फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   World ›   World News Hindi Updates Asia Europe US UK UN West Asia Korea Afghanistan Politics Crime and Global events

World Update: डचेस ऑफ केंट का निधन, ब्रिटेन के शाही परिवार में शोक; कांगो में इबोला का संक्रमण फैला, 15 की मौत

Fri, 05 Sep 2025 10:47 PM IST
नितिन गौतम वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला।
वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला। Published by: नितिन गौतम Updated Fri, 05 Sep 2025 10:47 PM IST
विज्ञापन
World News Hindi Updates Asia Europe US UK UN West Asia Korea Afghanistan Politics Crime and Global events
दुनिया की बड़ी खबरें। - फोटो : अमर उजाला

डचेस ऑफ केंट का निधन, ब्रिटेन के शाही परिवार में शोक

विज्ञापन

ब्रिटेन के शाही परिवार की सदस्य डचेस ऑफ केंट का निधन हो गया। वो 92 वर्ष की थीं। बकिंघम पैलेस ने शुक्रवार को दिवंगत महारानी एलिजाबेथ द्वितीय की चचेरी बहन डचेस ऑफ केंट के निधन की घोषणा की। उनके परिवार में 89 वर्षीय पति, उनके दो बेटे और एक बेटी हैं। पैलेस ने बताया कि कैथरीन केंट का विवाह किंग जॉर्ज पंचम के पोते ड्यूक ऑफ केंट से हुआ था। उनका बृहस्पतिवार रात लंदन के केंसिंग्टन पैलेस में देहांत हो गया। शाही परिवार की सबसे बुजुर्ग सदस्यों में से एक डचेस दुनिया भर में विंबलडन टेनिस टूर्नामेंट के समापन पर ट्रॉफी देने वाली सुंदर महिला के रूप में जानी जाती थीं। कैथरीन वॉर्स्ली के रूप में जन्मी डचेस, यॉर्कशायर के कुलीन जमींदार परिवार से थीं। 1961 में केंट के ड्यूक प्रिंस एडवर्ड से विवाह के बाद महारानी एलिजाबेथ द्वितीय और तत्कालीन प्रिंस चार्ल्स की उपस्थिति में वे शाही परिवार का हिस्सा बन गईं। संगीत डचेस के जीवन का अभिन्न अंग था।

ब्रिटिश पीएम ने जताया शोक



पूर्व राष्ट्रपति जो बाइडन का हुआ इलाज
अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति जो बाइडन ने हाल ही में त्वचा कैंसर के घाव को हटाने के लिए एक सर्जरी कराई। उनकी प्रवक्ता केली स्कली ने इसकी पुष्टि की। एक वीडियो संदेश में बाइडन को डेलावेयर के चर्च से माथे पर ताजा सर्जरी के निशान के साथ बाहर आते देखा गया। बाइडन ने जो सर्जरी कराई है, इसमें त्वचा की परतें काटकर कैंसर हटाया जाता है। दो साल पहले, राष्ट्रपति रहते डॉक्टरों ने बाइडन की सर्जरी की थी। उस समय उनके सीने से बेसल सेल कार्सिनोमा नामक कैंसरग्रस्त घाव भी हटाया था। गौरतलब है कि इसी साल मार्च में उनके कार्यालय की तरफ से जारी बयान के मुताबिक पूर्व राष्ट्रपति बाइडन आक्रामक प्रोस्टेट कैंसर से भी जूझ रहे हैं। अब ये बीमारी उनकी हड्डियों तक फैल चुकी है। इस संबंध में बाइडन के आधिकारिक सोशल मीडिया पर बयान भी जारी किया गया था। इसमें लिखा गया था कि कैंसर हर किसी को प्रभावित करता है और मुश्किल समय इंसान और मजबूत बनता है। बता दें कि बाइडन परिवार में कैंसर का इतिहास रहा है। उनके बेटे बो का निधन ब्रेन ट्यूमर से हुआ था, जबकि पत्नी जिल भी दो कैंसरग्रस्त गांठों को हटवाने की सर्जरी करा चुकी हैं। 

जेलेंस्की के बाद क्या पुतिन से फिर बात करेंगे? ट्रंप ने दिया ये जवाब
रूस और यूक्रेन के बीच संघर्ष साढ़े तीन साल से अधिक समय से जारी है। अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप शांति बहाली के प्रयास कर रहे हैं। ताजा घटनाक्रम में उन्होंने व्हाइट हाउस में टेक लीडर्स डिनर के दौरान रूसी समकक्ष से एक और मुलाकात के संकेत दिए। दरअसल, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से जब पूछा गया कि क्या वे यूक्रेन के राष्ट्रपति व्लोदिमिर जेलेंस्की से बातचीत के बाद जल्द ही रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से भी बात करेंगे? इस पर ट्रंप ने कहा, 'हां, हमारा बहुत अच्छा संवाद हो रहा है।' रिपोर्ट्स के मुताबिक डिनर के दौरान ट्रंप अपनी पत्नी और अमेरिका की फर्स्ट लेडी मेलानिया ट्रंप और दिग्गज सोशल मीडिया कंपनी- मेटा के सीईओ मार्क जुकरबर्ग के बीच बैठे थे। मेलानिया ने नए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) एजुकेशन टास्क फोर्स को लेकर हुई बैठक की अध्यक्षता की। ट्रंप ने उद्योगपतियों से अमेरिकी निवेश पर चर्चा की। जुकरबर्ग ने 2028 तक 600 अरब डॉलर निवेश का अनुमान जताया।

 

मोरक्को : नारीवादी कार्यकर्ता को ईशनिंदा में ढाई साल जेल
मोरक्को की एक अदालत ने प्रख्यात नारीवादी और एलजीबीटीक्यू अधिकार कार्यकर्ता इब्तिस्साम लश्गार को ईशनिंदा का दोषी ठहराते हुए ढाई साल की कैद और 5,000 डॉलर का जुर्माना सुनाया है। फैसले ने मोरक्को में बहस छेड़ दी है। जहां कुछ लोग इसे सही मान रहे हैं, वहीं कुछ इसे अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर खतरा बता रहे हैं। लश्गार पर आरोप था कि उन्होंने ऐसी टी-शर्ट पहनकर सेल्फी साझा की, जिस पर लिखे संदेश को इस्लाम व राजशाही का अपमान माना गया। 

ट्रंप की अमेरिकी कांग्रेस पर और मजबूत हुई पकड़
ग्रीष्मकालीन अवकाश के अंतिम दिनों में रिपब्लिकन राष्ट्रीय समिति के मुख्यालय में सभी स्टाफ सदस्यों की बैठक हुई। यह सिर्फ सामान्य सियासी रणनीतिक नहीं, बल्कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की कांग्रेस पर गहरी पकड़ का प्रदर्शन था। ट्रंप की राजनीतिक टीम ने रिपब्लिकन स्टाफ को सुबह वन ब्यूटीफुल बिल एक्ट व आगामी मध्यावधि चुनाव के मुद्दे पर बैठक में बुलाया। इस बैठक में रिपब्लिकन बहुमत (सांसद) एक शक्तिशाली कार्यपालिका के इशारों पर चलता दिखाई दिया। बैठक में व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरोलिन लेविट, पोलस्टर टोनी फैब्रीजियो और राजनीतिक निदेशक जेम्स ब्लेयर जैसे नेता भी शामिल रहे। इस दौरान लोगों ने ट्रंप की नीतियों के विरोध में बैठक स्थल के बाहर प्रदर्शन किया। 

मानवता अपराध में शामिल व्यक्ति बांग्लादेश में चुनाव से बाहर
बांग्लादेश की अंतरिम सरकार ने अंतरराष्ट्रीय अपराध (ट्रिब्यूनल) कानून 1973 में संशोधन किया है। नए प्रावधान के तहत मानवता के खिलाफ अपराधों में अगर किसी व्यक्ति के खिलाफ चार्जशीट दायर होती है, तो उसे चुनाव लड़ने, सांसद बने रहने या सरकारी नौकरी करने से अयोग्य कर दिया जाएगा। बांग्लादेश की अंतरिम सरकार के मुखिया मोहम्मद यूनुस के प्रेस सचिव शफीकुल आलम ने बताया कि यह कदम इसीलिए उठाया गया, ताकि ऐसे लोग न तो संसद का चुनाव लड़ सकें और न ही सरकारी पद पर बने रह सकें।

भारत संग सहयोग नहीं किया तो हम हार जाएंगे : फिनलैंड
फिनलैंड के राष्ट्रपति एलेक्जेंडर स्टब ने कहा है कि यूरोप और पश्चिम को अपनी विदेश नीति में गरिमापूर्ण और सहकारी दृष्टिकोण अपनाना होगा, अन्यथा वैश्विक प्रभाव खोने का जोखिम उठाना पड़ेगा। उन्होंने लिथुआनियाई राष्ट्रपति गीतानास नौसेदा के साथ साझा प्रेसवार्ता में कहा, एससीओ शिखर सम्मेलन पश्चिम को वैश्विक दक्षिण की ताकत भी बताता है। स्टब ने कहा, यदि विदेश नीति अधिक सहयोगात्मक नहीं रही, तो हम यह खेल हार जाएंगे। ट्रंप के करीबी माने जाने वाले स्टब ने कहा, मेरा संदेश न केवल मेरे यूरोपीय सहयोगियों के लिए है, बल्कि खासतौर पर अमेरिका के लिए भी है। उन्होंने ट्रंप की नीतियों व भारत पर लगाए उच्च शुल्कों पर कहा, हम पुरानी व्यवस्था के अवशेषों को संरक्षित करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस व्यवस्था से सभी को नुकसान होगा।

खैबर पख्तूनख्वा में इस साल आतंकी हमलों में 138 की मौत
पाकिस्तान में इस साल सैकड़ों आतंकी हमले हुए हैं। केवल जून में 78 आतंकी हमले हुए, जिनमें 100 लोग मारे गए। 189 घायल हुए। एक दूसरी रिपोर्ट के अनुसार सिर्फ खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में इस साल अब तक 605 आतंकी हमले हुए हैं। इनमें 138 नागरिक मारे गए। 352 घायल हो गए। खैबर पख्तूनख्वा पुलिस विभाग की हालिया रिपोर्ट में कहा गया है कि हमलों में 79 पुलिसकर्मी मारे गए। 130 घायल हुए। अगस्त में 129 आतंकी हमलों में 17 नागरिकों और 13 पुलिसकर्मियों की जान गई।

जमैका : प्रधानमंत्री होलनेस ने तीसरी बार जीता चुनाव
भ्रष्टाचार व आर्थिक असमानता से त्रस्त जमैका के प्रधानमंत्री एंड्रयू होलनेस ने बृहस्पतिवार तड़के एक कड़े मुकाबले के बाद तीसरी बार चुनाव में जीत हासिल की। प्रारंभिक परिणामों से पता चला है कि होलनेस की जमैका लेबर पार्टी ने कम से कम 34 सीट जीती हैं, जबकि मार्क गोल्डिंग की विपक्षी पीपुल्स नेशनल पार्टी ने कम से कम 29 सीट पर जीत हासिल की है। गोल्डिंग ने एक संक्षिप्त भाषण में चुनावी हार स्वीकार करते हुए कहा कि वह नतीजों से निराश हैं।

92 वर्षीय मशहूर शिक्षिका रूथ पेन का अमेरिका में निधन
मशहूर अमेरिकी शिक्षिका रूथ पेन का 92 साल की आयु में निधन हो गया है। उनका नाम 1963 में तत्कालीन अमेरिकी राष्ट्रपति जॉन एफ कैनेडी की हत्या से जुड़ा हुआ है। पेन की बेटी तामारिन लॉरेल-पेन ने गुरुवार (अमेरिकी समयानुसार) को बताया कि गत रविवार को कैलिफोर्निया के सांता रोजा में उनकी मृत्यु हो गई। 22 नवंबर 1963 को जब केनेडी का काफिला परेड मार्ग से गुजर रहा था, उसी समय तत्कालीन राष्ट्रपति की हत्या कर दी गई थी। टेक्सास स्कूल बुक डिपोजिटरी भवन से गोलियां चली थीं। पेन का नाम इसलिए चर्चा में आया क्योंकि उन्होंने ली हार्वे ओसवाल्ड और उनकी पत्नी के प्रति करुणा दिखाई थी। जिस समय केनेडी की हत्या हुई थी ओसवाल्ड अपनी पत्नी और बच्चे के साथ डलास में थे। ओसवाल्ड ने हत्या से एक रात पहले गैराज से अपनी राइफल निकाली थी। वे टेक्सास स्कूल बुक डिपोजिटरी में नौकरी करते थे। हत्या से एक रात पहले वे रूथ पेन के घर पर रुके थे। यहीं से शिक्षिका पेन का नाम चर्चा में आया।

