Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   World ›   Possible Attack on Saudi Oil Tanker in Strait of Hormuz: All Three Indian Sailors Safe; What Did India Say?

होर्मुज में सऊदी तेल टैंकर पर हमले की आशंका: जहाज पर सवार तीनों भारतीय नाविक सुरक्षित, भारत ने क्या कहा?

Wed, 11 Nov 2026 07:23 PM IST
हिमांशु सिंह चंदेल वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला, तेहरान
वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला, तेहरान Published by: हिमांशु सिंह चंदेल Updated Wed, 11 Nov 2026 07:23 PM IST
सार

होर्मुज जलडमरूमध्य में सऊदी अरब के झंडे वाले तेल टैंकर एनसीसी फजर पर संभावित हमले के बाद तीनों भारतीय नाविक सुरक्षित हैं। इससे एक दिन पहले लाइबेरिया के टैंकर पर प्रक्षेप्य गिरने से एक भारतीय समेत चार लोग घायल हुए थे। आखिर लगातार दो दिनों में जहाजों को निशाना बनाए जाने से भारत की चिंता क्यों बढ़ी है? होर्मुज भारत के लिए इतना महत्वपूर्ण क्यों है? आइए, विस्तार से पूरे मामले को समझते हैं...

विज्ञापन
Possible Attack on Saudi Oil Tanker in Strait of Hormuz: All Three Indian Sailors Safe; What Did India Say?
होर्मुज में फिर तेल टैंकर पर हमले की आशंका - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स

विस्तार

पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजर रहे एक और तेल टैंकर को संभावित हमले का सामना करना पड़ा है। इस जहाज पर तीन भारतीय नाविक सवार थे। राहत की बात यह है कि तीनों भारतीयों समेत जहाज का पूरा चालक दल सुरक्षित है। केंद्रीय बंदरगाह, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने बुधवार को इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि भारतीय अधिकारियों की नजर पूरे घटनाक्रम पर बनी हुई है और जहाज का संचालन करने वाली कंपनी से लगातार संपर्क किया जा रहा है।

विज्ञापन


मंत्रीर्बानंद सोनोवाल के मुताबिक, सऊदी अरब के झंडे वाला तेल टैंकर एनसीसी फजर 11 नवंबर को होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजर रहा था। इसी दौरान जहाज के साथ संभावित हमले की घटना हुई। इस टैंकर पर तीन भारतीय नाविक मौजूद थे। सोनोवाल ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर बताया कि तीनों भारतीय नागरिक और जहाज के बाकी सभी सदस्य सुरक्षित हैं। हालांकि, उन्होंने घटना को संभावित हमला बताया है। इसका मतलब है कि फिलहाल हमले की आशंका जताई गई है। सरकार स्थिति पर लगातार नजर रख रही है और नाविकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जहाज प्रबंधन कंपनी के संपर्क में है।
विज्ञापन


सऊदी टैंकर पर संभावित हमले के बाद भारतीय नाविकों की स्थिति क्या है?
सर्बानंद सोनोवाल ने स्पष्ट किया कि एनसीसी फजर पर सवार तीनों भारतीय नाविक सुरक्षित हैं। जहाज के बाकी चालक दल के सदस्यों को भी कोई नुकसान नहीं पहुंचा है। मंत्री ने कहा कि अधिकारी पूरे मामले की लगातार निगरानी कर रहे हैं। जहाज प्रबंधन कंपनी से नियमित संपर्क बनाए रखा गया है, ताकि नाविकों की सुरक्षा और उनकी भलाई सुनिश्चित की जा सके। इस घटना ने एक बार फिर होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने वाले व्यापारिक जहाजों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।
विज्ञापन
विज्ञापन


एक दिन पहले किस तेल टैंकर पर हुआ था हमला?
इससे एक दिन पहले, 10 नवंबर को लाइबेरिया के झंडे वाले तेल टैंकर एमटी फुजैराह एनर्जी पर भी हमला हुआ था। जहाज फारस की खाड़ी से अल रुवैस से दुबई की ओर जा रहा था। इसी दौरान उस पर एक प्रक्षेप्य आकर गिरा। जहाज पर छह भारतीय नाविक समेत कुल 24 सदस्य सवार थे। इस घटना में चार चालक दल के सदस्य घायल हुए थे, जिनमें एक भारतीय नागरिक भी शामिल था। भारतीय नाविक को मामूली चोटें आई थीं और उसे सुरक्षित रूप से जहाज से किनारे लाकर आगे की चिकित्सकीय जांच के लिए भेजा गया था।

पहले हमले में कितने भारतीय नाविक सुरक्षित बचे थे?
एमटी फुजैराह एनर्जी पर सवार बाकी 18 सदस्य सुरक्षित थे। इनमें पांच अन्य भारतीय नाविक भी शामिल थे। इस तरह जहाज पर मौजूद छह भारतीयों में से एक घायल हुआ, जबकि पांच सुरक्षित रहे। मंत्री ने बताया था कि सभी सुरक्षित सदस्यों की स्थिति का पता लगा लिया गया है। अधिकारियों ने जहाज प्रबंधन कंपनी के साथ संपर्क बनाए रखा, ताकि घायलों को चिकित्सा सहायता और बाकी नाविकों को जरूरी सुरक्षा मिल सके। लगातार दो दिनों में दो तेल टैंकरों से जुड़ी घटनाओं ने समुद्री रास्तों पर भारतीय नाविकों की सुरक्षा का मुद्दा अहम बना दिया है।

दो दिन के घटनाक्रम को समझें

  • 11 नवंबर: सऊदी अरब के झंडे वाला एनसीसी फजर संभावित हमले की चपेट में आया। तीनों भारतीय नाविक सुरक्षित हैं।
  • 10 नवंबर: लाइबेरिया के झंडे वाले एमटी फुजैराह एनर्जी पर प्रक्षेप्य गिरा।
  • पहले जहाज पर चालक दल: कुल 24 सदस्य, जिनमें छह भारतीय थे।
  • पहली घटना में घायल: चार सदस्य, जिनमें एक भारतीय नाविक शामिल था।
  • पहली घटना में सुरक्षित: बाकी 18 सदस्य, जिनमें पांच भारतीय नाविक थे।


होर्मुज भारत के लिए इतना अहम क्यों है?
पश्चिम एशिया में बढ़ती अस्थिरता के बीच भारत ने व्यापारिक जहाजों और नाविकों की सुरक्षा पर चिंता जताई है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने मंगलवार को कहा कि भारत होर्मुज जलडमरूमध्य से सुरक्षित, स्वतंत्र और बिना किसी रुकावट के जहाजों की आवाजाही चाहता है। भारत सभी संबंधित पक्षों के संपर्क में है, ताकि भारतीय झंडे वाले जहाजों और भारतीय नाविकों समेत नागरिक जहाजों पर हमले रोके जा सकें। भारत ने अंतरराष्ट्रीय समुद्री कानून का पालन करने और तनाव कम करने की भी अपील की है।



होर्मुज दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण ऊर्जा मार्गों में से एक है। यहां से दुनिया के कुल पेट्रोलियम का करीब 20 प्रतिशत हिस्सा गुजरता है। भारत कच्चे तेल के आयात के लिए इस समुद्री रास्ते पर काफी निर्भर है। इसके अलावा, दुनिया के समुद्री परिवहन क्षेत्र में काम करने वाले नाविकों में भारतीयों की हिस्सेदारी करीब 10 से 12 प्रतिशत है। ऐसे में इस मार्ग पर किसी भी तरह का हमला या तनाव भारत के लिए चिंता का विषय है। सरकार संबंधित पक्षों से बातचीत कर व्यापारिक जहाजों, भारतीय नाविकों और भारतीय झंडे वाले जहाजों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की कोशिश कर रही है।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get latest World News headlines in Hindi related political news, sports news, Business news all breaking news and live updates. Stay updated with us for all latest Hindi news.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed