फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   World ›   World News Hindi Updates Asia Europe US UK UN West Asia Japan Nuclear London Politics Crime and Global events

World: हथियार डिपो में धमाका, छह लेबनानी सैनिकों की मौत; ट्रंप ने सीनेट के लिए लिंडसे ग्राहम का किया समर्थन

Sun, 10 Aug 2025 02:45 PM IST
नितिन गौतम वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला।
वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला। Published by: नितिन गौतम Updated Sun, 10 Aug 2025 02:45 PM IST
विज्ञापन
World News Hindi Updates Asia Europe US UK UN West Asia Japan Nuclear London Politics Crime and Global events
दुनिया की बड़ी खबरें - फोटो : अमर उजाला

थाईलैंड में हुए एक रेल हादसे में कई लोगों के घायल होने की खबर है। बैंकॉक पोस्ट की रिपोर्ट के अनुसार, शनिवार तड़के थाईलैंड के कुई बुरी जिले में एक एक्सप्रेस ट्रेन के पटरी से उतर गई। स्थानीय समय के मुताबिक शनिवार तड़के हुए इस हादसे में नौ यात्री घायल हो गए। 12 बोगियों वाली ये ट्रेन नारथिवात प्रांत के सु-नगाई कोलोक जिले से बैंकॉक के क्रुंगथेप अफिवात (बैंग सू) स्टेशन जा रही थी। ट्रेन में पीछे की तरफ लगाए गए तीन डिब्बे, नंबर 10, 11 और 12 पटरी से उतर गए, लेकिन पलटे नहीं। घायलों में एक बौद्ध भिक्षु, एक छोटी लड़की और सात महिलाएं शामिल हैं। सभी पीड़ितों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। रेलवे अधिकारी पटरी से उतरने के कारणों की जांच कर रहे हैं।

विज्ञापन

 

जॉर्जिया के रैपर टी-हुड की गोली मारकर हत्या, एक गिरफ्तार
जॉर्जिया के लोकप्रिय रैपर तेविन हुड, जिन्हें टी-हुड के नाम से जाना जाता था, की स्नेलविले स्थित उनके घर पर गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस के अनुसार, यह घटना इलाके में दो पक्षों के विवाद के बाद हुई। ग्विनेट काउंटी पुलिस ने इसे हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हमले के बाद टी-हुड को अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। उनकी मां युलांडा ने पुष्टि की कि गोली उनके घर पर मारी गई। पुलिस ने एक संदिग्ध को गिरफ्तार किया है। 33 वर्षीय टी-हुड दक्षिणी रैप जगत में मशहूर थे और "रेडी 2 गो", "बिग बूटी", "नो सीक्रेट" और "परकुलेटर" जैसे हिट गाने दिए थे। हाल ही में उन्हें ब्लैक ओनली अवार्ड्स 2025 में "ट्रेंडसेटर ऑफ द ईयर" सम्मान मिला था। उनकी प्रेमिका केल्सी फ्रॉस्ट और संगीतकार दीडॉटविल ने उनकी मौत पर शोक व्यक्त किया।

विज्ञापन
ग्वाटेमाला में आया 5.9 तीव्रता का भूकंप
ग्वाटेमाला के दक्षिण-पश्चिमी तट पर शनिवार (स्थानीय समयानुसार) को 5.9 तीव्रता का भूकंप आया। हालांकि, किसी नुकसान की तत्काल कोई खबर नहीं है। अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण के अनुसार, भूकंप ग्वाटेमाला के चंपेरिको से लगभग 100 किलोमीटर दक्षिण-पश्चिम में 9 किलोमीटर की गहराई पर आया। लोगों ने सोशल मीडिया पर ग्वाटेमाला की राजधानी और अन्य इलाकों में भूकंप के झटके महसूस होने की सूचना दी। भूकंप दक्षिणी मेक्सिको के कुछ हिस्सों में भी महसूस किया गया।
विज्ञापन
विज्ञापन


यूएनएससी यात्रा प्रतिबंध के चलते अफगान विदेश मंत्री की पाकिस्तान यात्रा रद्द
अफगानिस्तान के विदेश मंत्री आमिर खान मुत्तकी की पाकिस्तान यात्रा रद्द होने की वजह संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (यूएनएससी) का यात्रा प्रतिबंध माना जा रहा है। पाकिस्तानी अखबार ‘डॉन’ के मुताबिक, मुत्तकी का 4 अगस्त को इस्लामाबाद दौरा तय था, जो अप्रैल में पाकिस्तान के विदेश मंत्री इशाक डार की काबुल यात्रा के बाद उच्च स्तरीय संपर्कों को आगे बढ़ाने के लिए प्रस्तावित था। हालांकि, राजनयिक सूत्रों का कहना है कि अमेरिका ने यूएनएससी की उस विशेष छूट को रोक दिया, जिससे मुत्तकी को यात्रा की अनुमति मिल सकती थी। इसके चलते यह दौरा रद्द करना पड़ा।

पाकिस्तानी सेना प्रमुख आसिम मुनीर की अमेरिका में शीर्ष नेताओं से मुलाकात
पाकिस्तान के सेना प्रमुख जनरल आसिम मुनीर ने वॉशिंगटन दौरे के दौरान अमेरिका के शीर्ष राजनीतिक और सैन्य नेतृत्व से मुलाकात की। यह जून के बाद उनका दूसरा अमेरिका दौरा है। सेना की ओर से जारी बयान के अनुसार, मुनीर ने अमेरिकी सेंट्रल कमांड के सेवानिवृत्त हो रहे कमांडर जनरल माइकल ई. कुरिल्ला के रिटायरमेंट समारोह और एडमिरल ब्रैड कूपर के पदभार ग्रहण कार्यक्रम में भाग लिया। उन्होंने दोनों अधिकारियों को शुभकामनाएं दीं और द्विपक्षीय सैन्य सहयोग को मजबूत करने पर जोर दिया। मुनीर ने चेयरमैन ज्वाइंट चीफ्स ऑफ स्टाफ जनरल डैन कैन से भी मुलाकात की और उन्हें पाकिस्तान आने का निमंत्रण दिया।

अमेरिका ने अफगान विदेश मंत्री की पाकिस्तान यात्रा रोकी: रिपोर्ट

अफगानिस्तान के विदेश मंत्री आमिर खान मुत्ताकी की पाकिस्तान की प्रस्तावित यात्रा पर अमेरिका ने रोक लगा दी है। डॉन की एक रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिका ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (यूएनएससी) की यात्रा प्रतिबंध छूट को मंज़ूरी देने से इनकार कर दिया है। खबरों के मुताबिक मुत्ताक़ी काबुल और इस्लामाबाद के बीच संबंधों को सुधारने के मकसद से चार अगस्त को ही आने वाले थे, लेकिन अमेरिका ने इस पर रोक लगा दी। राजनयिक सूत्रों का हवाला देते हुए एक रिपोर्ट में कहा गया है कि अफगान विदेश मंत्री अंतरराष्ट्रीय प्रतिबंधों का सामना कर रहे हैं, ऐसे में वे संयुक्त राष्ट्र प्रतिबंध समिति से विशेष छूट के बिना विदेश यात्रा नहीं कर सकते। अमेरिका ने छूट देने से इनकार करने का फैसला आखिरी वक्त में लिया, जिससे मुत्ताकी को अपनी यात्रा रद्द करनी पड़ी। डॉन की खबर के मुताबिक माना जा रहा है कि अमेरिका का यह फैसला तालिबान सरकार की चीन के साथ बढ़ती नजदीकियों से उपजी चिंताओं से प्रेरित है।

लॉस एंजेलिस में स्टोर से 7000 डॉलर की लाबुबू गुड़िया चोरी
अमेरिका में लॉस एंजेलिस के एक स्टोर से नकाबपोश चोरों के एक समूह ने लगभग 7,000 डॉलर की लाबुबू गुड़िया चोरी कर लीं। लॉस एंजेलिस काउंटी शेरिफ विभाग ने बताया कि यह घटना बुधवार सुबह लॉस एंजेलिस से लगभग 29 किलोमीटर पूर्व में स्थित ला पुएंते शहर के एक स्टोर में हुई। विभाग ने कहा कि संदिग्धों ने इस घटना में एक चोरी की हुई टोयोटा टैकोमा का इस्तेमाल किया था, जिसे कुछ ही देर बाद बरामद कर लिया गया। एजेंसी ने कहा कि वह मामले की जांच कर रही है और उसके पास अतिरिक्त जानकारी नहीं है। हांगकांग में जन्मे कलाकार कासिंग लुंग द्वारा बनाया गया यह खिलौना लाबुबू, इन दांतेदार राक्षसों के पहली बार सामने आने के एक दशक बाद एक लोकप्रिय संग्रहणीय वस्तु बन गया है।

कोलंबियाई सीनेटर की हालत रक्तस्राव के बाद फिर से गंभीर
बोगोटा में एक चुनावी रैली के दौरान जून में गोली लगने से घायल हुए कोलंबियाई सीनेटर मिगुएल उरीबे टर्बे की हालत फिर से बिगड़ गई है। वह अब भी अस्पताल में भर्ती हैं। उनके तंत्रिका तंत्र में रक्तस्राव हुआ है। उनका इलाज कर रहे फंडासिओन सांता फे क्लिनिक ने कहा कि उरीबे टर्बे को बचाने के लिए तुरंत ऑपरेशन करना पड़ा। उनकी हालत सुधारने के लिए उन्हें बेहोशी की हालत में रखा गया है। गौरतलब है कि उरीबे टर्बे को 7 जून को एक पार्क में चुनावी भाषण देते समय तीन बार गोली मारी गई थी। उनके सिर में दो बार गोली लगी। तब से, वह गंभीर हालत में आईसीयू में भर्ती हैं और उनकी हालत में थोड़ा सुधार हुआ है।

जयशंकर ने अर्मेनियाई विदेश मंत्री को दी बधाई, आर्मेनिया-अजरबैजान शांति संधि को उपलब्धि बताया
भारतीय विदेश मंत्री एस जयशंकर ने शनिवार को वाशिंगटन में हुई आर्मेनिया-अजरबैजान शांति संधि को भारत द्वारा समर्थित संवाद और कूटनीति के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। जयशंकर ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि उन्होंने अपने अर्मेनियाई समकक्ष अरारत मिर्जोयान से बात की और उन्हें इस प्रगति के लिए बधाई दी। शुक्रवार को व्हाइट हाउस शांति शिखर सम्मेलन में, आर्मेनिया और अजरबैजान के नेताओं ने दशकों से चले आ रहे संघर्ष को समाप्त करने के उद्देश्य से एक समझौते पर हस्ताक्षर किए। 

जापान बोला- परमाणु हथियार खत्म करेंगे
जापान के नागासाकी में अमेरिका की तरफ से किए गए परमाणु बम हमले की 80वीं बरसी पर स्मृति कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। जख्मों, भेदभाव और विकिरण से होने वाली बीमारियों की पीड़ा सहने के बावजूद हमले से बचे लोगों ने परमाणु हथियारों को खत्म करने के साझा लक्ष्य के लिए सार्वजनिक रूप से अपनी प्रतिबद्धता जताई। नागासाकी में हमले से बचे लोगों के पक्ष में खड़े एक संगठन की सदस्य 83 वर्षीय तेरुको योकोयामा ने कहा कि उन्हें उन लोगों की कमी महसूस होती है, जिनके साथ उन्होंने काम किया और यही भावना उन्हें बचे पीड़ितों के जीवन का दस्तावेजीकरण करने की मजबूत इच्छा देती है। हमले में बचे लोगों की संख्या अब सिर्फ 99,130 रह गई है जो कुल पीड़ितों के लगभग एक चौथाई हैं। इनकी औसत उम्र 86 साल से अधिक हो चुकी है। अमेरिका ने 9 अगस्त, 1945 को नागासाकी पर परमाणु बम गिराया था। इसमें करीब 70 हजार लोग मारे गए थे।

PAK के रक्षा मंत्री ख्वाजा फिर बोले- एक भी पाकिस्तानी विमान नहीं मार गिराया गया
पाकिस्तान के रक्षामंत्री ने ख्वाजा आसिफ ने शनिवार को फिर दोहराया कि पाकिस्तान का एक भी सैन्य विमान ऑपरेशन सिंदूर में नहीं मार गिराया गया। उन्होंने भारतीय वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल अमरप्रीत सिंह के छह पाकिस्तानी विमान गिराने के दावों को खारिज कर दिया। आसिफ ने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, तीन महीने तक ऐसा कोई दावा नहीं किया गया- जबकि पाकिस्तान ने तत्काल बाद अंतर्राष्ट्रीय मीडिया को विस्तृत तकनीकी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान पाकिस्तानी विमानों के नष्ट होने के बारे में भारतीय वायु सेना प्रमुख के देर से दिए गए दावे जितने अविश्वसनीय हैं उतने ही गलत समय पर दिए गए हैं। आसिफ ने दावा किया कि नियंत्रण रेखा पर भारतीय सशस्त्र बलों को भी बराबर नुकसान हुआ। उन्होंने आगे कहा, अगर सच्चाई पर संदेह है तो दोनों पक्षों को अपने विमानों के भंडार स्वतंत्र सत्यापन के लिए खोलने चाहिए। हमें संदेह है कि इससे वह सच्चाई सामने आ जाएगी जिसे भारत छिपाना चाहता है

चीन में भारी बारिश, आपातकालीन स्थिति स्तर IV का एलान
भारी बारिश के बाद चीन के कई प्रांतों में बाढ़ जैसी स्थिति है। हालात गंभीर होने का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि देश के बाढ़ नियंत्रण और सूखा राहत मुख्यालय ने कई प्रांतों में बाढ़ की स्थिति को देखते हुए आपातकालीन प्रतिक्रिया स्तर IV का एलान किया है। बाढ़ की रोकथाम में स्थानीय अधिकारियों की सहायता के लिए अनहुई और हुबेई में राहत और बचाव दल भेजे गए हैं। देश के जल संसाधन मंत्रालय ने भी हेनान, हुबेई, चोंगकिंग, सिचुआन और शानक्सी में बाढ़-नियंत्रण आपातकालीन प्रतिक्रिया शुरू कर दी है। ग्लोबल टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, देश में 9 से 11 अगस्त के बीच कई क्षेत्रों में मूसलाधार बारिश की चेतावनी जारी की गई है। इन इलाकों में सिचुआन, चोंगकिंग, दक्षिणी और मध्य अनहुई, दक्षिणी और मध्य हेनान, पूर्वी हुबेई, दक्षिणी गांसु और दक्षिणी शानक्सी शामिल हैं। अत्यधिक बारिश के कारण यांग्त्ज़ी और उसकी सहायक नदियों में जल स्तर बढ़ सकता है। मिंजियांग, तुओजियांग और जियालिंग नदियां भी उफान पर हैं। ग्लोबल टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, सरकार ने राहत अभियान के लिए 54 होटलों का अधिग्रहण किया है। बाढ़ से विस्थापित लगभग 10,000 लोगों के रहने के लिए 14 केंद्रीकृत आश्रय स्थल तैयार किए गए हैं। इनमें स्कूल और ग्राम प्रशासनिक केंद्र भी शामिल हैं।

इराकी PM ने पुलिस के साथ हिंसक झड़प के बाद अर्धसैनिक कमांडरों को हटाया
इराक के प्रधानमंत्री ने पिछले महीने एक सरकारी प्रतिष्ठान में पुलिस के साथ हुई हिंसक झड़प के बाद अर्धसैनिक बल के वरिष्ठ कमांडरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मंजूरी दी है। झड़प में तीन लोगों की मौत हो गई थी। 27 जुलाई को बगदाद के कारख जिले में कृषि निदेशालय पर बंदूकधारियों ने हमला किया था। इस दौरान संघीय पुलिस के साथ उनकी झड़प हुई थी। यह छापेमारी निदेशालय के पूर्व प्रमुख को पद से हटाकर नए प्रमुख की नियुक्ति के बाद की गई। प्रधानमंत्री मोहम्मद शिया अल-सुदानी के प्रवक्ता सबा अल-नुमान ने शनिवार को एक बयान में कहा कि सरकार द्वारा कराई गई जांच में पाया गया कि भ्रष्टाचार के मामलों में शामिल पूर्व निदेशक ने हमले के लिए कताइब हिजबुल्लाह मिलिशिया के सदस्यों को बुलाया था। अल-सुदानी, जो सशस्त्र बलों के कमांडर-इन-चीफ भी हैं, ने हमले की जांच के लिए एक समिति के गठन का आदेश दिया।

हथियार डिपो में धमाका, छह लेबनानी सैनिकों की मौत

लेबनानी सेना के एक हथियार डिपो में हुए धमाके में छह लोगों की मौत हो गई है। लेबनानी सेना ने शनिवार को बयान जारी कर इसकी जानकारी दी। घटना दक्षिणी लेबनान के वादी जिबकान इलाके की है। धमाके की वजह का अभी तक खुलासा नहीं हुआ है और इसकी जांच की जा रही है। लेबनानी सेना, संयुक्त राष्ट्र शांति सेना के साथ मिलकर दक्षिणी लेबनान में हिजबुल्ला के ठिकानों को खत्म करने में जुटी है। हालांकि हिजबुल्ला द्वारा इसका विरोध किया जा रहा है। 

ट्रंप ने सीनेटर पद के लिए लिंडसे ग्राहम का किया समर्थन

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने साउथ कैरोलिना सीट से 2026 में सीनेटर पद के लिए लिंडसे ग्राहम का समर्थन किया है। लिंडसे ग्राहम अगर 2026 में चुने जाते हैं तो यह उनका पांचवा कार्यकाल होगा। वह साल 2002 में पहली बार सीनेटर बने थे। 
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get latest World News headlines in Hindi related political news, sports news, Business news all breaking news and live updates. Stay updated with us for all latest Hindi news.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed