अंबाला सिटी। खेल के मैदान पर अंबाला के नन्हे चैंपियंस ने एक बार फिर अपनी प्रतिभा का डंका बजाया है। स्पोर्ट्स कूडो एसोसिएशन ऑफ हरियाणा के तत्वावधान में पुलिस डीएवी पब्लिक स्कूल में आयोजित सातवीं हरियाणा राज्य कूडो प्रतियोगिता में जिले के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ओवरऑल चैंपियनशिप ट्रॉफी पर कब्जा कर लिया है। जिले के खिलाड़ियों ने कुल 36 स्वर्ण पदक अपने नाम किए। इस बड़ी जीत में अकेले एमएमआईएस सद्दोपुर के विद्यार्थियों ने 23 पदक जीतकर विद्यालय और पूरे क्षेत्र का मान बढ़ाया है। प्रतियोगिता के विभिन्न आयु वर्गों में अवनी, मनसीरत, जैसलिन हंस, हरनूर कौर, देवेन कौशिक और जसमन सिंह समेत कई खिलाड़ियों ने स्वर्ण पदक झटके। वहीं परमजोत सिंह और हितेश नरवाल ने रजत तथा गुरशान सिंह ने कांस्य पदक जीता। प्रधानाध्यापिका डॉ. निशा शर्मा व विद्यालय प्रबंधन ने सभी विजेताओं को बधाई दी। अब ये प्रतिभाशाली खिलाड़ी आगामी 12 से 18 नवंबर तक गुजरात के अहमदाबाद स्थित वीर सावरकर स्टेडियम में होने वाली 18वीं अक्षय कुमार अंतरराष्ट्रीय कूडो प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे।