छावनी क्षेत्र में एक सहकारी बैंक के चेयरमैन की महंगी स्पोर्ट्स साइकिल चोरी होने का मामला सामने आया है। चोर इस पूरी वारदात को बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद कर गया, जिसमें उसकी स्पष्ट तस्वीर मिल गई है। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर चोरी की धारा 305 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पोस्टल आरएमएस एम्पलाइज कोऑपरेटिव बैंक के चेयरमैन सचिन खर्ब ने शिकायत में बताया कि उन्होंने अपनी 38 हजार रुपये कीमत की ब्रांडेड फायरफॉक्स साइकिल 6 अक्तूबर को बैंक की बेसमेंट पार्किंग में खड़ी की थी। जब वे 9 अक्तूबर को शाम करीब 6 बजे सैर पर जाने के लिए उसे लेने पहुंचे, तो साइकिल गायब थी। सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर पता चला कि 8 अक्तूबर की सुबह करीब 10:49 बजे 20 से 30 वर्ष के बीच का एक संदिग्ध युवक बेसमेंट से साइकिल चुरा ले गया। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान और तलाश में जुटी है।