World Updates: चीन दौरे पर जाएंगे पाकिस्तान के पूर्व पीएम नवाज शरीफ; इस्लामाबाद में ईरानी राष्ट्रपति का स्वागत
पाकिस्तान के पूर्व पीएम नवाज शरीफ पांच दिन की चीन यात्रा पर जाएंगे। उधर इस्लामाबाद में ईरान के राष्ट्रपति इब्राहिम रायसी को जोरदार स्वागत किया गया है। पढ़ें दुनिया की बड़ी खबरें
विस्तार
पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ सोमवार को चीन की पांच दिवसीय यात्रा पर रवाना होंगे। एक रिपोर्ट के अनुसार नवाज शरीफ चीन में अपनी मेडिकल जांच करवाएंगे। ब्रिटेन में चार साल के आत्म-निर्वासन के बाद नवाज शरीफ पिछले साल अक्टूबर में पाकिस्तान लौटे थे। इसके बाद यह उनकी पहली अंतरराष्ट्रीय यात्रा होगी। पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज (पीएमएल-एन) के सुप्रीमो मुशर्रफ के साथ इस यात्रा के दौरान विदेश मंत्री इशाक डार भी होंगे।
पार्टी सूत्रों का कहना है कि यात्रा के दौरान पूर्व पीएम अपनी मेडिकल जांच करवाएंगे और पंजाब प्रांत के विकास कार्यों से संबंधित बैठकें भी करेंगे। यह भी बताया गया है कि वे चीन में स्थित अलग अलग कंपनियों के मालिकों से भी मुलाकात करेंगे। बता दें कि 2019 में नवाज को एक उच्च न्यायालय द्वारा इस आधार पर विदेश जाने की अनुमति दी गई थी। कोर्ट ने कहा था कि नवाज की मेडिकल रिपोर्ट से पता चला कि उन्हें तत्काल उपचार की आवश्यकता है।
ईरान के राष्ट्रपति इब्राहिम रायसी अपने तीन दिवसीय यात्रा के लिए पाकिस्तान पहुंच चुके हैं। पाकिस्तान में आठ फरवरी को हुए चुनाव के बाद यहां किसी भी राष्ट्र प्रमुख की यह पहली यात्रा है। इस दौरे के दौरान ईरानी राष्ट्रपति पाकिस्तान के शीर्ष नेताओं से मुलाकात करेंगे। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय ने बताया कि ईरानी राष्ट्रपति का इस्लामाबाद हवाईअड्डे पर गर्मजोशी से स्वागत किया गया। आवास मंत्री मियां रियाज हुसैन पीरजादा और ईरान में पाकिस्तान के राजदूत मुदस्सर टीपू ने उनका स्वागत किया।
मंत्रालय ने आगे बताया कि ईरानी राष्ट्रपति अपनी पत्नी और एक उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल के साथ पाकिस्तान आए हैं। इस प्रतिनिधिमंडल में विदेश मंत्री, कैबिनेट के अन्य सदस्य और शीर्ष अधिकारी शामिल हैं। राष्ट्रपति रायसी यहां पाकिस्तान के राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी, प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ, सीनेट चेयरमैन यूसुफ रजा गिलानी और नेशनल असेंबली के स्पीकर अयाज सादिक से मुलाकात करेंगे। विदेश मंत्रालय ने बताया कि राष्ट्रपति रायसी प्रांतीय नेताओं से मिलने के लिए कराची और लाहौर का भी दौरा करेंगे।
पाकिस्तान की अदालत में थट्टा जल आपूर्ति भ्रष्टाचार मामले को लेकर सुनवाई
पाकिस्तान की भ्रष्टाचार निरोधक निगरानी संस्था ने एक अदालत को बताया कि राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी को किसी भी मामले में अभियोजन पक्ष के खिलाफ कानून के तहत छूट प्राप्त है। बता दें कि अदालत में थट्टा जल आपूर्ति भ्रष्टाचार मामले को लेकर सुनवाई चल रही थी। इस दौरान राष्ट्रीय जवाबदेही ब्यूरो (एनएबी) ने ने यह रिपोर्ट अदालत को सौंपी। इसमें बताया गया है कि राष्ट्रपति को संविधान के अनुच्छेद 248 के तहत यह छूट प्राप्त है।
जरदारी के वकील अरशद तबरीज ने अदालत को बताया कि इस छूट के संबंध में एक याचिका पहले ही दायर की गई थी और अब इस पर एनएबी को जवाब देना था। वकील ने कहा कि उनके मुवक्किल को राष्ट्रपति से छूट प्राप्त है, इसलिए उनके खिलाफ कार्यवाही नहीं की जा सकती। इसके बाद कोर्ट ने मामले पर सुनवाई 21 मई तक के लिए स्थगित कर दी।