फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

स्लीपर बस में छिपाकर ले जा रहे थे 245 किलो गांजा: एमबीए डिग्रीधारी बस मालिक समेत दो तस्कर को पुलिस ने दबोचा

Mon, 05 Oct 2026 06:48 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो अमर उजाला नेटवर्क, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक स्लीपर बस से 245 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब 1 करोड़ 22 लाख 50 हजार रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने गांजा परिवहन में इस्तेमाल 44 सीटर स्लीपर बस, जिसकी कीमत करीब 50 लाख रुपये है, समेत तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। मामले में बस मालिक सह चालक समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार खिलारी के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अविनाश कुमार मिश्रा के मार्गदर्शन में पेण्ड्रा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ओडिशा के मलकानगिरी से यात्री बस के जरिए बड़ी मात्रा में गांजा छत्तीसगढ़ लाया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कोटमी इलाके में घेराबंदी कर स्लीपर बस को रोका।

पुलिस ने बस की तलाशी ली तो उसमें 49 पैकेटों में करीब 245 किलो गांजा बरामद हुआ। तलाशी के दौरान बस में चालक और उसका एक सहयोगी ही मौजूद थे। पुलिस ने मौके से बस मालिक एवं चालक दिलीप कुमार हिंडिया, निवासी नायपुरा, माथिली, जिला मलकानगिरी, ओडिशा और उसके सहयोगी भीमसेन केवट, उम्र 30 वर्ष, निवासी धनौरा मौहरपारा, थाना मरवाही को गिरफ्तार कर लिया।

मलकानगिरी से कोरबा-जीपीएम तक सप्लाई की थी तैयारी
पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी दिलीप कुमार ने गांजा मलकानगिरी से लेकर कोरबा और गौरेला-पेंड्रा-मरवाही क्षेत्र में सप्लाई के लिए लाने की बात बताई है। पुलिस के अनुसार, गांजा तस्करी का रूट मलकानगिरी, बोरई, धमतरी, रायपुर, बिलासपुर, पाली, कटघोरा, पसान होते हुए पेण्ड्रा तक बताया गया है।

पूछताछ में यह भी सामने आया कि आरोपी भीमसेन केवट कटघोरा से बस में सवार हुआ था। वह चालक को आगे का रास्ता बताने के साथ उसके साथ यात्रा कर रहा था।

बस मालिक खुद था चालक, एमबीए की डिग्री भी मिली
पुलिस के मुताबिक, इस तस्करी की खास बात यह है कि गांजा परिवहन के लिए इस्तेमाल की गई बस कोई नियमित डेली सर्विस वाली बस नहीं थी। बस का मालिक खुद ही उसका चालक था। पुलिस के अनुसार आरोपी दिलीप कुमार के पास एमबीए की डिग्री भी है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 245 किलो गांजे के अलावा करीब 50 लाख रुपये कीमत की स्लीपर बस और तीन मोबाइल फोन जब्त किए हैं। मामले में थाना पेण्ड्रा में अपराध क्रमांक 345/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(b)(II) और 29 में अपराध दर्ज किया गया है।

सप्लायर और रिसीवर की तलाश जारी
पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुट गई है। गांजा कहां से लाया गया था और इसे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था, इसकी भी जांच की जा रही है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ के आधार पर सप्लायर और संभावित रिसीवर तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।

पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार खिलारी ने प्रेस वार्ता में बताया कि मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए स्लीपर बस से 245 किलो गांजा बरामद किया गया है। मामले में बस चालक और उसके सहयोगी को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने बताया कि प्रकरण की आगे की जांच जारी है।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें