भिवानी। वोट के अधिकार की रक्षा और चुनाव आयोग की निष्पक्षता की मांग को लेकर आज भिवानी में CPI(M) ने जोरदार प्रदर्शन किया।पार्टी कार्यकर्ताओं ने ठाकुर बीर सिंह पार्क से मोटरसाइकिलों पर जत्था निकालते हुए उपायुक्त कार्यालय तक प्रदर्शन किया और उपायुक्त के माध्यम से राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के नाम ज्ञापन सौंपा। इस मौके पर पार्टी के जिला सचिव कामरेड ओम प्रकाश ने कहा कि भारतीय संविधान के अनुच्छेद 326 के तहत देश के प्रत्येक वैध नागरिक को मताधिकार प्राप्त है, लेकिन पिछले कुछ वर्षों में चुनाव आयोग के गैर-संवैधानिक, गैर-पारदर्शी और पक्षपातपूर्ण फैसलों के चलते आम नागरिकों के इस अधिकार पर लगातार हमला किया जा रहा है। वर्ष 2024 चुनाव के भिवानी से सीपीआईएम उम्मीदवार ओम प्रकाश ने कहा कि 23 सितंबर 2026 को इंडियन एक्सप्रेस में प्रकाशित रिपोर्ट ने चुनावी प्रक्रिया में वोट काटने, जोड़ने, नियमों में मनमाने बदलाव और मतदाता डेटा के केंद्रीकरण से जुड़ी गंभीर अनियमितताओं को उजागर किया है। इन मामलों के लिए मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की भूमिका और जवाबदेही पर गंभीर सवाल खड़े हुए हैं।