फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सीजी: परीक्षा के दौरान अचानक गिरा स्कूल की छत का प्लास्टर, 3 छात्राएं घायल; एक के सिर में लगे टांके

Tue, 29 Sep 2026 06:02 PM IST
दुर्ग-भिलाई ब्यूरो अमर उजाला नेटवर्क, दुर्ग-भिलाई

दुर्ग जिले के गनियारी हाईस्कूल में मंगलवार को तिमाही परीक्षा के दौरान उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब अचानक कक्षा की छत का प्लास्टर छात्राओं के ऊपर गिर गया। हादसे में तीन छात्राएं घायल हो गईं। दो छात्राओं को मामूली चोट आई, जबकि एक छात्रा के सिर में गंभीर चोट लगी। उसे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र से जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां चिकित्सकों ने उसके सिर में टांके लगाए।

जानकारी के अनुसार, घटना उस समय हुई जब कक्षा 9वीं की छात्राएं स्कूल में बैठकर तिमाही परीक्षा दे रही थीं। इसी दौरान अचानक छत का प्लास्टर टूटकर नीचे गिर गया। प्लास्टर की चपेट में आने से तीन छात्राएं घायल हो गईं।

एक छात्रा के सिर में गंभीर चोट
हादसे के बाद स्कूल में मौजूद शिक्षकों ने तत्काल घायल छात्राओं को रसमड़ा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। यहां जांच के बाद दो छात्राओं को सामान्य चोट होने की जानकारी मिली, जबकि द्रोपदी ठाकुर के सिर में गंभीर चोट थी।द्रोपदी को आगे के उपचार के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया। चिकित्सकों ने उसके सिर में टांके लगाए हैं। फिलहाल उसकी हालत सामान्य बताई जा रही है।

हादसे के बाद स्कूल और अस्पताल पहुंचा शिक्षा विभाग
घटना की सूचना मिलते ही शिक्षा विभाग के अधिकारी स्कूल और अस्पताल पहुंचे। समग्र शिक्षा के अधिकारी विनोद सिन्हा ने बताया कि परीक्षा के दौरान कक्षा की छत का प्लास्टर गिरने से तीन छात्राएं घायल हुई हैं। दो को सामान्य चोट आई है, जबकि एक छात्रा के सिर में चोट लगी है और उसका जिला अस्पताल में इलाज कराया गया। उन्होंने बताया कि शिक्षा विभाग की ओर से पहले ही जर्जर स्कूल भवनों में बच्चों को नहीं बैठाने के निर्देश दिए गए हैं। इस घटना की जांच कराई जाएगी और यदि किसी स्तर पर लापरवाही सामने आती है तो संबंधित जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

जर्जर भवनों को लेकर उठे सवाल
घटना के बाद स्कूल भवन की स्थिति और बच्चों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। परीक्षा के दौरान कक्षा में छत का प्लास्टर गिरने से बड़ा हादसा टल गया। अब विभागीय जांच के बाद यह स्पष्ट होगा कि भवन की स्थिति की पहले से जानकारी थी या नहीं और छात्रों की सुरक्षा के लिए क्या कदम उठाए गए थे।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें