गुरुग्राम में सर्दियों में बढ़ने वाले वायु प्रदूषण को देखते हुए बंधवाड़ी कूड़ा निस्तारण स्थल और शहर के प्रमुख कूड़ा घरों पर अब वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) की नजर रहेगी। इन स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों का आयोग को एक्सेस देने की तैयारी की जा रही है। इसके लिए गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) की ओर से जरूरी तकनीकी इंतजाम किए जा रहे हैं। जीएमडीए ने बंधवाड़ी में 29 और 14 सेकेंडरी वेस्ट कलेक्शन प्वाइंट पर 16 सीसीटीवी कैमरे लगाए हैं। रात के समय निगरानी और ट्रैकिंग व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए 26 स्मार्ट फ्लडलाइट भी लगाई गई हैं। कुल 45 सीसीटीवी कैमरे जीएमडीए के इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (आईसीसीसी) से जुड़े हैं। सेकेंडरी वेस्ट कलेक्शन प्वाइंट में बेरीवाला बाग, शीतला माता मंदिर, अतुल कटारिया चौक, लेजर वैली, ताऊ देवी लाल स्टेडियम, रोशनपुरा सब्जी मंडी, खांडसा खत्ता, कार्टरपुरी, चौमा, पिलर नंबर-48, चक्करपुर, कन्हई, झाड़सा बांध और कोर्ट पार्किंग के सामने के स्थान शामिल हैं।