भिवानी। गुरु नानक देव जयंती की पूर्व संध्या पर सोमवार को ट्रस्ट के संस्थापक सुरेंद्र सभ्रवाल द्वारा आयोजित कार्यक्रम में क्षेत्र के बुजुर्गों को गर्म कंबल भेंट कर सम्मानित किया। इस सेवा आयोजन में स्थानीय जीतू वाला जोहड़ क्षेत्र स्थित प्राचीन काला माता मंदिर के महंत जगमाल सिंह नाथ का सान्निध्य प्राप्त हुआ। गुरु नानक देव जयंती के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम ने समाज में सेवा, समानता और करुणा के संदेश को और सशक्त किया। कड़ाके की ठंड शुरू होने से पहले जरूरतमंद बुजुर्गों को गर्म कंबल मिलने से उनके चेहरों पर संतोष और प्रसन्नता की झलक दिखाई दी। आयोजन स्थल पर उपस्थित स्थानीय नागरिकों और समाजसेवियों ने ट्रस्ट की इस पहल की सराहना की और इसे समाज के अन्य वर्गों के लिए प्रेरणादायक बताया। इस मौके पर पालेराम चैरिटेबल ट्रस्ट के संस्थापक सुरेंद्र सभ्रवाल ने कहा कि बुजुर्ग हमारे परिवार और समाज की मजबूत जड़ें हैं। उनके अनुभवों और आशीर्वाद के बिना किसी भी समाज की प्रगति अधूरी है। सर्दी के मौसम में उनकी सुविधा और स्वास्थ्य का ध्यान रखना हम सभी का नैतिक दायित्व है, और पालेराम चैरिटेबल ट्रस्ट आगे भी इसी भावना के साथ सेवा कार्यों को निरंतर जारी रखेगा। उन्होंने कहा कि आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में बुजुर्गों के साथ समय बिताना और उनकी जरूरतों को समझना बेहद आवश्यक है।