फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   World ›   World News Hindi Updates Asia Europe US UK UN West Asia Pentagon LA Army PAK Politics Crime and Global events

World: ढाका प्लेन क्रैश की जांच 9 सदस्यीय आयोग करेगा; PAK में दिलीप कुमार-राज कपूर के घरों का जीर्णोद्धार शुरू

Mon, 28 Jul 2025 11:42 AM IST
नितिन गौतम वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला
वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला Published by: नितिन गौतम Updated Mon, 28 Jul 2025 11:42 AM IST
विज्ञापन
World News Hindi Updates Asia Europe US UK UN West Asia Pentagon LA Army PAK Politics Crime and Global events
दुनिया की बड़ी खबरें - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स

बांग्लादेश सरकार ने हाल ही में हुई विमान दुर्घटना की जांच के लिए 9 सदस्यीय आयोग का गठन किया है। कैबिनेट डिवीजन ने जांच को लेकर रविवार को गजट जारी किया। इसके अनुसार, जांच आयोग की अध्यक्षता पूर्व सचिव एकेएम जफर उल्लाह खान कर रहे हैं। समिति में एक सेवानिवृत्त एयर वाइस मार्शल, तीन मंत्रालयों के अतिरिक्त सचिव, ढाका के डिविजनल कमिश्नर, एक शहरी योजनाकार, और बांग्लादेश इंजीनियरिंग यूनिवर्सिटी के मैकेनिकल इंजीनियरिंग विभाग के एक प्रोफेसर को शामिल किया गया है। आयोग को चार सप्ताह के भीतर अपनी रिपोर्ट सौंपनी है। यह आयोग हादसे के कारणों की जांच करेगा, जान-माल के नुकसान का आकलन करेगा और संबंधित जिम्मेदारियों को निर्धारित करेगा। इसके अलावा, यह स्कूल की इमारत और हवाई अड्डे के आसपास की अन्य संरचनाओं की वैधता व सुरक्षा का मूल्यांकन करेगा और भविष्य में ऐसे हादसों को रोकने के लिए सुझाव देगा। इसमें प्रशिक्षण विमानों के संचालन, उड़ान क्षेत्र में इमारतों के निर्माण और आपातकालीन प्रतिक्रिया प्रणाली पर भी सिफारिशें शामिल होंगी। बता दें कि वायुसेना प्रशिक्षण विमान का यह हादसा राजधानी ढाका के उत्तरा क्षेत्र में स्थित मिलस्टोन स्कूल एंड कॉलेज की दो मंजिला इमारत पर हुआ था, जिसमें 34 लोगों की मौत हुई थी। हताहतों में अधिकांश छात्र थे। खबरों के मुताबिक चीन निर्मित एफ-7 बीजीआई (F-7 BGI) ट्रेनिंग फाइटर जेट ने उड़ान भरने के कुछ ही क्षणों बाद "तकनीकी खराबी" के कारण नियंत्रण खो दिया और स्कूल की इमारत पर गिरकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। यह दुर्घटना बांग्लादेश के इतिहास की सबसे घातक विमान दुर्घटनाओं में से एक मानी जा रही है। इससे पहले 1984 में, एक यात्री विमान दुर्घटना में 49 लोगों की जान गई थी।

विज्ञापन

 

पेशावर में दिलीप कुमार और राज कपूर के घरों के नवीनीकरण का काम शुरू
पाकिस्तान में भारतीय फिल्म इंडस्ट्री के दिग्गजों- दिलीप कुमार और राज कपूर के पैतृक घरों का जीर्णोद्धार कराया जा रहा है। पेशावर में भारतीय सिनेमा के अभिनेता दिलीप कुमार और राज कपूर के पैतृक घरों के पुनर्निर्माण और जीर्णोद्धार की आधिकारिक शुरुआत सोमवार को गई। परियोजना की अनुमानित लागत लगभग 7 करोड़ पाकिस्तानी रुपये है जिसे दो साल में पूरा किया जाना है। खैबर पख्तूनख्वा प्रांत की सरकार इसका वित्त पोषण कर रही है। इसकी देखरेख पुरातत्व और संग्रहालय निदेशालय कर रहा है। विभाग इन दोनों घरों को संग्रहालयों की तरह विकसित करेगा, जो दिलीप कुमार और राज कपूर के जीवन समेत सिने करियर को समर्पित होंगे। इस संबंध में डॉ. अब्दुस समद ने बताया कि इस परियोजना का मकसद सांस्कृतिक धरोहर को संरक्षित कर हेरिटेज टूरिज्म को बढ़ावा देना है। इससे स्थानीय पर्यटन उद्योग में रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। पर्यटन सलाहकार जाहिद खान शिनवारी के मुताबिक विश्व बैंक के सहयोग से संचालित यह परियोजनाएं खैबर पख्तूनख्वा को वैश्विक पर्यटन मानचित्र पर दोबारा स्थापित करने में मदद कर सकती हैं।
विज्ञापन

वॉलमार्ट में चाकू से हमला करने वाले संदिग्ध पर आतंकवाद और हमले के आरोप दर्ज करने की मांग
अमेरिका के मिशिगन राज्य में एक वॉलमार्ट में चाकू से हमला करने वाले संदिग्ध पर अधिकारी आतंकवाद और हत्या की कोशिश जैसे गंभीर आरोप लगाने की मांग कर रहे हैं। यह घटना शनिवार को ट्रैवर्स सिटी के एक वॉलमार्ट में हुई थी। इस घटना में 11 लोग घायल हो गए थे। अधिकारियों का मानना है कि हमलावर ने लोगों को बिना किसी वजह के अंधाधुंध निशाना बनाया। ग्रैंड ट्रैवर्स काउंटी शेरिफ कार्यालय के अनुसार, यह हमला शाम करीब 4:45 बजे हुआ, जब 42 साल का एक आदमी स्टोर में आया और एक फोल्डिंग चाकू से लोगों पर हमला करने लगा।

विज्ञापन

ऑस्ट्रेलिया : भारतवंशी युवक पर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला
ऑस्ट्रेलिया में कुछ किशोरों ने भारतवंशी युवक सौरभ आनंद पर धारदार हथियार से क्रूरता के साथ हमला कर दिया। इसमें उन्हें गंभीर चोट पहुंची और उनका हाथ भी लगभग कट गया। सौरभ पर हमले के आरोप में कई किशोर पकड़े गए हैं।

मीडिया रिपोर्ट्स व पुलिस के अनुसार, 33 वर्षीय सौरभ आनंद 19 जुलाई को मेलबर्न के अल्टोना मीडोज में सेंट्रल स्क्वायर शॉपिंग सेंटर के एक दवाखाने से दवाइयां लेने के बाद घर जा रहे थे। तभी किशोरों ने पीछे से उनपर हमला कर दिया। द एज समाचार पत्र की रिपोर्ट के अनुसार, हमलावरों ने सौरभ पर हमला करने से पहले उन्हें जमीन पर गिरा दिया। एक किशोर आनंद की जेबों में हाथ डाला हुआ था और कीमती सामान ढूंढ़ रहा था। एक और हमलावर ने उनके सिर पर तब तक घूंसे मारे, जब तक वह जमीन पर गिर नहीं गए। तीसरे किशोर ने एक चाकू निकाला और उनके गले पर रख दिया। 
विज्ञापन

और 90 दिनों के लिए टैरिफ रोक बढ़ा सकते हैं चीन-अमेरिका  
 साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट (एससीएमपी) ने रविवार को सूत्रों के हवाले से बताया कि सोमवार से स्टॉकहोम में शुरू होने वाली व्यापार वार्ता में बीजिंग और वाशिंगटन अपने टैरिफ संघर्ष विराम को 90 दिनों के लिए और बढ़ा सकते हैं। इससे पहले 12 मई को दोनों देशों ने परस्पर कर (रेसिप्रोकल टैरिफ) को कम करने के लिए एक समझौते पर सहमति व्यक्त की थी। तब दोनों देश 90 दिनों के लिए एक-दूसरे पर लगाए गए रेसिप्रोकल टैरिफ को 115% कम करने पर सहमति जताई थी।

12 मई को पहली बार 90 दिनों के लिए लगी थी रोक
अमेरिका ने अबतक चीन से आने वाले सामानों पर 145% का टैरिफ लगा रखा था, वो अब 90 दिनों के लिए कम होकर 30% ही रह जाएगा। वहीं चीन ने अमेरिकी सामानों पर 125% का टैरिफ लगा रखा था, जो कम होकर केवल 10% पर आ जाएगा। मालूम हो कि अमेरिका-चीन ने पहली बार 12 मईको चैरिफ पर 90 दिनों के लिए रोक लगाई थी। 

सूडान में आरएसएफ ने बनाई वैकल्पिक सरकार, तेज हुआ गृहयुद्ध
सूडान में अर्धसैनिक रैपिड सपोर्ट फोर्सेज (आरएसएफ) के नेतृत्व वाले गठबंधन ने वैकल्पिक सरकार के गठन का एलान किया है। इसके साथ ही गठबंधन ने देश की राजधानी खार्तूम में स्थित सैन्य अधिकारियों को सीधी चुनौती दे दी है। देश में तीन वर्षों से जारी गृहयुद्ध तेज हो गया है। अल जजीरा कि रिपोर्ट के अनुसार, खुद को सूडान संस्थापक गठबंधन (टीएएसआईएस) की नेतृत्व परिषद कहने वाले इस गठबंधन ने एलान किया है कि आरएसएफ कमांडर मोहम्मद हमदान हेमेदती दागालो 15 सदस्यीय राष्ट्रपति परिषद की अध्यक्षता करेंगे। इसमें क्षेत्रीय गवर्नर भी शामिल होंगे। टीएएसआईएस ने सूडानी राजनेता मोहम्मद हसन को प्रधानमंत्री नियुक्त किया है। पिछले काफी समय से सूडान आंतरिक संघर्ष से जूझ रहा है। इसके चलते लोगों को बेहद समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। 

चीन के लड़ाकू विमान फिर ताइवान की सीमा में घुसे

ताइवान के रक्षा मंत्रालय ने सोमवार को एक बयान जारी कर बताया कि चीन के लड़ाकू विमानों ने एक बार फिर उसकी संप्रभुत्ता का उल्लंघन किया और पीएलए के 4 लड़ाकू विमान ताइवान की सीमा में घुस आए। साथ ही 10 युद्धक जहाजों ने भी ताइवान के जलीय सीमा का उल्लंघन किया। ताइवान की सरकार ने बताया कि सोमवार सुबह करीब 6 बजे चीन की सेना के चार विमान ताइवान की सीमा में देखे गए। साथ ही 10 युद्धक जहाजों ने भी ताइवान की सीमा का उल्लंघन किया। ताइवान ने कहा कि वे हालात पर नजर बनाए हुए हैं और हालात के मुताबिक जवाब दिया जाएगा।

पाकिस्तान में लगे भूकंप के झटके

पाकिस्तान में सोमवार को भूकंप के झटके महसूस किए गए। सोमवार तड़के आए भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 4.0 रही। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (एनसीएस) के अनुसार, भूकंप के झटके भारतीय समयानुसार सोमवार सुबह 2:06 बजे महसूस किए गए। भूकंप का केंद्र इस्लामाबाद के पश्चिम में जमीन के भीतर 10 किलोमीटर की गहराई में था। पाकिस्तान, भूकंप के लिए दुनिया के सबसे संवेदनशील देशों में शामिल है, जहां कई बड़े भूकंपीय फॉल्ट स्थित हैं। इसके चलते, पाकिस्तान में अक्सर भूकंप आते हैं और विनाशकारी होते हैं। पाकिस्तान भूगर्भीय रूप से यूरेशियन और भारतीय टेक्टोनिक प्लेटों, दोनों को ओवरलैप करता है। 

रेड आर्मी फैक्शन के संस्थापक हॉर्स्ट महलर का निधन
जर्मनी के वामपंथी उग्रवादी संगठन 'रेड आर्मी फैक्शन'  के संस्थापक सदस्य हॉर्स्ट महलर का रविवार को 89 वर्ष आयु में निधन हो गया। 2023 में एक मुकदमे में महलर का प्रतिनिधित्व करने वाले जान डॉलवेट्जल ने बताया कि महलर का रविवार को बर्लिन के एक अस्पताल में निधन हो गया।
 
माहलर का जन्म 23 जनवरी 1936 को हुआ था। वह एक वकील बने और 1969 में वामपंथी उग्रवादी आंद्रेयास बडर और गुडरुन एंस्लिन की एक मुकदमे में पैरवी की। इसके बाद उन्होंने उनके साथ मिलकर रेड आर्मी फैक्शन की स्थापना की थी। यह संगठन वियतनाम युद्ध के खिलाफ जर्मन छात्र आंदोलनों से उभरा और इसका उद्देश्य अमेरिका के साम्राज्यवाद और पूंजीवादी शोषण के खिलाफ हिंसक संघर्ष था। इस उग्रवादी अभियान में 34 लोगों की मौत और सैकड़ों लोग घायल हुए थे। यह संगठन 1998 में औपचारिक रूप से भंग हो गया था।

जर्मनी में पटरी से उतरी ट्रेन, तीन लोगों की मौत; कई हताहत
दक्षिण-पश्चिमी जर्मनी में रविवार को एक यात्री ट्रेन के पटरी से उतर जाने से कम से कम तीन लोगों की मौत हो गई। घटना में कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। संघीय पुलिस ने बताया कि यह दुर्घटना फ्रांसीसी सीमा से लगभग 20 किलोमीटर दूर बिबेरच जिले में हुई। ट्रेन के पटरी से उतरने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। घायलों की संख्या की अभी पुष्टि नहीं हो पाई है।

तुर्क्स और कैकोस द्वीप में गोलीबारी, तीन की मौत
तुर्क्स और कैकोस द्वीप में रविवार सुबह (स्थानीय समयानुसार) गोलीबारी में तीन युवकों की मौत हो गई और 10 घायल हो गए। यह छोटा सा द्वीप ब्रिटेन के अधीन है। पुलिस का कहना है कि इस हमले में चार लोग शामिल थे, लेकिन अभी तक किसी को गिरफ्तार नहीं गया है। पुलिस प्रमुख ने कहा कि यह घटना बहुत डरावनी और चिंता की बात है।

चीन में भूस्खलन से चार की मौत, आठ लापता
चीन के हेबेई प्रांत के एक गांव में सोमवार को भूस्खलन हुआ, जिसमें चार लोगों की मौत हो गई जबकि आठ लोग लापता हैं। राजधानी बीजिंग में भारी बारिश के बाद बाढ़ का रेड अलर्ट जारी कर दिया गया है।  स्थानीय अधिकारियों ने बताया कि भूस्खलन हेबेई प्रांत के चेंग्दे शहर के लुआनपिंग काउंटी में एक गांव में हुआ। वहां राहत और बचाव कार्य जारी है। बीजिंग प्रशासन ने सोमवार को बारिश और बाढ़ को लेकर चेतावनी जारी की है क्योंकि राजधानी के कई हिस्सों में मूसलाधार बारिश की संभावना जताई गई है। इसके चलते पहाड़ी इलाकों में अचानक बाढ़ और भूस्खलन का खतरा बढ़ गया है। बीजिंग में रेड फ्लड अलर्ट जारी किया गया है, जो चीन की चार-स्तरीय चेतावनी प्रणाली में सबसे ऊंचा स्तर है। स्थानीय अधिकारियों ने बताया कि रविवार को मीयुन जिले से भारी बारिश के बाद 3,000 से ज्यादा लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया।

रूस ने रद्द कीं 100 से ज्यादा उड़ानें
रूस की सरकारी विमान सेवा एअरोफ्लोट ने सोमवार को एक साइबर हमले के बाद अपनी आईटी प्रणाली में बड़ी खराबी आने के कारण 100 से ज्यादा उड़ानें रद्द कर दीं और कई उड़ानों में देरी हुई। यह जानकारी रूस के अभियोजक कार्यालय ने दी।

सोशल मीडिया पर साझा किए गए वीडियो में मॉस्को के शेरेमेचेवो एयरपोर्ट पर सैकड़ों यात्री दिखाई दिए, जो देर से चल रही उड़ानों के कारण परेशान नजर आए। एअरोफ्लोट इसी एयरपोर्ट से काम करता है। इस तकनीकी खराबी का असर एअरोफ्लोट की सहायक कंपनियों, रॉसिया और पोबेडा की उड़ानों पर भी पड़ा। ज्यादातर रद्द की गई उड़ानें घरेलू थीं, लेकिन कुछ अंतरराष्ट्रीय उड़ानें भी प्रभावित हुईं। इनमें बेलारूस, आर्मेनिया और उज्बेकिस्तान के लिए उड़ानें शामिल हैं।

