भिवानी। बिजली कर्मचारियों की तीन दिवसीय हड़ताल से लोहारू शहर सहित आसपास के क्षेत्रों में बिजली संकट का असर आमजन के साथ-साथ सरकारी कार्यालयों में भी दिखाई देने लगा। हालात ऐसे बने कि लोगों की सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े लोहारू पुलिस थाने में भी अंधेरा छा गया। बिजली आपूर्ति बाधित होने के कारण पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मोबाइल फोन की रोशनी में जरूरी कामकाज करने को मजबूर नजर आए। वहीं, शहर और आसपास के गांवों में बिजली के साथ-साथ पेयजल आपूर्ति को लेकर भी लोगों की परेशानियां बढ़ने लगी हैं। हड़ताल के पहले दिन ही पैदा हुए इन हालात ने आगामी दिनों में आमजन की मुश्किलें बढ़ने की आशंका पैदा कर दी है। बिजली कर्मचारियों की तीन दिवसीय हड़ताल का असर अब आम लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी पर दिखाई देने लगा है। बिजली आपूर्ति प्रभावित होने से घरों में जरूरी कामकाज करना मुश्किल हो रहा है। बिजली पर निर्भर रहने वाले घरेलू उपकरण बंद पड़े हैं, वहीं पेयजल आपूर्ति प्रभावित होने से लोगों को पानी की व्यवस्था करने के लिए भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। शहर के साथ-साथ आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को चिंता सता रही है कि यदि आगामी दिनों में भी बिजली आपूर्ति सामान्य नहीं हुई तो उनकी परेशानियां और बढ़ सकती हैं। पुलिस थाना भी अंधेरे में, मोबाइल की रोशनी में करना पड़ा काम बिजली संकट का सबसे चिंताजनक पहलू यह रहा कि आमजन की सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने वाला लोहारू पुलिस थाना भी अंधेरे की चपेट में आ गया। थाने में बिजली न होने के कारण पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक कामकाज निपटाने के लिए मोबाइल फोन की रोशनी का सहारा लेना पड़ा। पुलिस थाने जैसे महत्वपूर्ण स्थान पर बिजली आपूर्ति बाधित होने से सरकारी कामकाज में आने वाली दिक्कतों को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।