कहा कि पिछले 44 साल से भारत एशियन गेम्स में हॉकी का गोल्ड नहीं जीत पाया था। इस बार टीम ने पहले से ही गोल्ड जीतने का लक्ष्य तय किया था।