World Updates: पाकिस्तान में आया भूकंप, इस्लामाबाद समेत कई हिस्सों में 4.7 तीव्रता के लगे झटके
पाकिस्तान में अक्सर भूकंप आते रहते हैं क्योंकि यह देश भारतीय और यूरेशियन टेक्टोनिक प्लेटों की सीमा पर स्थित है। इसके चलते दक्षिण एशिया का बड़ा हिस्सा भूकंपीय रूप से सक्रिय है। इस महीने की शुरुआत में भी पाकिस्तान के कराची के कुछ हिस्सों में 3.2 तीव्रता का भूकंप आया था।
विस्तार
अमेरिकी उप विदेश मंत्री कर्ट एम कैम्पबेल ने मंगलवार को नई दिल्ली में भारतीय विदेश सचिव विनय क्वात्रा और उप राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार विक्रम मिस्री से मुलाकात की। इस दौरान अमेरिका-भारत साझेदारी को मजबूत करने के लिए दोनों पक्षों ने अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
कैम्पबेल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और एनडीए सरकार को राष्ट्रीय चुनावों में उनकी जीत के लिए और भारत के लोगों को इतिहास के सबसे बड़े लोकतांत्रिक चुनावों में अपनी आवाज उठाने के लिए बधाई दी। विदेश विभाग की ओर से जारी एक बयान में कहा गया कि दोनों पक्षों ने क्वाड साझेदारी के माध्यम से व्यापक हिंद-प्रशांत क्षेत्र में क्षेत्रीय और बहुपक्षीय समन्वय को मजबूत करने के तरीकों पर चर्चा की। उप सचिव और विदेश सचिव दोनों ने एक सुरक्षित और समृद्ध हिंद-प्रशांत क्षेत्र सुनिश्चित करने में सहयोग जारी रखने की अपनी मंशा व्यक्त की है।
रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन 24 साल बाद उत्तर कोरिया की यात्रा पर पहुंचे। रूसी समाचार एजेंसी के मुताबिक दोनों देश वाशिंगटन के साथ बढ़ते टकराव के मद्देनजर अमेरिका के नेतृत्व वाले प्रतिबंधों को दूर करने के लिए मिलकर काम करना चाहते हैं।
समाचार एजेंसी आरआईए-नोवोस्ती और इंटरफैक्स के अनुसार पुतिन का प्योंगयांग के हवाई अड्डे पर उत्तर कोरियाई नेता किम-जोंग-उन ने स्वागत किया। पुतिन, 24 वर्षों में उत्तर कोरिया की अपनी पहली यात्रा पर हैं। उत्तर कोरिया ने यूक्रेन में उनकी सैन्य कार्रवाइयों के लिए देश के दृढ़ समर्थन की सराहना करते हैं।
विशेषज्ञों के अनुसार पुतिन की यह यात्रा हथियार समझौते के बारे में बढ़ती चिंताओं के बीच हुई है। उत्तर कोरिया की राजधानी प्योंगयांग में सड़कों को पुतिन और रूसी झंडों के चित्रों से सजाया गया था। एक इमारत पर एक बैनर में कहा गया था... 'हम रूसी संघ के राष्ट्रपति का गर्मजोशी से स्वागत करते हैं।' पुतिन ने कहा कि रूस और उत्तर कोरिया व्यापार और भुगतान प्रणाली विकसित करेंगे जो पश्चिम द्वारा नियंत्रित नहीं होगा। इससे दोनों देशों को हर आयाम में लाभ होगा।
ट्रंप के खिलाफ गुप्त धन मामला : अपील पर सुनवाई नहीं करेगी शीर्ष अदालत
पोर्न स्टार स्टॉर्मी डेनियल्स को गुप्त धन देने के मामले में दोषसिद्धि के फैसले के खिलाफ पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की अपील पर सुनवाई करने से न्यूयॉर्क हाईकोर्ट ने मंगलवार को इन्कार कर दिया। ट्रंप ने अपने खिलाफ जारी गैग ऑर्डर के खिलाफ अदालत का दरवाजा खटखटाया था। पिछले महीने उनकी दोषसिद्धि के बाद ट्रंप पर गैग ऑर्डर के तहत कई तरह के प्रतिबंध लागू हो चुके हैं। इसके बाद उन पर गवाहों, जूरी सदस्यों और मामले में शामिल अन्य लोगों पर टिप्पणी करने पर प्रतिबंध है। ट्रंप पर ये आदेश ट्रायल जज जुआन एम. मर्चन ने लागू किए हैं। अपीलीय न्यायालय ने पाया कि आदेश में ऐसा कोई भी सांविधानिक मुद्दा नहीं है, जिस पर तत्काल हस्तक्षेप की आवश्यकता हो। ट्रंप के चुनावी अभियान की प्रवक्ता स्टीवन चेउंग ने मंगलवार को कहा कि पूर्व राष्ट्रपति की कानूनी टीम जस्टिस मर्चन की ओर से लगाए गए गैग ऑर्डर असांविधानिक हैं, उनके खिलाफ लड़ना जारी रहेगी। पूर्व राष्ट्रपति के आपराधिक मुकदमे के दौरान ट्रंप के वकीलों ने 15 मई को राज्य के हाईकोर्ट में अपील का नोटिस दायर किया।
गूगल का एआई सहायक जेमिनी अब भारत में एंड्रॉयड स्मार्टफोन उपयोगकर्ताओं के लिए एप के रूप में उपलब्ध है। यह अंग्रेजी, हिंदी और आठ अन्य भारतीय भाषाओं में काम करता है। जेमिनी गूगल एआई की ओर से विकसित जनरेटिव कृत्रिम मेधा वाला चैटबॉट है। इसे पहले बार्ड के नाम से जाना जाता था। जेमिनी एक्सपीरियंस के इंजीनियरिंग उपाध्यक्ष अमर सुब्रमण्यम के ब्लॉग के अनुसार, आईफोन यूजरों के लिए जेमिनी तक पहुंच अगले कुछ हफ्तों में गूगल एप के जरिये शुरू की जाएगी।
पेरिस डिफेंस शो में दिखी भारत के स्वदेशी हथियारों की ताकत
फ्रांस में यूरोप के सबसे बड़े रक्षा शो 'यूरोसैटरी 2024' में भारत के स्वदेश निर्मित पिनाका मल्टी-बैरल रॉकेट लॉन्चर सिस्टम और एलसीए तेजस लड़ाकू विमानों का प्रदर्शन किया गया। शो में सार्वजनिक और निजी दोनों क्षेत्रों की भारतीय रक्षा कंपनियां भाग ले रही हैं। भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लि. के अधिकारियों ने कहा कि शो में डीआरडीओ ने 11 प्रमुख रक्षा प्रौद्योगिकयों और उत्पादों का प्रदर्शन किया। इनमें वायुसेना का चेतावनी एवं नियंत्रण सिस्टम, एलसीए तेजस, मुख्य युद्धक टैंक अर्जुन, पहिएदार बख्तरबंद वाहन विजुअल रेंज मिसाइलें, वायु रक्षा प्रणाली 'आकाश' व टारपीडो शामिल हैं।
केन्या में 200 से अधिक प्रदर्शनकारी गिरफ्तार
केन्या की राजधानी नैरोबी में मंगलवार को 200 से अधिक प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार किया गया। ये लोग संसदीय बहस के लिए निर्धारित वित्त विधेयक में प्रस्तावित कर वृद्धि के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे थे। राजस्व बढ़ाने वाले कानून पर हंगामा राष्ट्रपति विलियम रुटो की सरकार के खिलाफ सबसे तीव्र प्रतिक्रियाओं में से एक है।
काली टी-शर्ट पहने और वुवुजेला बजाते हुए प्रदर्शनकारियों ने संसद की ओर मार्च किया, जिससे टिकटॉक पर हैशटैग और वीडियो के माध्यम से ऑनलाइन गुस्सा फूट गया। सांसदों को भी बिल को अस्वीकार करने के लिए दबाव डालने वाले फोन कॉल और टेक्स्ट संदेशों की बाढ़ आ गई। विरोध प्रदर्शन के बीच, सरकार ने घोषणा की कि वह ब्रेड पर लगाए गए कुछ नए करों को रद्द करेगी। वहीं, विपक्षी सांसदों ने इस कदम की आलोचना की और इसे केवल पीआर अभ्यास बताया।
पाकिस्तान में आया भूकंप
पाकिस्तान में अक्सर भूकंप आते रहते हैं क्योंकि यह देश भारतीय और यूरेशियन टेक्टोनिक प्लेटों की सीमा पर स्थित है। इसके चलते दक्षिण एशिया का बड़ा हिस्सा भूकंपीय रूप से सक्रिय है। इस महीने की शुरुआत में भी पाकिस्तान के कराची के कुछ हिस्सों में 3.2 तीव्रता का भूकंप आया था। इससे पहले 2 मई और 13 मार्च को भी पाकिस्तान में भूकंप के झटके महसूस किए गए थे। साल 2005 में पाकिस्तान ने विनाशकारी भूकंप झेला था, जब 7.4 तीव्रता के भूकंप ने 74 हजार से अधिक लोगों की जान ले ली थी।
पुतिन ने किम को दिया लग्जरी कार का तोहफा
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने उत्तर कोरिया के सर्वोच्च नेता किम जोंग उन को दूसरी रूसी लग्जरी लिमोजिन कार तोहफे में दी। रूस की स्थानीय मीडिया के अनुसार ऑरस लिमोजिन रुस का पहला लग्जरी कार ब्रांड है। देश के बड़े अधिकारियों के काफिले में इस कार का इस्तेमाल किया जाता है। राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने पहली बार 2018 में कार की सवारी की थी। रूस द्वारा किम जोंग को तोहफे में दी गई कार को दोनों देशों के बीच गहरी होती दोस्ती के रूप में देखा जा रहा है। किम जोंग की बहन ने बताया कि शुक्रवार को उनके भाई ने पहली बार इस लग्जरी कार में सफर का आनंद लिया। उन्होंने कहा कि ‘यह बात साबित करती है कि उत्तर कोरिया और रूस के बीच दोस्ती गहरी होती जा रही है।’
पाकिस्तानी नागरिक को 18 साल की कैद
दक्षिण अफ्रीका में फर्जी पासपोर्ट सिंडिकेट चलाने के आरोप में एक पाकिस्तानी नागरिक को 18 साल की कैद सुनाई गई है।
ब्रिटेन के पूर्व प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन ने अपना 60वां जन्मदिन मनाया
ब्रिटेन के पूर्व प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन ने बुधवार को अपना 60वां जन्मदिन मनाया। इस मौके पर उनकी पत्नी ने उन्हें तीन आदमकद लकड़ी के हाथी उपहार में दिए। ये उपहार एक भारतीय चैरिटी के सहयोग से प्राप्त किए गए। एक इंस्टाग्राम पोस्ट में, कैरी जॉनसन ने लकड़ी के हाथियों को उतारे जाने और फिर ऑक्सफोर्डशायर स्थित घर के मैदान में उन्हें रखने की तस्वीरें शेयर की हैं। इन उपहारों की देखभाल उनके छोटे बेटे विल्फ्रेड ने की।
ताइवान भारतीयों के लिए वीजा ऑन अराइवल पर कर रहा विचार
भारतीय यात्रियों के लिए ताइवान 'वीजा ऑन अराइवल' (वीओए) के कार्यान्वयन पर विचार कर रहा है। पत्रकारों से बात करते हुए ताइवान के उप विदेश मंत्री टीएन चुंग-क्वांग ने कहा, हम भारतीय नागरिकों के लिए वीजा प्रक्रियाओं को आसान बनाने के मकसद से काम कर रहे हैं। हालांकि, कोई भी निर्णय लेने से पहले ताइवान के आव्रजन विभाग के साथ इस पर चर्चा की जाएगी। उन्होंने कहा, इस तरह की नीति दोनों पक्षों में विमर्श के बाद ही लागू किया जा सकता है। उन्होंने कहा, भारतीय नागरिक अब खूब यात्रा करते हैं। भारत से ताइवान में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए हम आगमन पर वीजा देने का प्रस्ताव पर बहुत गंभीरता से विचार कर रहे हैं। उम्मीद है जल्द ही इस बारे में फैसला लिया जाएगा।
वर्जीनिया प्राइमरी चुनाव में सुहास सुब्रमण्यम की जीत
भारतीय-अमेरिकी सुहास सुब्रमण्यम (37) ने वर्जीनिया में कांग्रेस की सीट के लिए डेमोक्रेटिक प्राइमरी में जीत हासिल की है। उन्होंने एक अन्य साथी भारतीय-अमेरिकी क्रिस्टल कौल सहित 11 अन्य उम्मीदवारों को हराया है। सुहास, दक्षिण एशियाई मूल के पहले भारतवंशी और पहले हिंदू नेता हैं, जो 2019 में वर्जीनिया महासभा और 2023 में वर्जीनिया राज्य सीनेट के लिए चुने गए।
श्रीलंका को सफल होने के लिए भारत का साथ जरूरी : विक्रमसिंघे
राष्ट्रपति रानिल विक्रमसिंघे ने कहा है कि श्रीलंका को अपने विशाल औद्योगिक विकास का लाभ उठाने के लिए पड़ोसी भारत से जुड़ने की जरूरत है। भारत बड़े पैमाने पर औद्योगिक विकास के दौर से गुजर रहा है। विक्रमसिंघे ने यहां इंडस्ट्री 2024 कार्यक्रम में अपने संबोधन में कहा कि तमिलनाडु, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश इसका अनुभव कर रहे हैं, हमें भी इसमें शामिल होना चाहिए।
कुवैत अग्निकांड ः तीन भारतीय नागरिकों समेत आठ हिरासत में
कुवैत में भीषण अग्निकांड में 46 भारतीयों सहित 50 लोगों की मौत के मामले में भारत के तीन, मिस्र के चार और कुवैत के एक नागरिक को हिरासत में लिया गया है। दैनिक अरब टाइम्स ने उनके नाम की पहचान किए बिना बताया, इन पर हत्या और लापरवाही का आरोप लगाया गया है। वहीं, कुवैत सरकार 46 भारतीय मृतकों के परिजनों समेत सभी पीड़ित परिवारों को 15,000 डॉलर (12.5 लाख रुपये) का मुआवजा देगी।
अमेरिका की ताइवान को 36 करोड़ डॉलर के हथियार बेचने को मंजूरी
अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन के प्रशासन ने ताइवान को 36 करोड़ डॉलर के नए हथियार बेचने को मंजूरी दे दी है। साथ ही वह ताइवान को सैकड़ों सशस्त्र ड्रोन, मिसाइल उपकरण और संबंधित साजो सामान भेजेगा। अमेरिका के विदेश मंत्रालय की ओर से जारी बयान में यह जानकारी देने के बाद चीन ने इस पर कड़ी प्रतिक्रिया जताई है।
पाकिस्तानी तालिबान का वरिष्ठ कमांडर अफगानिस्तान में मरा
तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (टीटीपी) के वरिष्ठ कमांडर अब्दुल मनान उर्फ हकीमुल्ला की अफगानिस्तान के कुनार प्रांत में अज्ञात लोगों ने हत्या कर दी है। यह प्रतिबंधित संगठन के लिए एक झटका है, जिसने ईद-उल-अजा पक्व के दौरान देश में तीन दिनी युद्धविराम की घोषणा की है। हकीमुल्ला ने बाजौर में आतंकी गतिविधियों में खास भूमिका निभाई और हत्याओं धमाकों व हिंसा की कई वारदातें कीं।