{"_id":"6625c43de41cdc6ad50e3d55","slug":"world-news-hindi-updates-israel-iran-us-sri-lanka-russia-ukraine-china-pakistan-uk-un-global-news-2024-04-22","type":"story","status":"publish","title_hn":"World News: 2022 में 65 हजार से अधिक भारतीयों ने ली US नागरिकता; पाकिस्तान ने 837 अफगान शरणार्थियों को निकाला","category":{"title":"World","title_hn":"दुनिया","slug":"world"}}
World News: 2022 में 65 हजार से अधिक भारतीयों ने ली US नागरिकता; पाकिस्तान ने 837 अफगान शरणार्थियों को निकाला
Mon, 22 Apr 2024 07:28 AM IST
ज्योति भास्कर
वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला
वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला
Published by: ज्योति भास्कर
Updated Mon, 22 Apr 2024 07:28 AM IST
विज्ञापन
दुनिया की बड़ी खबरें
- फोटो : amar ujala graphics
अमेरिका से आई एक रिपोर्ट के मुताबिक 2022 में 65 हजार से अधिक भारतीय लोगों ने अमेरिकी नागरिकता ली। अमेरिकी जनगणना ब्यूरो के सामुदायिक सर्वेक्षण के आंकड़ों के मुताबिक 2022 में लगभग 46 मिलियन विदेशी मूल के लोग अमेरिका में रहते हुए पाए गए। यह 333 मिलियन की कुल अमेरिकी आबादी का लगभग 14 प्रतिशत है। इस रिपोर्ट का एक दिलचस्प पहलू यह भी है कि 2022 में लगभग 66,000 भारतीयों ने अमेरिकी नागरिकता की शपथ ली है।
विज्ञापन
पाकिस्तान ने 837 अफगान शरणार्थियों को वापस भेजा
पाकिस्तान ने 800 से अधिक अफगान शरणार्थियों को तोरखम व स्पिन बोल्डक क्रॉसिंग के जरिये वापस उनके देश भेज दिया है। खामा प्रेस ने रविवार को अपनी रिपोर्ट में बताया कि दो दिनों में 837 अफगान शरणार्थियों को वापस अफगानिस्तान भेजा गया। अधिकारियों ने शनिवार को इसकी पुष्टि भी की। तालिबानी शरणार्थी एवं प्रत्यावर्तन मंत्रालय के अनुसार, वापस भेजे गए लोगों में 90 परिवार व उससे संबंधित 468 लोग तोरखम क्रॉसिंग पर लौट आए। इसी तरह, 369 लोग (67 परिवार) स्पिन बोल्डक क्रॉसिंग के जरिये अफगानिस्तान लौटे।
विज्ञापन
जर्मनी में चाय पे चर्चा, लोगों ने खुद को बताया मोदी का परिवार
जर्मनी में बसे भाजपा समर्थक भारतवंशियों ने पीएम मोदी के लिए नारे लगाए और ‘चाय पे चर्चा’ भी की। म्यूनिख में ओवरसीज फ्रेंड्स ऑफ बीजेपी की एक बैठक में एकत्र हुए लोगों ने भारत की यात्रा और 'अबकी बार 400 पार' हासिल करने के लिए पीएम मोदी के प्रचार की योजना पर भी चर्चा की। ओएफबीजेपी के सह-संयोजक सुनील सिंह ने बताया कि इस सफल कार्यक्रम की योजना जर्मनी द्वारा बनाई गई थी, जिसका उद्देश्य पिछले 10 वर्षों में पीएम मोदी की उपलब्धियों को गिनाना और बढ़ावा देना था। एजेंसी
विज्ञापन
श्रीलंका में कार रेसिंग के दौरान हादसा, 7 की मौत 23 घायल
मोटर कार रेसिंग के दौरान हुई दुर्घटना में सात लोग मारे गए जबकि 23 से ज्यादा लोग घायल हो गए हैं। यह हादसा उवा प्रांत हुआ जब कार रेसिंग के दौरान हिस्सा ले रही एक कार अनियंत्रित होकर दर्शक दीर्घा में जा घुसी। पुलिस के अनुसार हादसे में मारे गए लोगों में एक आठ साल का बच्चा भी शामिल है जबकि गंभीर रूप से घायल 23 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। 2019 में ईस्टर हमले के बाद कार रेसिंग इवेंट को बंद कर दिया गया था। पांच साल बाद शुरुआत होने के बाद फिर यह हादसा हो गया।
इस्राइली हमले में मारी गई मां के गर्भ से बच्ची का जन्म
गाजा के राफा शहर में इस्राइली हमले में अपने पति और बेटी के साथ मारी गई एक फलस्तीनी महिला के गर्भ से एक स्वस्थ बच्ची का जन्म हुआ है। बच्ची की देखभाल कर रहे डॉक्टर मोहम्मद सलामा ने कहा, उसका वजन 1.4 किलोग्राम है। उसका जन्म आपातकालीन सी-सेक्शन में हुआ था। उनकी मां सबरीन अल-सकानी 30 सप्ताह की गर्भवती थीं। बच्ची को राफा अस्पताल में एक अन्य शिशु के साथ इनक्यूबेटर में रखा गया था। पहचान के लिए उसकी छाती पर शहीद सबरीन अल-सकानी का बच्चा शबद लिखा गया है। सकानी की छोटी बेटी मलक, जो हमले में मारी जा चुकी है। वह अपनी नई बहन का नाम रूह रखना चाहती थी।
हमारे 133 भाई-बहनें अभी भी हमास के नरक में कैद
इस्रायली युद्ध कैबिनेट ने शेष बंधकों की रिहाई के प्रयासों पर चर्चा करने के लिए रविवार देर रात एक बैठक की। युद्ध कैबिनेट में चार सदस्य हैं, इस्राइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू, इस्राइल के रक्षा मंत्री योव गैलेंट और नेशनल यूनिटी पार्टी के अध्यक्ष बेनी गैंट्ज। एक वीडियो बयान में नेतन्याहू ने कहा कि हमारे 133 भाई-बहनें अभी भी हमास के नरक में कैद हैं। उन्होंने हमास पर बंधक सौदे को खारिज करने का आरोप लगाया। उन्होंने घोषणा की कि इज़राइल जल्द ही अतिरिक्त हमले करेगा। हम रिहाई के लिए हमास पर सैन्य और राजनीतिक दबाव बढ़ाएंगे।