फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   World ›   World News Hindi Updates UNGA Trump Asia Europe US UK UN West Asia Politics Crime and Global events

World Updates: ईरानी राष्ट्रपति ने इस्राइल-US पर साधा निशाना, कोस्टा रिका में रडार फेल, हवाई उड़ानों पर रोक

Wed, 24 Sep 2025 10:13 PM IST
ज्योति भास्कर वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला।
वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला। Published by: ज्योति भास्कर Updated Wed, 24 Sep 2025 10:13 PM IST
विज्ञापन
World News Hindi Updates UNGA Trump Asia Europe US UK UN West Asia Politics Crime and Global events
दुनिया की बड़ी खबरें - फोटो : amar ujala graphics

संयुक्त राष्ट्र महासभा को संबोधित करते हुए ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन ने जून में हुए इस्राइल और अमेरिका के हमलों की कड़ी आलोचना की। उन्होंने कहा कि इन कार्रवाइयों ने अंतरराष्ट्रीय विश्वास और क्षेत्र में शांति की संभावनाओं को गहरा नुकसान पहुंचाया है। यह पहली बार है जब पेजेशकियन ने जून में 12 दिन चले इस्राइल-ईरान युद्ध के बाद किसी वैश्विक मंच से अपनी बात रखी। उन्होंने स्पष्ट किया कि ईरान अपनी घरेलू परमाणु गतिविधियों के जरिये कभी भी परमाणु बम बनाने की कोशिश नहीं करेगा। राष्ट्रपति ने दोहराया, ‘‘ईरान ने कभी परमाणु बम नहीं बनाया और न ही बनाएगा।’’ इस बीच, तेहरान अगर शनिवार तक यूरोपीय देशों से समझौता नहीं करता है तो उस पर संयुक्त राष्ट्र के कड़े प्रतिबंध लग सकते हैं।

विज्ञापन


कोस्टा रिका में रडार फेल, हवाई उड़ानें रोक दी गईं
कोस्टा रिका में बुधवार सुबह रडार सिस्टम फेल होने के कारण सभी उड़ानों को अस्थायी रूप से रोक दिया गया। राजधानी के मुख्य अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सुबह 6 बजे से दोपहर 12 बजे तक किसी भी विमान को उड़ान भरने या लैंड करने की अनुमति नहीं दी गई। नागरिक उड्डयन प्राधिकरण ने बताया कि तकनीकी खराबी तड़के हुई और इसे सुधारने के प्रयास जारी हैं। गुआनाकास्टे स्थित दूसरा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा भी रडार समस्या से प्रभावित हुआ। कई एयरलाइंस ने यात्रियों को सोशल मीडिया के जरिए सूचित कर फ्लाइट रीसिड्यूल करने की सलाह दी।
विज्ञापन


पाक पीएम शहबाज और ट्रंप करेंगे मुलाकात
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ गुरुवार को वाशिंगटन पहुंचकर अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से मुलाकात करेंगे। दोनों नेता द्विपक्षीय संबंधों को रीसेट करने के प्रयासों पर चर्चा करेंगे। शहबाज इस समय न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र महासभा में हिस्सा ले रहे हैं और वहां से एक दिन के लिए वाशिंगटन जाएंगे। 2019 के बाद यह पहला अवसर होगा जब किसी पाकिस्तानी प्रधानमंत्री और अमेरिकी राष्ट्रपति की मुलाकात व्हाइट हाउस में होगी। कूटनीतिक सूत्रों के अनुसार बातचीत में अफगानिस्तान, आतंकवाद-रोधी सहयोग और व्यापार के मुद्दे अहम रहेंगे। विश्लेषकों का मानना है कि ट्रंप के कार्यकाल में पाकिस्तान-अमेरिका संबंधों में नया मोड़ आया है, लेकिन यह रीसेट अभी शुरुआती चरण में है।
विज्ञापन
विज्ञापन


मशहूर इतालवी अभिनेत्री क्लाउडिया का निधन
मशहूर इतालवी अभिनेत्री क्लाउडिया कार्डिनल का 87 वर्ष की आयु में फ्रांस के नेमूर शहर में निधन हो गया। उन्होंने 1960 और 70 के दशक की कई प्रतिष्ठित यूरोपीय फिल्मों में अभिनय किया, जिनमें फेडेरिको फेलिनी की "8½", लुकीनो विस्कोंटी की "दी लेपर्ड", और सर्जियो लियोन की "वन्स अपॉन अ टाइम इन दी वेस्ट" शामिल हैं। ट्यूनिस में जन्मी कार्डिनेल ने 17 वर्ष की उम्र में एक ब्यूटी कॉन्टेस्ट जीतकर फिल्मी करियर की शुरुआत की थी। उनके एजेंट लॉरेंट सैवरी ने बताया कि जब क्लाउडिया ने अंतिम सांस ली, उनके बच्चे भी उनके साथ मौजूद थे।

सऊदी अरब के ग्रैंड मुफ्ती के निधन पर पीएम ने शोक जताया
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को सऊदी अरब के ग्रैंड मुफ्ती शेख अब्दुलअजीज बिन अब्दुल्ला बिन मोहम्मद अल अलशेख के निधन पर शोक व्यक्त किया। मोदी ने एक्स पर कहा, सऊदी अरब के ग्रैंड मुफ्ती महामहिम शेख अब्दुलअजीज बिन अब्दुल्ला बिन मोहम्मद अल अलशेख के दुःखद निधन पर गहरी संवेदनाएं। दुःख की इस घड़ी में हमारी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं सऊदी अरब और उसके लोगों के साथ हैं। शेख अब्दुलअजीज दो दशकों से अधिक समय तक इस इस्लामी राष्ट्र की सर्वोच्च धर्मगरु रहे। उनका निधन मंगलवार को हुआ।

ताइवान ने चीनी सैन्य जहाज का पता लगाया
ताइवान के रक्षा मंत्रालय ने बुधवार सुबह करीब छह बजे (स्थानीय समय) अपने जल क्षेत्र के आसपास एक चीनी सैन्य जहाज का पता लगाया। आमतौर पर पीएलए के विमान दिखते हैं, लेकिन इस बार कोई भी विमान नहीं दिखा। मंत्रालय ने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, आज सुबह छह बजे ताइवान के आसपास पीएलए के नौसेना के एक जहाज का पता चला। ताइवान के सशस्त्र बलों ने स्थिति की निगरानी की और प्रतिक्रिया दी। हवाई मार्ग पर पीएलए का कोई भी विमान सक्रिय नहीं था, इसलिए हवाई मार्ग का कोई नक्शा या चित्र नहीं बन सका। 

नेपाल: अंतरिम पीएम कार्की ने राष्ट्रपति पौडेल से मुलाकात की, आम चुनाव कराने पर चर्चा
नेपाल की अंतरिम प्रधानमंत्री सुशीला कार्की ने राष्ट्रपति रामचंद्र पौडेल से मुलाकात की और अगले साल समय पर आम चुनाव कराने से जुड़े मामलों पर चर्चा की। कार्की की राष्ट्रपति पौडेल के साथ राष्ट्रपति भवन शीतल निवास में यह बैठक हुई। इससे पहले एक दिन पहले उन्होंने यहां चुनाव आयोग के अधिकारियों से आम चुनाव की तैयारियों पर बात की थी।

सुशीला कार्की 12 सितंबर को अंतरिम प्रधानमंत्री बनीं। इससे पहले प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली को हटाए जाने के बाद कई दिनों तक राजनीतिक अस्थिरता थी। ओली सरकार के खिलाफ युवाओं के एक समूह के प्रदर्शन ने प्रदर्शन किए थे। ये  प्रदर्शन भ्रष्टाचार और सोशल मीडिया पर प्रतिबंध के खिलाफ थे। जिसके बाद उन्हें प्रधानमंत्री की कुरसी छोड़ने को मजबूर होना पड़ा। राष्ट्रपति पौडेल ने कार्की की सिफारिश पर प्रतिनिधि सभा भंग की और ताजा चुनाव पांच मार्च 2026 को कराने की घोषणा की।

राष्ट्रपति कार्यालय के करीबी सूत्रों ने बताया कि बैठक में कार्की ने वर्तमान राजनीतिक और सुरक्षा स्थिति, आगामी चुनाव और देश में बनी सुरक्षा व्यवस्था पर चर्चा की। मंगलवार को कार्की ने कार्यवाहक मुख्य चुनाव आयुक्त राम प्रसाद भंडारी से कानून में आवश्यक संशोधन, चुनाव प्रबंधन, संसाधन जुटाने और अन्य संबंधित मुद्दों पर विचार विमर्श किया। कानून मंत्री अनिल कुमार सिन्हा, जो बैठक में मौजूद थे, ने बताया कि चर्चा का मुख्य उद्देश्य चुनाव की तैयारियों में आने वाली किसी भी समस्या को पहचानना और उसका समाधान करना था।

चुनाव आयोग के एक अधिकारी के अनुसार, अब तक लगभग एक करोड़ 81 लाख 68 हजार लोग मतदान के लिए पात्र हैं, जो 18 वर्ष की उम्र पूरी कर चुके हैं। लेकिन नए चुनाव की घोषणा के बाद मतदाता पंजीकरण को फिर से शुरू करने के लिए कानूनी प्रावधान बनाना होगा।

कोलंबिया में सोने की खान में फंसे 20 से अधिक श्रमिक
दक्षिण अमेरिकी देश कोलंबिया के उत्तरी भाग में एक सोने की खान धंसने के बाद 20 से अधिक श्रमिक फंस गए हैं। कनाडा की खनन कंपनी के अनुसार, मुख्य शाफ्ट ढहने के बाद में कंपनी के पांच कर्मचारी फंस गए। बचावकर्मी फंसे खनिकों तक भोजन और पानी पहुंचा रहे हैं और उन्हें बुधवार तक सतह पर लाने की उम्मीद है। राष्ट्रीय खनन एजेंसी के अनुसार, सेगोविया नगर में 25 लोग फंसे हैं। खानों में असुरक्षित परिस्थितियों के कारण अक्सर हादसे होते हैं। 2023 की रिपोर्ट के अनुसार, कोलंबिया के 80% सोने का उत्पादन बिना लाइसेंस वाले खनिक और विद्रोही समूह करते हैं।

अमेरिका में मोहम्मद यूनुस का पुरजोर विरोध, काफिले पर अंडे फेंके गए
बांग्लादेश की अंतरिम सरकार के प्रमुख प्रोफेसर मोहम्मद यूनुस को न्यूयॉर्क में विरोध का सामना करना पड़ा। शेख हसीना की अवामी लीग के नेताओं व कार्यकर्ताओं ने यूनुस के काफिले पर अंडे फेंके और उनके सहयोगी अख्तर हुसैन को 'आतंकवादी' कहकर नारेबाजी की। हुसैन 2024 में हसीना विरोधी छात्र आंदोलन के नेता रहे थे। हालांकि यूनुस के साथ आए बीएनपी और जमात-ए-इस्लामी नेताओं को निशाना नहीं बनाया गया। यूनुस ने अमेरिका के विशेष दूत सर्जियो गोर से मुलाकात में कहा कि फरवरी 2026 में स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव कराए जाएंगे। बैठक में व्यापार, क्षेत्रीय सहयोग, सार्क पुनर्जीवन, रोहिंग्या संकट और दुष्प्रचार जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई। यूनुस ने रोहिंग्या शरणार्थियों के लिए निरंतर अमेरिकी सहयोग की मांग की। उन्होंने बांग्लादेश के आसियान से जुड़ने और नेपाल, भूटान तथा भारत के उत्तर-पूर्वी राज्यों से आर्थिक सहयोग बढ़ाने की इच्छा जताई।

गलत आरोप झेलने वाले दो अश्वेतों को 1.50 लाख डॉलर
अमेरिका के बोस्टन में साल 1989 में एक हाई-प्रोफाइल हत्या हुई थी। इस मामले में गलत तरीके से आरोपी बनाए गए दो अश्वेत पुरुषों, एलन स्वानसन और विली बेनेट को शहर से 1.5 लाख डॉलर का मुआवजा मिला है। कैरोल स्टुअर्ट की हत्या उसके पति चार्ल्स स्टुअर्ट ने की थी, लेकिन उसने झूठा आरोप एक अश्वेत हमलावर पर लगाया। पुलिस ने पहले स्वानसन और फिर बेनेट को हिरासत में लिया, जबकि दोनों निर्दोष थे। इस घटना से अश्वेत समुदाय पर पुलिस का दमन बढ़ा और नस्ली तनाव गहरा हुआ। 2023 में मेयर मिशेल वू ने आधिकारिक माफी मांगी थी।

ट्रंप की हत्या की साजिश रचने वाला अमेरिकी नागरिक दोषी करार
अमेरिका की एक अदालत ने 59 वर्षीय रयान राउथ को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की हत्या की कोशिश का दोषी करार दिया। सितंबर 2024 में फ्लोरिडा के वेस्ट पाम बीच स्थित ट्रंप इंटरनेशनल गोल्फ क्लब में हुई घटना में वह राइफल लेकर झाड़ियों में छिपा मिला था। अभियोजन पक्ष ने बताया कि राउथ ने करीब 10 घंटे तक इंतजार किया और ट्रंप पर निशाना साधा, लेकिन एक सीक्रेट सर्विस एजेंट ने उसे गोली चलाते हुए देख लिया था। राउथ बिना गोली चलाए भाग गया, लेकिन कुछ घंटों बाद हाईवे पर गिरफ्तार हो गया। मौके से एसकेएस राइफल, बुलेटप्रूफ प्लेटें और कैमरा बरामद हुआ। राउथ पर हत्या की कोशिश, संघीय एजेंट को बाधा पहुंचाने और हथियार रखने सहित पांच आरोपों में दोष साबित हुआ। उसे आजीवन कारावास तक की सजा हो सकती है।

संयुक्त राष्ट्र महासचिव गुटेरस से बोले ट्रंप- हम 100% UN के साथ
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि वे संयुक्त राष्ट्र का साथ देने के लिए 100 फीसदी तैयार हैं। उन्होंने संयुक्त राष्ट्र महासभा की 80वीं बैठक से पहले यूएन महासचिव एंटोनियो गुटेरस से मुलाकात की। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने दूसरे कार्यकाल की नीतियों को लेकर कहा, अमेरिका संयुक्त राष्ट्र के साथ 100% खड़ा है, भले ही कभी-कभार वे इस संस्था से असहमत हों। ट्रंप ने यूएनजीए में अपने संबोधन के दौरान दावा किया कि बीते सात महीने में उन्होंने लगभग सात 'असम्भव' युद्धों को खत्म कराया है। उन्होंने जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद इसी साल मई में पाकिस्तानी आतंकी ठिकानों पर भारतीय सेना के ऑपरेशन सिंदूर के बाद उपजे तनाव को भारत-पाकिस्तान युद्ध बताते हुए एक बार फिर सीजफायर का श्रेय लेने की कोशिश की। इसके अलावा उन्होंने, इस्राइल-ईरान और अन्य संघर्षों को शांत कराने में भी अपनी भूमिका को रेखांकित किया। अमेरिकी राष्ट्रपति ने संयुक्त राष्ट्र पर निष्क्रिय रहने और सिर्फ 'कड़े शब्दों वाले पत्र' तक सीमित रहने जैसे आरोप भी लगाए। गुटेरस ने शांति स्थापना में अमेरिका की भूमिका की सराहना करते हुए उन्हें संयुक्त राष्ट्र की तरफ से पूरे सहयोग का आश्वासन दिया।

कोर्ट का आदेश- ट्रंप प्रशासन UCLA को 500 मिलियन डॉलर का संघीय अनुदान बहाल करे
अमेरिका के लॉस एंजेलिस में एक संघीय जज रिता लिन ने ट्रंप प्रशासन को कैलिफोर्निया विश्वविद्यालय, लॉस एंजेलिस (UCLA) को फ्रीज़ किए गए 500 मिलियन डॉलर के संघीय अनुदान को बहाल करने का आदेश दिया। जज ने कहा कि प्रशासन ने प्रशासनिक प्रक्रिया अधिनियम का उल्लंघन किया, क्योंकि अनुदान रद्द करने की स्पष्ट प्रक्रिया और विवरण नहीं दिए गए थे। अगस्त में, ट्रंप प्रशासन ने UCLA के 584 मिलियन डॉलर के अनुदान निलंबित किए थे। यह आदेश विशेष रूप से राष्ट्रीय स्वास्थ्य संस्थान (NIH) के चिकित्सा अनुसंधान अनुदानों से संबंधित है, जो पार्किंसंस, कैंसर और तंत्रिका कोशिका पुनर्जनन पर अध्ययन शामिल हैं। प्रशासन ने विश्वविद्यालय से 1 बिलियन डॉलर की पेशकश की थी, जिसे गवर्नर गेविन न्यूसॉम ने धमकी करार दिया।

भारतीय लेखिका दूसरी बार बुकर प्राइज के लिए नामित
बुकर पुरस्कार विजेता लेखक किरण देसाई की नई कृति- द लॉनलिनेस ऑफ सोनिया एंड सनी (The Loneliness of Sonia and Sunny) शॉर्टलिस्ट की गई है। यह उपन्यास अमेरिका में रहने वाले दो भारतीय युवाओं की कहानी है और इसे जजों ने 'विस्तृत और रोमांचक' बताया। 53 वर्षीय देसाई को इससे पहले करीब 19 साल पहले 2006 में ‘The Inheritance of Loss’ के लिए बुकर प्राइज दिया गया था। उन्होंने इस उपन्यास पर लगभग 20 साल काम किया है। यदि उन्हें द लॉनलिनेस ऑफ सोनिया एंड सनी के लिए भी बुकर प्राइज मिलता है तो इतिहास में केवल पांचवां मौका होगा जब किसी लेखक को दो बार विजेता घोषित किया जाएगा। देसाई ने बताया कि उपन्यास में प्रेम, अकेलापन, जाति, नस्ल और राष्ट्रवाद जैसे विषयों को व्यापक रूप से दिखाया गया है।

कोस्टा रिका के राष्ट्रपति रोड्रिगो चावेस को संसद में बड़ी राहत, सरकारी वकील बोले- जांच जारी रहेगी
मध्य अमेरिकी देश कोस्टा रिका के राष्ट्रपति रोड्रिगो चावेस को बड़ी राहत मिली है। संसद में उनकी प्रतिरक्षा समाप्त करने के प्रस्ताव पर मतदान कराया गया। मंगलवार को उनके विरोधी खेमे को इस प्रयास में असफलता हाथ लगी। विपक्ष को 38 वोटों की जरूरत थी, लेकिन केवल 34 वोट मिले। 21 ने प्रस्ताव का विरोध किया और दो अनुपस्थित रहे। यह देश के इतिहास में पहली बार था कि किसी वर्तमान राष्ट्रपति के खिलाफ ऐसे प्रस्ताव पर मतदान हुआ। चावेस पर आरोप है कि उन्होंने एक वीडियो निर्माता पर दबाव डाला कि वह अनुबंध की राशि का हिस्सा उनके पूर्व अभियान सलाहकार को दे। अटॉर्नी जनरल कार्लो डियाज़ ने कहा कि जांच जारी रहेगी और चावेस की प्रतिरक्षा उनके कार्यकाल (मई तक) समाप्त होने के बाद हट सकती है।

पूर्वी एशियाई देश के राष्ट्रपति ने UN के मंच से बताई घोड़ों की अहमियत
संयुक्त राष्ट्र महासभा (UNGA) की 80वीं बैठक में मंगलवार को (अमेरिकी समयानुसार) मंगोलिया के राष्ट्रपति खुरेलसुख उखना ने अपने भाषण में घोड़ों के महत्व पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि घोड़े मानव सभ्यता, संस्कृति और आजीविका का अभिन्न हिस्सा रहे हैं। बता दें कि इसी वर्ष महासभा ने मंगोलिया की पहल पर 11 जुलाई को "विश्व घोड़ा दिवस" घोषित किया। इसका उद्देश्य कृषि, परिवहन, खेल और पर्यटन में घोड़ों की भूमिका पर जागरूकता बढ़ाना है। मंगोलिया में जनसंख्या (3.3 मिलियन) से अधिक घोड़े (3.4 मिलियन) हैं। उखना ने शांति मिशन, जल संकट और राजनीति व शांति स्थापना में महिलाओं की भूमिका पर भी चर्चा की।

पाकिस्तान का साथ देने वाले तुर्किये ने UN में कश्मीर राग अलापा
तुर्किये के राष्ट्रपति रजब तैय्यप अर्दोआन ने अपने देश की तरफ से दिए गए वक्तव्य में भारत और पाकिस्तान का जिक्र किया। बता दें कि अंतरराष्ट्रीय मंचों पर तुर्किये पाकिस्तान के साथ अक्सर खड़ा रहता है। अर्दोआन ने कहा, 'हम पिछले अप्रैल में पाकिस्तान और भारत के बीच संघर्ष में बदल चुके तनाव के बाद हुए युद्धविराम से खुश हैं... हमें उम्मीद है कि कश्मीर का मुद्दा संयुक्त राष्ट्र के प्रस्तावों के आधार पर, कश्मीर में हमारे भाइयों और बहनों के हित में, बातचीत के जरिए सुलझाया जाएगा।

हिंसा में जलीं खनल की पत्नी का भारत में इलाज
नेपाल के पूर्व प्रधानमंत्री झलनाथ खनल की पत्नी रवि लक्ष्मी चित्रकार को बेहतर इलाज के लिए भारत के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जेन-जी के हिंसक प्रदर्शन के दौरान खनल के काठमांडो स्थित घर में आग लगा दी गई थी, जिसमें लक्ष्मी 15 प्रतिशत तक झुलस गई थीं। उनका कीर्तिपुर में इलाज चल रहा था। उनका बायां हाथ पूरी तरह जल गया है। फेफड़े भी धुएं से प्रभावित हुए हैं।

न्यूयॉर्क के जाम में फंसने पर मैक्रों ने ट्रंप को किया फोन
संयुक्त राष्ट्र महासभा (यूएनजीए) के उच्चस्तरीय सत्र के दौरान न्यूयॉर्क सिटी की सड़कों पर लगे जाम में फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों फंस गए। पुलिस ने उनके दल को रोक दिया, क्योंकि राष्ट्रपति ट्रंप के काफिले के लिए सड़कें बंद थीं। मैक्रों से एक पुलिस अधिकारी ने कहा, मिस्टर प्रेसिडेंट माफ कीजिए। अभी सब कुछ बंद है। ट्रंप का काफिला गुजर रहा है, जिससे ऐसा हुआ है। इसके बाद मैक्रों ने तुरंत ट्रंप को फोन किया और कहा, आप कैसे हैं? आप जानते हैं, मैं सड़क पर फंस गया हूं, क्योंकि आपके लिए सब बंद है। जब ये बातचीत हो रही थी, तब तक ट्रंप का काफिला जा चुका था। हालांकि मैक्रों कार में फिर नहीं बैठे। वह करीब आधे घंटे तक टहलते रहे और ट्रंप से फोन पर बात करते रहे। रास्ते में उन्होंने लोगों के साथ फोटो भी खिंचवाई। 

श्रीलंका के पूर्व आव्रजन प्रमुख को अवमानना के आरोप में 2 साल कैद
श्रीलंका के पूर्व आव्रजन प्रमुख हर्ष इलुकपिटिया को अवमानना के आरोप में सुप्रीम कोर्ट ने दो साल के कठोर कारावास की सजा सुनाई है। इलुकपिटिया पर पर्यटक वीजा प्रक्रिया संबंधी निर्देश की अवहेलना करने का आरोप है। इस मामले में वह पिछले साल 25 सितंबर से हिरासत में थे। तीन जजों की पीठ ने मंगलवार को इलुकपिटिया को आउटसोर्स इलेक्ट्रॉनिक पर्यटक वीजा-ऑन-अराइवल प्रणाली को रोकने और पुरानी व्यवस्था पर लौटने, अदालत के जुलाई 2024 के आदेश को लागू करने में विफल रहने का दोषी ठहराया।

भ्रष्टाचार के मामले में चीन के शीर्ष वैज्ञानिक हिरासत में
चीन में भ्रष्टाचार के एक मामले में शीर्ष वैज्ञानिक यू फैक्सिन को हिरासत में लिया गया है। यू सैन्य उपकरणों के लिए सेमीकंडक्टर चिप्स बनाने में विशेषज्ञता रखते हैं। वह हांग्जो स्थित झेजियांग विवि के एरोनॉटिक्स एंड एस्ट्रोनॉटिक्स स्कूल में प्रोफेसर भी हैं। यू की कंपनी झेजियांग ग्रेट माइक्रोवेव टेक्नोलॉजी ने एक बयान में कहा, उसे रविवार को पता चला कि उन्हें हुआंगशी के पर्यवेक्षी आयोग ने हिरासत में लिया है। हालांकि, कंपनी ने यह नहीं बताया कि उन पर क्या आरोप हैं।
 

ट्रंप की पार्टी के सांसद ने बजरंगबली को बताया झूठा, गहराया विवाद
अमेरिका में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की पार्टी के सांसद अलेक्जेंडर डंकन ने बजरंगबली और उनकी प्रतिमा को झूठा बताकर नया बखेड़ा शुरू कर दिया है। टेक्सास में हनुमान जी की 90 फुट ऊंची कांस्य प्रतिमा का वीडियो साझा करते हुए सोशल मीडिया पर लिखा, हम टेक्सास में एक झूठे हिंदू भगवान की झूठी प्रतिमा क्यों स्थापित होने दे रहे हैं? हम एक ईसाई राष्ट्र हैं। हिंदू अमेरिकन फाउंडेशन ने कड़ी आपत्ति जताते हुए डंकन के खिलाफ कार्रवाई की अपील की और उनसे माफी मांगने को कहा है।

 

संयुक्त राष्ट्र प्रणाली में भारत की आवाज महत्वपूर्णः दुजारिक
संयुक्त राष्ट्र (यूएन) के प्रवक्ता स्टीफन दुजारिक ने कहा कि यूएन महासचिव एंटोनियो गुटेरस सुरक्षा परिषद में सुधार के समर्थक हैं और भारत इस बहुपक्षीय प्रणाली में एक प्रमुख आवाज के रूप में उभर रहा है। वह बहुपक्षवाद के प्रबल समर्थक है। एक बातचीत के दौरान दुजारिक ने कहा कि अंतर-सरकारी संगठन के लिए जरूरी है कि वह 1945 की बजाय 2025 की दुनिया को बेहतर ढंग से प्रतिबिंबित करे। 

 

पहलगाम हमले के बाद आतंकवाद का हल जरूरी : यूएन
पहलगाम आतंकवादी हमले के बाद संयुक्त राष्ट्र आतंक के खिलाफ मजबूत बहुराष्ट्रीय अभियान का पक्षधर है। यूएन महासचिव के प्रवक्ता स्टीफन दुजारिक ने कहा, आतंकवाद ऐसी चुनौती है, जिसकी कोई सीमा नहीं है। यह राष्ट्रीय सीमा का सम्मान नहीं करता है। इसके लिए बहुराष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय समाधान जरूरी है। दुजारिक ने कहा, महासचिव ने हर आतंकी हमले की निंदा की है। हम आतंक-रोधी कार्यालय के जरिये बहुत सक्रिय रहे हैं और देशों को आतंकवाद से लड़ने में मदद कर रहे हैं। 

भारत व चीन ने नेपाल के वित्त मंत्री से की सहयोग बढ़ाने पर चर्चा
भारत व चीन के राजदूतों ने मंगलवार को नेपाल के वित्त मंत्री रमेश्वर खनल से अलग-अलग मुलाकात कर सहयोग बढ़ाने पर चर्चा की। यह बैठक पीएम सुशीला कार्की की ओर से अंतरिम सरकार की जिम्मेदारी संभालने के बाद हुई।भारतीय राजदूत नवीन श्रीवास्तव ने कहा कि भारत हमेशा नेपाल के साथ हर प्रकार के सहयोग के लिए तैयार है। भारत नेपाल में चल रहे प्रोजेक्ट्स को तेजी से लागू करने और भारत के निवेशकों के मनोबल को बढ़ाने में मदद करेगा। दोनों पक्षों ने नेपाल व भारत के बीच व्यापार सुगमता बढ़ाने व समन्वय मजबूत करने पर भी चर्चा की।

कार्की ने चुनाव आयोग के साथ की बैठक
पीएम सुशीला कार्की ने मंगलवार को आम चुनाव की तैयारियों पर चुनाव आयोग के अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में कार्यवाहक मुख्य चुनाव आयुक्त राम प्रसाद भंडारी की अगुवाई वाली टीम के साथ पीएम ने कानूनी संशोधन, चुनाव प्रबंधन, संसाधन जुटाने पर चर्चा की।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get latest World News headlines in Hindi related political news, sports news, Business news all breaking news and live updates. Stay updated with us for all latest Hindi news.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed