दिल्ली सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग ने सरकारी अस्पतालों में कार्यरत डॉक्टरों के लिए डीएनबी (डिप्लोमेट ऑफ नेशनल बोर्ड) पाठ्यक्रमों में दाखिले की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पाठ्यक्रम पूरा होने के बाद विशेषज्ञ डॉक्टर तैयार हो सकेंगे। नीट पीजी 2026 क्वालिफाई कर चुके सेवारत डॉक्टर 25 से 29 नवंबर तक आवेदन कर सकेंगे। इस बार डीएनबी पोस्ट एमबीबीएस के 21 और पोस्ट एमबीबीएस डिप्लोमा की 10 सीटें उपलब्ध कराई गई हैं। इस तरह कुल 31 सीटों पर दाखिला दिया जाएगा। आवेदन करने वाले डॉक्टरों को दिल्ली सरकार के अधीन कम से कम पांच साल की नियमित सेवा पूरी करनी होगी। चयनित डॉक्टरों को पाठ्यक्रम पूरा करने के बाद पांच साल तक दिल्ली सरकार के स्वास्थ्य विभाग में सेवा देनी होगी। इसके लिए उन्हें सर्विस बॉन्ड भी जमा करना होगा। डीएनबी सीट के लिए 25 लाख और डिप्लोमा सीट के लिए 15 लाख रुपये का बॉन्ड निर्धारित किया गया है।