गेहूं के एमएसपी में 25 रुपये की बढ़ोतरी पर जजपा का विरोध, ज्ञापन के साथ भेजा बैंक ड्राफ्ट प्रधानमंत्री के नाम उपायुक्त को सौंपे दो ज्ञापन, मतदाता सूची से नाम कटने की निष्पक्ष जांच की मांग गुरुग्राम। जननायक जनता पार्टी (जजपा) की जिला इकाई ने बुधवार को लघु सचिवालय पहुंचकर गेहूं के न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) में 25 रुपये प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी को किसानों के साथ मजाक बताते हुए विरोध जताया। जिला अध्यक्ष सुरेंद्र ठाकरान के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री के नाम उपायुक्त को अलग-अलग दो ज्ञापन सौंपा। विरोध स्वरूप ज्ञापन के साथ 25 रुपये का बैंक ड्राफ्ट भी दिया। पार्टी ने गेहूं के एमएसपी में कम से कम 150 रुपये प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी और स्वामीनाथन आयोग की सिफारिशों के अनुसार फसलों की खरीद की कानूनी गारंटी देने की मांग की। जजपा ने दूसरे ज्ञापन में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के दौरान मतदाता सूचियों से नाम कटने के मामलों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की।