सिंगापुर में सात भारतीय श्रमिकों का सम्मान
सिंगापुर के मानव संसाधन मंत्रालय ने सात भारतीय श्रमिकों को एक महिला चालक को एक गहरे गढ्ढे में गिरने से बचाने के लिए सम्मानित किया है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, यह घटना शनिवार को टांजोंग काटोंग रोड साउथ पर हुई थी। इन प्रवासी श्रमिकों के नाम पिचाई उदयप्पन सुब्बैया, वेलमुरुगन, सरवनन, वीरसेकर, अजीत कुमार, चंद्रशेखरन और राजेन्द्रन हैं। जब उन्होंने देखा कि एक कार सड़क पर बने गढ्ढे में गिर गई है, तो उन्होंने तुरंत महिला चालक को सुरक्षित बाहर निकाला। रविवार को इन सभी को सिंगापुर के श्रम राज्य मंत्री दिनेश वासु दास ने 'एमओएम ऐस कॉइन' देकर सम्मानित किया। चैनल न्यूज एशिया की रिपोर्ट के मुताबिक, मंत्री ने इन श्रमिकों से उनके आवास पर मुलाकात की, जब वे अपना दिन का काम खत्म कर चुके थे। फेसबुक पर पोस्ट किए गए एक वीडियो में मंत्री ने कहा, मुझे लगता है कि यह एक बेहतरीन उदाहरण है कि हमारे प्रवासी कामगार समाज की किस तरह मदद करते हैं।

अमेरिका: कैलिफोर्निया के पास दुर्घटनाग्रस्त विमान में सवार सभी 3 लोगों की मौत
कैलिफोर्निया के पास प्रशांत महासागर में एक छोटा ट्विन-इंजन विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस हादसे में विमान में सवार सभी तीन लोगों की मौत हो गई। कानून प्रवर्तन अधिकारियों ने रविवार रात (स्थानीय समयानुसार) इसकी पुष्टि की।

मोंटेरी काउंटी शेरिफ के कार्यालय ने बताया कि यह छोटा विमान प्वाइंट पिनोस के पास समुद्र में करीब 275 मीटर अंदर जाकर गिर गया। उन्होंने यह भी कहा कि अभी तक यह साफ नहीं है कि शनिवार को यह हादसा क्यों हुआ। चश्मदीदों ने बताया कि उन्होंने विमान के इंजन की आवाज सुनी और फिर पानी में कुछ गिरने की आवाज आई। बाद में तट पर मौजूद लोगों ने समुद्र से मलबा बहकर आता देखा।

पाकिस्तान: कराची में टीटीपी के तीन आतंकवादी मारे गए
कराची शहर में सुरक्षा बलों ने तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (टीटीपी) के तीन आतंकवादियों को एक मुठभेड़ में मार गिराया। इनमें वह मास्टरमाइंड भी शामिल था, जिसने 2024 में चीनी इंजीनियरों पर हमला करवाया था। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी। आतंकवाद रोधी विभाग (सीटीडी) के वरिष्ठ अधिकारी राजा उमर खट्टाब ने बताया कि यह अभियान रविवार रात सीटीडी और खुफिया एजेंसियों की संयुक्त टीम द्वारा किया गया। उन्होंने बताया कि कराची के मंगोपीर इलाके में एक घर पर छापामारी की गई। 

फ्रांस के अवकाश गृह में आग, एक की मौत, चार लोग लापता
दक्षिण-पश्चिम फ्रांस में दिव्यांग लोगों और उनके सहायकों के लिए बनाए गए एक अवकाश गृह में सोमवार तड़के आग लग गई। इस हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, एक गंभीर रूप से घायल हो गया। जबकि चार लोग लापता हैं और उनके मारे जाने की आशंका जताई जा रही है। यह जानकारी स्थानीय अधिकारियों ने दी। आग सुबह करीब साढ़े चार बजे मोंटमोरो स्थित इस गेस्ट हाउस में लगी, जो फ्रांस के शारंत क्षेत्र में है। आग ने इमारत के एक हिस्से को पूरी तरह से तबाह कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही करीब 80 दमकलकर्मी और दो दर्जन से अधिक दमकल वाहन मौके पर पहुंचीं। आग से इमारत की छत का कुछ हिस्सा गिर गया और अंदर की लकड़ियां जलकर काली हो गईं।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get latest World News headlines in Hindi related political news, sports news, Business news all breaking news and live updates. Stay updated with us for all latest Hindi news.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed