भाजपा के संगठन को मजबूत बनाने में वर्षों तक संघर्ष और समर्पण करने वाले वरिष्ठ कार्यकर्ता पार्टी की अमूल्य धरोहर हैं। उनका सम्मान करना हमारी प्राथमिकता है। यह बात मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बुधवार को गुरुग्राम स्थित भाजपा जिला कार्यालय गुरुकमल में वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के सम्मान समारोह में कही। उन्होंने कार्यकर्ताओं के साथ आत्मीय संवाद किया और उनके योगदान को संगठन की मजबूती का आधार बताया। मुख्यमंत्री ने कहा कि वरिष्ठ कार्यकर्ताओं ने विपरीत परिस्थितियों में भी पार्टी की विचारधारा को आगे बढ़ाने का काम किया है। उनके संघर्ष और निष्ठा की बदौलत ही भाजपा आज मजबूत संगठन के रूप में खड़ी है। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ कार्यकर्ता उनके लिए केवल पार्टी के सदस्य नहीं, बल्कि परिवार का हिस्सा हैं। वे उनसे कभी भी मिल सकते हैं। चंडीगढ़ स्थित मुख्यमंत्री आवास संत कबीर कुटीर के दरवाजे उनके लिए हमेशा खुले हैं।