न्यू गुरुग्राम के सेक्टर 77 से 80 तक अब मास्टर सीवर लाइन बिछाई जाएगी। गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) 7.90 किलोमीटर लंबी सीवर लाइन बिछाने पर 19.30 करोड़ रुपये खर्च करेगा। सोमवार को चंडीगढ़ में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में हुई हाई पावर्ड वर्क्स परचेज कमेटी (एचपीडब्ल्यूपीसी) की बैठक में परियोजना के अवार्ड को मंजूरी दी गई। सीवर लाइन का निर्माण डीएनआईटी दर से 9.21 प्रतिशत कम पर कराया जाएगा। परियोजना के तहत 600 से 1200 एमएम व्यास की सीवर लाइन बिछाई जाएगी। इसके साथ मैनहोल और सीवर नेटवर्क को सुचारु रूप से संचालित करने के लिए आवश्यक अन्य कार्य भी किए जाएंगे। काम पूरा करने के लिए दो वर्ष की अवधि निर्धारित की गई है। ठेकेदार की तीन वर्ष की डिफेक्ट लायबिलिटी अवधि भी रहेगी। न्यू गुरुग्राम के सेक्टर 77 से 80 तेजी से विकसित हो रहे हैं। इन क्षेत्रों में बड़ी संख्या में आवासीय और व्यावसायिक परियोजनाएं विकसित हो रही हैं।