वसुंधरा सेक्टर-10 और सेक्टर-3 स्थित श्री दिगंबर जैन मंदिरों में भगवान महावीर स्वामी का 2553वां निर्वाणोत्सव श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ मनाया गया। इस अवसर पर मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना, अभिषेक और शांतिधारा सहित धार्मिक अनुष्ठान हुए। श्रद्धालुओं ने मंत्रोच्चार के साथ भगवान के चरणों में निर्वाण लाडू और श्रीफल अर्पित कर विश्व शांति, अहिंसा और मानव कल्याण की कामना की। भगवान महावीर की विशाल प्रतिमा पर अमित जैन और मयंक जैन ने शांतिधारा की। इस दौरान श्रद्धालुओं ने उनके सिद्धांत अहिंसा परमो धर्मः और जियो और जीने दो को जीवन में अपनाने का संकल्प लिया। मंदिर समिति के लेखा परीक्षक एवं मीडिया प्रभारी दीपक जैन ने बताया कि भगवान महावीर का निर्वाण बिहार के पावापुरी (नालंदा) में हुआ था। यह पर्व जैन धर्म का अत्यंत पवित्र दिवस है। इस अवसर पर मंदिर समिति और कार्यकारिणी के सदस्य मौजूद रहे।