गुरुग्राम सेक्टर-38 स्थित ताऊ देवीलाल खेल परिसर की इमारतों की ढांचागत सुविधाओं की मजबूती जांचने के लिए स्ट्रक्चरल ऑडिट कराया जाएगा। खेल परिसर में खिलाड़ियों और दर्शकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए संबंधित ढांचे की स्थिति का तकनीकी मूल्यांकन किया जाएगा। इसमें आईआईटी समेत अन्य संस्थानों की मदद ली जा सकती है। कभी यहां पर आईसीएल जैसे मैचों का आयोजन हो चुके हैं। जीएमडीए के कार्यकारी अभियंता अमित कुमार ने बताया कि हाल में क्रिकेट पवेलियन का छज्जा गिर गया था। विशेषज्ञों की रिपोर्ट के आधार पर जिन स्थानों पर मरम्मत या मजबूतीकरण की जरूरत होगी, वहां आवश्यक कार्य कराए जाएंगे। बता दें कि रविवार को ताऊ देवीलाल स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स परिसर में बने क्रिकेट ग्राउंड के चौधरी सुरेंद्र सिंह क्रिकेट पवेलियन का छज्जा गिर गया था। गनीमत रही कि हादसे के समय छज्जे के नीचे या आसपास कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया। कॉम्प्लेक्स में क्रिकेट, फुटबाॅल समेत अन्य खेलों की व्यवस्था है।