ब्राजील में मुठभेड़, पुलिस ने मार गिराए आठ गैंग सदस्य 
ब्राजील के रियो डी जनेरियो में पुलिस ने एक ड्रग तस्करी गिरोह पर छापेमारी के दौरान हुई मुठभेड़ में आठ गैंग सदस्यों को मार गिराया। एनकाउंटर के बाद एक पादरी व एक बच्चे को बंधक से मुक्त करा लिया गया। कार्रवाई का लक्ष्य "प्योर थर्ड कमांड" गिरोह और उसका सरगना "कोरोनेल" था, जिस पर एक महिला की हत्या का आरोप है। पुलिस ने बताया कि कुछ अपराधियों ने बस को बैरिकेड बनाने की कोशिश की, जिनमें से दो को गिरफ्तार किया गया। मुठभेड़ में चार राइफलें बरामद हुईं। गोलीबारी से स्कूल बंद हो गए, यातायात बाधित हुआ और शहर में दहशत का माहौल बन गया।

ट्रंप के विरोध में कैंपस पर विरोध प्रदर्शनों से सुर्खियों में आए यूनिवर्सिटी अध्यक्ष का इस्तीफा
अमेरिका की नॉर्थवेस्टर्न यूनिवर्सिटी के अध्यक्ष माइकल शिल ने इस्तीफा देने का एलान किया है। अब उनका तीन साल का कार्यकाल समाप्त हो जाएगा। उन्होंने कहा कि वे अंतरिम अध्यक्ष चुने जाने तक पद पर बने रहेंगे और संघीय फंड हासिल करने के लिए बोर्ड ऑफ ट्रस्टीज के साथ काम करेंगे। बता दें कि उनके कार्यकाल में ट्रंप प्रशासन ने विश्वविद्यालय के 790 मिलियन डॉलर के संघीय फंड रोक दिए थे। रिपब्लिकन सांसदों ने कैंपस पर विरोध प्रदर्शनों पर उनकी प्रतिक्रिया की आलोचना की थी। 2024 में फलस्तीनी लोगों के समर्थन में हुए प्रदर्शनों के दौरान विश्वविद्यालय और छात्रों के बीच विवाद बढ़ गया था। शिल ने कहा कि पुलिस कार्रवाई सुरक्षित विकल्प नहीं था।

जिनपिंग और किम जोंग उन ने चीन और उत्तर कोरिया के गहरे संबंधों का संकल्प लिया
चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग और उत्तर कोरियाई नेता किम जोंग उन ने बीजिंग में मुलाकात कर आपसी समर्थन और सहयोग बढ़ाने का संकल्प लिया। यह मुलाकात इसलिए खास है क्योंकि किम छह साल बाद चीन दौरे पर आए हैं। उन्होंने द्वितीय विश्व युद्ध की 80वीं वर्षगांठ पर बीजिंग में आयोजित सैन्य परेड में शी और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ हिस्सा लिया। दोनों नेताओं ने उच्च स्तरीय मुलाकातें, रणनीतिक सहयोग और साझा हितों की रक्षा पर चर्चा की। किम की रूस के साथ हालिया नजदीकी पर चीन चिंतित है। विश्लेषकों का मानना है कि तीनों देशों की संयुक्त उपस्थिति अमेरिकी दबाव का संकेत है।

कांगो में इबोला का संक्रमण फैला, 15 की मौत

मध्य अफ्रीकी देश कांगो के स्वास्थ्य मंत्रालय ने गुरुवार को बताया कि वहां इबोला का संक्रमण फैल गया है और इसकी चपेट में आए 28 लोगों में से 15 लोगों की मौत हो गई है। कांगो में 16वीं बार है, जब इबोला का संक्रमण फैला है। इस बीमारी में मृत्यु दर करीब 53 प्रतिशत है, जो हालात की गंभीरता दर्शाती है। कांगो के बौलापे में इबोला से 14 और म्वेका में एक मरीज की मौत हुई है। मरने वालों में चार स्वास्थ्यकर्मी हैं। इबोला के लक्षणों में बुखार, उल्टी, दस्त और भारी रक्तस्राव जैसे लक्षण दिखाई दिए। इबोला वायरस बेहद संक्रामक है और उल्टी, रक्त या वीर्य जैसे शारीरिक तरल पदार्थों के माध्यम से फैल सकता है। इससे संक्रमित मरीज की जान जाने का खतरा रहता है। 

सूडानी सरकार ने दारफुर भूस्खलन के सैकड़ों पीड़ितों को दफनाया

सूडानी अधिकारियों ने गुरुवार को बताया कि उन्होंने सूडान के पश्चिमी क्षेत्र दारफुर में हाल ही में आए भूस्खलन में मारे गए सैकड़ों लोगों के शव बरामद कर उन्हें दफना दिया है। नागरिक प्राधिकरण के प्रमुख मुजीब अल-रहमान अल-जुबैर ने मीडिया से बातचीत में कहा कि स्थानीय सहायताकर्मियों की मदद से सरकार 375 शवों को बरामद करने में सफल रही, लेकिन शेष अभी भी जमीन के नीचे फंसे हुए हैं। बीती 31 अगस्त को मर्राह पर्वतों के तरासीन में कई दिनों तक हुई भारी बारिश के बाद हुए भूस्खलन में 1,000 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई थी। 

ओडिशा के भद्रक में टीचर्स डे पर बड़ा हादसा
ओडिशा के भद्रक जिले में टीचर्स डे के मौके पर एक सरकारी स्कूल में बड़ा हादसा हो गया। शुक्रवार सुबह बहुमाघेरी स्कूल की जर्जर छत का प्लास्टर अचानक गिर गया, जिससे तीन छोटे बच्चे घायल हो गए। यह घटना बसुदेवपुर ब्लॉक के तटीय इलाके में हुई। घायल बच्चों की पहचान 'शिशु वाटिका' (प्री-स्कूल) की शुभाश्री कला और शकुंतला मंडल तथा कक्षा 3 की छात्रा श्रवाणी कला के रूप में हुई है। स्कूल अधिकारियों के अनुसार, यह हादसा तब हुआ जब बच्चे स्कूल के बरामदे से गुजर रहे थे। तभी अचानक छत से सीमेंट के बड़े टुकड़े गिर गए, जो उनके सिर और शरीर पर लगे। घायल बच्चों को तुरंत बसुदेवपुर अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक इलाज के बाद उन्हें घर भेज दिया गया। स्कूल के हेडमास्टर प्रसंता माजी ने घटना पर गहरी चिंता जताई और कहा, 'बच्चों की जान सिर्फ भगवान की कृपा और माता-पिता के आशीर्वाद से बची है।'

अफगानिस्तान के विदेश मंत्री मुत्ताकी की भारत यात्रा रद्द
अफगानिस्तान के विदेश मंत्री आमिर खान मुत्ताकी की इस महीने प्रस्तावित भारत यात्रा संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के प्रतिबंधों के मद्देनजर रद्द कर दी गई है। सूत्रों ने शुक्रवार को बताया कि यात्रा के लिए छूट न मिलने की वजह से यात्रा स्थगित की गई। मुत्ताकी आते तो अगस्त 2021 में अफगानिस्तान में तालिबान के सत्ता में आने के बाद यह काबुल से भारत की पहली मंत्रिस्तरीय यात्रा होती। दरअसल, संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद ने सभी प्रमुख तालिबान नेताओं पर प्रतिबंध लगाए हैं। उन्हें विदेश यात्राओं के लिए छूट लेने की जरूरत है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल से मुत्ताकी की प्रस्तावित भारत यात्रा के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा, इस बारे में अपडेट होगा तो हम साझा करेंगे। 15 मई को विदेश मंत्री एस जयशंकर ने मुत्ताकी से फोन पर बात की थी। तालिबान के सत्ता में आने के बाद से यह नई दिल्ली और काबुल के बीच उच्चतम स्तर का संपर्क था।

हमास ने बंधकों का वीडियो जारी किया, इस्राइल ने ऊंची इमारत पर की बमबारी
हमास ने शुक्रवार को बंधक बनाए गए दो इस्राइली का वीडियो जारी किया। इन्हें अक्तूबर 2023 में इस्राइल में संगीत समारोह से पकड़ा था। वीडियो में एक ने कहा कि उसे गाजा शहर में रखा गया है, जहां इस्राइली सेना ने आतंकवादी समूह का सफाया करने के लिए बड़ा अभियान शुरू किया है।

गाइ गिल्बोआ-दलाल और एलन ओहेल उन 48 लोगों में से हैं, जिन्हें हमास ने गाजा में अब भी बंधक रखा है। माना जा रहा कि 20 लोग जिंदा हैं। इस्राइली सेना ने शुक्रवार को गाजा शहर के पश्चिम में एक ऊंची इमारत पर बमबारी की। सेना ने इस बात का सबूत नहीं दिया कि आतंकवादी इस इमारत का इस्तेमाल कर रहे थे। इमारत के प्रबंधक ने कहा कि इसका इस्तेमाल युद्ध से विस्थापित फलस्तीनियों के लिए किया जा रहा था। गाजा के स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि शुक्रवार को गाजा में सेना ने 30 फलस्तीनियों को मार गिराया। इनमें से 20 गाजा शहर में मारे गए। सेना कई हफ्तों से शहर पर भारी हमले कर रही, बाहरी उपनगरों से आगे बढ़ रही और इस हफ्ते सेना शहर के केंद्र से कुछ किलोमीटर के दायरे में थी।

पाकिस्तान और चीन ने CPEC के दूसरे चरण की शुरुआत की
पाकिस्तान और चीन ने विवादित चीन-पाकिस्तान इकोनॉमिक कॉरिडोर (CPEC) परियोजना के दूसरे चरण की औपचारिक शुरुआत करते हुए 8.5 अरब डॉलर (लगभग 71 हजार करोड़ रुपये) के 21 समझौतों और संयुक्त परियोजनाओं पर हस्ताक्षर किए। ये करार गुरुवार को बीजिंग में पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ की चीन यात्रा के अंतिम दिन हुए। इस दौरान शरीफ ने चीनी प्रधानमंत्री ली कियांग से मुलाकात की और निवेशकों के सम्मेलन में हिस्सा लिया।

पाकिस्तानी अखबार के मुताबिक, समझौते विज्ञान और तकनीक, सूचना प्रौद्योगिकी, मीडिया, निवेश, कृषि समेत कई क्षेत्रों में सहयोग को बढ़ावा देंगे। दोनों देशों ने CPEC 2.0 के तहत पांच नए कॉरिडोर पर मिलकर काम करने पर भी सहमति जताई। भारत CPEC का विरोध करता है क्योंकि यह चीन के शिनजियांग प्रांत को पाकिस्तान के बलूचिस्तान स्थित ग्वादर बंदरगाह से जोड़ता है और इसका कुछ हिस्सा पीओके से होकर गुजरता है। शहबाज शरीफ ने बैठक में CPEC को पाकिस्तान के सामाजिक और आर्थिक विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने ML-1 रेलवे परियोजना, कराकोरम हाईवे के पुनर्निर्माण और ग्वादर पोर्ट के संचालन को तेज गति से लागू करने की जरूरत पर जोर दिया।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get latest World News headlines in Hindi related political news, sports news, Business news all breaking news and live updates. Stay updated with us for all latest Hindi news.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed