मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के सिंगापुर दौरे के तीसरे दिन मंगलवार को सिंगापुर बिजनेस फोरम के तहत एक दर्जन से अधिक कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ राउंड टेबल कॉन्फ्रेंस हुई। इसमें मुख्यमंत्री ने हरियाणा में विभिन्न क्षेत्रों में निवेश की संभावनाओं पर चर्चा की और सिंगापुर की कंपनियों को प्रदेश में निवेश के लिए आमंत्रित किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा में सिंगापुर की कंपनियों के सहयोग से सेमीकंडक्टर, ग्रीन एनर्जी, वेयरहाउसिंग और आधारभूत इंफ्रास्ट्रक्चर जैसे क्षेत्रों में निवेश बढ़ाने का लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि गुरुग्राम के अलावा पंचकूला, करनाल, हिसार, सोनीपत और रोहतक जैसे शहरों को ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर (जीसीसी) और टेक्नोलॉजी आधारित कारोबार के अगले ग्रोथ सेंटर के रूप में विकसित करना सरकार का उद्देश्य है। मुख्यमंत्री ने कहा कि भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए हरियाणा सरकार डाटा सेंटर पॉलिसी-2026 लेकर आई है। मैन्युफैक्चरिंग और लॉजिस्टिक्स के क्षेत्र में हरियाणा के पास विशेष बढ़त है। प्रदेश की बेहतर कनेक्टिविटी, मजबूत औद्योगिक आधार और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र से निकटता निवेशकों के लिए महत्वपूर्ण अवसर उपलब्ध कराती है।