फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   World ›   World News Hindi Updates Asia Europe US UK UN West Asia Bangladesh Congo Politics Crime and Global events

World: साओ पाओलो में विमान हादसा, दो यात्रियों की मौत; नेतन्याहू ने ट्रंप को उपहार में दिया गोल्डन पेजर

Fri, 07 Feb 2025 11:20 PM IST
ज्योति भास्कर वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला
वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला Published by: ज्योति भास्कर Updated Fri, 07 Feb 2025 11:20 PM IST
विज्ञापन
World News Hindi Updates Asia Europe US UK UN West Asia Bangladesh Congo Politics Crime and Global events
दुनिया की बड़ी खबरें - फोटो : amar ujala graphics
साओ पाओलो में शुक्रवार सुबह एक छोटा विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इसमें दो यात्रियों की मौत हो गई। अग्निशमन विभाग ने बताया कि विमान का एक टुकड़ा बस से टकराया। इससे बस में सवार महिला घायल हो गई। वहीं एक बाइक सवार बस के दूसरे मलबे से टकराया। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।  
विज्ञापन


व्हाइट हाउस में नेतन्याहू ने ट्रंप को उपहार में दिया गोल्डन पेजर
इस्राइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को गोल्डन पेजर गिफ्ट किया। मंगलवार को व्हाइट हाउस में अपनी मीटिंग के दौरान नेतन्याहू से गोल्डन पेजर प्राप्त करने के बाद ट्रंप ने इसे शानदार ऑपरेशन बताया। टाइम्स ऑफ इस्राइल ने कहा कि यह उपहार प्रधानमंत्री के उस फैसले का प्रतीक है, जिसने युद्ध में एक महत्वपूर्ण मोड़ ला दिया और आतंकवादी संगठन हिजबुल्ला की इच्छाशक्ति को तोड़ने की शुरुआत की थी। पीएमओ के अनुसार, यह ऑपरेशन इस्राइल की शक्ति, तकनीकी श्रेष्ठता और अपने दुश्मनों के खिलाफ चालाकी को दर्शाता है। बता दें कि 17 सितंबर, 2024 को पेजर धमाके में हिजबुल्ला के 37 लड़ाके मारे गए थे और करीब 3,000 घायल हुए थे। घायल होने वाले कई आम नागरिक भी थे। 
विज्ञापन


अमेरिका में नाइट्रोजन गैस से दी गई मौत की सजा
साल 1991 में एक महिला की हत्या के दोषी अलबामा के एक कैदी को गुरुवार को नाइट्रोजन गैस का इस्तेमाल करके मौत की सजा दी गई। यह अमेरिका में चौथी बार है, जब नाइट्रोजन गैस का इस्तेमाल करके मौत की सज़ा दी गई। डेमेट्रियस फ्रेजियर (52) को साल 1991 में 41 वर्षीय पॉलीन ब्राउन से दुष्कर्म और हत्या के मामले में दोषी ठहराया गया था। फ्रेजियर को दक्षिण अलबामा जेल में गुरुवार शाम 6:36 बजे मृत घोषित कर दिया गया। यह इस साल अलबामा में पहली और 2025 में अमेरिका में तीसरी सज़ा थी, इससे पहले बुधवार को टेक्सास में और पिछले शुक्रवार को साउथ कैरोलिना में एक-एक कैदी को मौत की सजा दी गई थी। 
विज्ञापन
विज्ञापन


पीएम शहबाज और बेटा हमजा भ्रष्टाचार के आरोप से बरी
पाकिस्तान की एक अदालत ने बृहस्पतिवार को प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और उनके बेटे हमजा शहबाज को आठ साल पुराने भ्रष्टाचार के एक मामले में बरी कर दिया। शिकायतकर्ता के खुद को मामले से अलग करने के बाद अदालत ने यह फैसला सुनाया। शिकायतकर्ता जुल्फिकार अली का दावा है कि उसने न तो कोई शिकायत दर्ज कराई थी और न ही उसे उस आवेदन की जानकारी है जिसके आधार पर मामला शुरू किया गया। भ्रष्टाचार निरोधक अदालत के न्यायाधीश सरदार मोहम्मद इकबाल ने फैसला सुनाया, जिसे सोमवार को सुरक्षित रखा गया था। अदालत के एक अधिकारी ने कहा, लाहौर की एक भ्रष्टाचार निरोधक अदालत ने शहबाज शरीफ और पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री हमजा शहबाज को रमजान शुगर मिल भ्रष्टाचार मामले में बरी कर दिया, क्योंकि शिकायतकर्ता ने खुद को मामले से अलग कर लिया था। गौरतलब है कि 2018 में राष्ट्रीय जवाबदेही ब्यूरो (एनएबी) ने शरीफ और हमजा के खिलाफ पद का दुरुपयोग करके राष्ट्रीय खजाने को 20 करोड़ पाकिस्तानी रुपये से अधिक का नुकसान पहुंचाने का मामला दर्ज किया था। हमजा और उनके छोटे भाई सुलेमान पंजाब प्रांत की रमजान शुगर मिल के मालिक हैं।

अमेरिका में जड़ से खत्म होगा 'ईसाई विरोधी पूर्वाग्रह', ट्रंप ने गठित किया टास्क फोर्स
राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने टास्क फोर्स गठित किया है। इसका मकसद अमेरिका में 'ईसाई विरोधी पूर्वाग्रह' को जड़ से खत्म करना है। अटॉर्नी जनरल पाम बॉन्डी इस टीम का नेतृत्व करेंगे। वाशिंगटन में नेशनल प्रेयर ब्रेकफास्ट के मौके पर ट्रंप ने कहा, टास्क फोर्स को निर्देश दिया जाएगा। इसका मकसद संघीय सरकार के भीतर सभी प्रकार के ईसाई विरोधी लक्ष्यीकरण और भेदभाव को तत्काल रोकना होगा।

फलस्तीनी शरणार्थी एजेंसी का भविष्य खतरनाक: यूएनआरडब्ल्यूए प्रमुख
फलस्तीनी शरणार्थियों के लिए बनाई गई संयुक्त राष्ट्र एजेंसी- UNRWA के प्रमुख फिलिप लाजारिनी ने कहा है कि लंबे समय में संस्था 'अस्तित्व के खतरे' का सामना करना पड़ रहा है। बेरूत यात्रा के दौरान लाजारिनी ने एक इंटरव्यू में कहा कि एजेंसी के समक्ष मौजूद सभी बाधाओं और दबाव के बावजूद हमारा उद्देश्य अंतिम समय तक काम करते रहना है।

अंतरराष्ट्रीय आपराधिक न्यायालय पर प्रतिबंध लगाएगा अमेरिका, ट्रंप ने कार्यकारी आदेश पर हस्ताक्षर किए
राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने कार्यकाल में लगातार कई अहम कार्यकारी आदेश पर हस्ताक्षर कर रहे हैं। गुरुवार को उन्होंने अंतरराष्ट्रीय आपराधिक न्यायालय पर प्रतिबंध लगाने वाले आदेश पर हस्ताक्षर किए। इस शीर्ष निकाय को अमेरिका के करीबी सहयोगी इस्रायल के खिलाफ जांच को लेकर प्रतिबंधित किया गया है। बता दें कि अमेरिका और इस्राइल इस न्यायालय के सदस्य नहीं हैं। दोनों इसे मान्यता भी नहीं देते हैं।

गाजा पट्टी में ट्रंप की योजना को इस्राइल का समर्थन, दुनिया के कई हिस्सों में हैरानी
पश्चिम एशिया में अशांति के बीच अमेरिका ने गाजा पट्टी में पुनर्वास के लिए योजना पेश की है। रिपोर्ट के मुताबिक राष्ट्रपति ट्रंप ने जो योजना पेश की है, उसका इस्राइल ने समर्थन किया है। हालांकि, इस्राइल के अलावा अरब देशों ने इस पर कड़ी आपत्ति दर्ज कराई है। ट्रंप की अपनी पार्टी के सदस्यों को भी उनके रूख को लेकर हैरानी हो रही है। ट्रंप की गाजा पट्टी पर अमेरिकी स्वामित्व की योजना का इस्राइली प्रधानमंत्री नेतन्याहू भी समर्थन कर चुके हैं।

रूसी धनकुबेरों की संपत्ति जब्त करने वाला टास्क फोर्स भंग, ट्रंप ने निरस्त किया बाइडन के दौर का फैसला
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रूस को दंडित करने के साधन के रूप में इस्तेमाल किए जाने वाले नियम को निरस्त करने का फैसला लिया है। पूर्व राष्ट्रपति बाइडन के दौर में  गठित इस टास्क फोर्स का उद्देश्य यूक्रेन पर आक्रमण के लिए रूस को सजा देना था। ऐसा करने के लिए अमेरिकी प्रशासन के अधिकारी रूसी कुलीन वर्गों की संपत्ति जब्त करते थे। टास्क फोर्स क्लेप्टोकैप्चर को भंग करने का कदम अटॉर्नी जनरल पाम बोंडी की नियुक्ति के बाद उठाया गया है। अमेरिकी न्याय विभाग के इस फैसले को रूस और राष्ट्रीय सुरक्षा मुद्दों के प्रति ट्रंप प्रशासन का अलग दृष्टिकोण माना जा रहा है।

नाइजीरिया में घात लगाकर हमला, बुर्किना फासो के पास 10 सैनिक मारे गए
पश्चिमी नाइजीरिया में हथियारबंद हमलावरों ने घात लगाकर हमला किया। हमले में कम से कम 10 सैनिक मारे गए। सत्तारूढ़ जुंटा ने कहा कि बुर्किना फासो के निकट सीमा क्षेत्र में मवेशी चोर गिरोह के खिलाफ कार्रवाई करने गई सेना की टीम पर हमलावरों ने घात लगाकर हमला किया। आंतरिक सुरक्षा बलों की टुकड़ी पर हुए इस हमले में 10 सैनिक मारे गए।

अमेरिकी गोदाम में गोलीबारी के दोषी पर 1.75 अरब से अधिक का जुर्माना, छह लोग हुए थे हताहत
अमेरिका के ओहियो में एक गोदाम में हुई गोलीबारी के दौरान छह लोग हताहत हुए थे। गोलीबारी के दोषी शख्स पर को अदालत के आदेश के बाद 20 मिलियन डॉलर (1.75 अरब रुपये) का मुचलका भरना होगा। ओहियो में हुई गोलीबारी में दो लोगों की मौत हुई थी, जबकि चार घायल हो गए थे। वारदात से आतंकित कर्मचारी गोदाम छोड़कर भाग गए थे। गोलीबारी के कारणों का पता नहीं लगा है।

संघीय कर्मचारियों को इस्तीफा देने के लिए प्रोत्साहन देने वाली योजना पर अदालत की रोक
अमेरिका की एक अदालत ने राष्ट्रपति ट्रंप की उस योजना पर रोक लगा दी है, जिसमें उन्होंने संघीय कर्मचारियों को वित्तीय प्रोत्साहन देकर उन्हें बाहर निकालने की योजना बनाई थी। अदालत का फैसला आवेदन करने की मध्य रात्रि की समय सीमा से कुछ घंटे पहले आया। बोस्टन में अमेरिकी जिला न्यायाधीश जॉर्ज ओ'टूल जूनियर ने प्रशासनिक अधिकारियों को कार्यक्रम के लिए आवेदन करने की अंतिम तिथि को सुनवाई के बाद तक बढ़ाने का भी निर्देश दिया। बता दें कि कई श्रमिक संघों ने ट्रंप की इस योजना के खिलाफ अदालत में अपील की है। खबरों के मुताबिक यह योजना ट्रंप के शीर्ष सलाहकार एलन मस्क ने तैयार की है।

म्यूनिख सुरक्षा सम्मेलन में जेलेंस्की और जेडी वेंस की मुलाकात संभव
जर्मनी के म्यूनिख में अगले सप्ताह सुरक्षा सम्मेलन आयोजित किया जाना है। इसमें अमेरिका की तरफ से उपराष्ट्रपति जेडी वेंस शामिल होंगे। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की अपने देश के प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करेंगे। रूस के लिए विशेष दूत कीथ केलॉग के भी भाग लेने की उम्मीद है। बता दें कि म्यूनिख शिखर सम्मेलन वैश्विक अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा चर्चाओं के लिए एक नियमित मंच है। यूक्रेन के खिलाफ तीन साल से जारी रूस के युद्ध और अन्य चुनौतियों के बीच इसकी अहमियत बढ़ गई है।

ईरानी तेल को चीन तक पहुंचाने में मदद करने वाले नेटवर्क पर अमेरिका ने लगाया प्रतिबंध
अमेरिकी वित्त विभाग ने एक दर्जन से अधिक लोगों और कंपनियों के नेटवर्क पर प्रतिबंध लगा दिया है। इन पर लाखों बैरल ईरानी तेल को चीन भेजने में मदद करने का आरोप है। गुरुवार को हुए इस फैसले के बारे में ट्रेजरी सचिव स्कॉट बेसेन्ट ने कहा, ईरानी शासन अपने तेल राजस्व का उपयोग अपने परमाणु कार्यक्रम के विकास के लिए कर रहा है। ईरान अपने घातक बैलिस्टिक मिसाइलों और मानव रहित हवाई वाहनों के उत्पादन के अलावा क्षेत्रीय आतंकवादी छद्म समूहों को समर्थन भी दे रहा है। विदेशी संपत्ति नियंत्रण कार्यालय ने चीन, भारत और संयुक्त अरब अमीरात में एक दर्जन से ज़्यादा लोगों और कंपनियों पर प्रतिबंध लगाया है। इन प्रतिबंधों में ईरानी और भारतीय नागरिक, चालक दल प्रबंधन फर्म और जहाजों का एक समूह शामिल है।

दक्षिणी फिलीपींस में हादसा, विमान दुर्घटना में अमेरिकी सेना सदस्य और 3 ठेकेदारों की मौत
दक्षिणी फिलीपींस में चावल के खेत में अमेरिकी सेना की तरफ से संचालित विमान दुर्घटना का शिकार हो गया। अनुबंधित विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद अमेरिकी सेना के सदस्य और तीन रक्षा ठेकेदारों की मौत हो गई। फिलीपींस के नागरिक उड्डयन प्राधिकरण ने भी मगुइंडानाओ डेल सुर प्रांत में एक हल्के विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने की पुष्टि की है। 

डीपसीक पर प्रतिबंध का चीन ने किया विरोध

भारत और अमेरिका समेत कई प्रमुख देशों की ओर से चीनी एआई चैटबॉट 'डीपसीक' पर प्रतिबंध लगाने जाने का चीन ने कड़ा विरोध किया है। बृहस्पतिवार चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता गुओ जियाकुन ने मीडिया ब्रीफिंग में कहा कि चीन हमेशा से राष्ट्रीय सुरक्षा की विचारधारा का पालन करता है। हाल ही में कई देशों ने डीपसीक पर डेटालीक का आरोप लगाकर इसे प्रतिबंध कर दिया जो कि विशुद्ध रूप से राजनीतिकरण है। हमारी सरकार इसका विरोध करती है। गुओ ने चीन के 2017 के राष्ट्रीय खुफिया कानून से संबंधित आशंकाओं का जिक्र करते हुए कहा, हमने कभी किसी कंपनी या व्यक्ति को कानून के खिलाफ डेटा एकत्र करने या संग्रहीत करने के लिए नहीं कहा है और न ही कभी कहेंगे। बता दें कि इस कानून के तहत चीनी सरकार को देश की निजी कंपनियों पर अधिकार दिए गए हैं। गुओ ने कहा, चीन ने हमेशा राष्ट्रीय सुरक्षा की अवधारणा को आगे बढ़ाया है। हम चीनी कंपनियों के वैध अधिकारों और हितों की दृढ़ता से रक्षा करेंगे। बता दें कि भारत के वित्त मंत्रालय ने भी अपने अधिकारियों को कार्यालय के कंप्यूटरों और उपकरणों में चैटजीपीटी और डीपसीक जैसे एआई टूल और ऐप डाउनलोड या उपयोग नहीं करने का निर्देश दिया है। यही नहीं दक्षिण कोरिया, इटली, ऑस्ट्रेलिया और जापान ने भी डीपसीक पर डेटाचोरी की आशंका के चलते प्रतिबंध लगा दिया है।

स्वीडन में गोलीबारी करने वाला व्यक्ति, उसी स्कूल से जुड़ा था

स्वीडन में इस सप्ताह एक स्कूल में भीषण गोलीबारी में 10 लोगों की हत्या करने वाले शूटर की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है, लेकिन पुलिस का कहना है कि उसका संबंध वयस्क शिक्षा केंद्र से ही था। आरोपी ने स्कूल में गोलीबारी कर 10 लोगों की हत्या कर दी थी। पुलिस अधिकारियों ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि शूटर को तीन बंदूकों, 10 खाली मैगजीन और उसके शरीर के पास बड़ी मात्रा में अप्रयुक्त गोला-बारूद के साथ मृत पाया गया था। यह स्पष्ट नहीं है कि उसकी मौत कैसे हुई क्योंकि पुलिस ने आरोपी पर कोई गोली नहीं चलाई थी। 

पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा में 12 आतंकवादी मारे गए


पाकिस्तान के उत्तर-पश्चिमी खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में पाकिस्तानी सेना ने एक खुफिया अभियान में 12 आतंकवादियों को मार गिराया है। पाकिस्तानी सेना की मीडिया शाखा आईएसपीआर के अनुसार, उत्तरी वजीरिस्तान के हसन खेल इलाके में 5-6 फरवरी की रात को चलाए गए अभियान में एक सुरक्षाकर्मी भी मारा गया। पाकिस्तानी सेना ने कहा कि इलाके में आतंकवादियों की मौजूदगी के बारे में खुफिया जानकारी के आधार पर अभियान चलाया गया था। आईएसपीआर ने आगे कहा कि मारे गए आतंकवादियों के पास से हथियार और गोला-बारूद बरामद किया गया है, जो सुरक्षा बलों के साथ-साथ नागरिकों के खिलाफ कई आतंकवादी गतिविधियों में शामिल थे।

 

सिएटल में भारतीय दूतावास में घुसे लोग, बुलाई पुलिस
सिएटल स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास परिसर में कुछ व्यक्ति घुस गए। इसके चलते दूतावास को पुलिस बुलानी पड़ी। सोशल मीडिया वायरल हो रहे वीडियो में सिटी काउंसिल की सदस्य रहीं क्षमा सावंत नजर आ रहीं हैं। वह और उनके साथ एक व्यक्ति यह दावा कर रहे हैं कि उन्हें भारत जाने के लिए वीजा देने से मना कर दिया गया क्योंकि उनका नाम खारिज किए गए नामों की सूची में था। भारतीय वाणिज्य दूतावास ने एक्स पर पोस्ट किया कि बार-बार अनुरोध के बावजूद इन व्यक्तियों ने वाणिज्य दूतावास परिसर छोड़ने से इनकार कर दिया और वाणिज्य दूतावास के कर्मचारियों के साथ आक्रामक और धमकी भरा व्यवहार किया। हमें स्थिति से निपटने के लिए संबंधित स्थानीय अधिकारियों को बुलाने के लिए बाध्य होना पड़ा। ऐसे लोगों के खिलाफ कार्रवाई शुरू की जा रही है।
 

विश्व व्यापार संगठन में शिकायत दर्ज कराएगा हांगकांग
अमेरिकी की ओर से लगाए गए 10 फीसदी टैरिफ के विरोध में हांगकांग विश्व व्यापार संगठन में शिकायत दर्ज कराएगा। हांगकांग सरकार ने कहा कि अमेरिका की ओर से लगाया गया टैरिफ विश्व व्यापार संगठन के नियमों का उल्लंघन है। सरकार ने अमेरिका से टैरिफ के मामले में विचार करने की मांग की है। विश्व व्यापार संगठन ने कहा कि उसे चीन के सामानों पर लगाए गए टैरिफ के बारे में अमेरिका के साथ परामर्श के बारे में सूचना मिली है। इस कदम से दोनों पक्षों को अपने मतभेदों को सुलझाने के लिए 60 दिनों की अवधि मिलती है, और यदि ऐसा नहीं होता है, तो मामला जेनेवा स्थित व्यापार निकाय में तीन न्यायाधीशों के पैनल के समक्ष लाया जा सकता है।

ग्रेनफेल टॉवर की अवेशेषों को नष्ट करेगी यूके सरकार
यूके सरकार ने एलान किया है कि वह ग्रेनफेल टॉवर के अवशेषों को नष्ट करेगी। इस टॉवर में आठ साल पहले लगी आग में 72 लोगों की मौत हो गई थी। कुछ लोगों ने इस निर्णय की आलोचना की है। वे इमारत के जले हुए ढांचे को मृतकों की स्मृति में एक स्मारक के रूप में संरक्षित करने की मांग कर रहे हैं। सरकार ने कहा कि इस स्थल का पुनर्विकास करने से 24 मंजिला इमारत के अवशेषों को हटाने से समुदाय को राहत मिलेगी। सरकार ने कहा कि ग्रेनफेल टॉवर को सावधानीपूर्वक गिरा दिया जाएगा।

59 श्रीलंकाई नागरिकों की यूक्रेन में मौत  
यूक्रेन के खिलाफ युद्ध में रूस के लिए लड़ते हुए 554 श्रीलंकाई लोगों में से कम से कम 59 लोग मारे गए हैं। श्रीलंकाई विदेश मंत्री विजिता हेराथ ने शुक्रवार को संसद में इस बात की जानकारी दी।

इंडोनेशिया ने रोका ट्रंप की कंपनी की ओर से बनाए जा रहे रिसोर्ट का काम
इंडोनेशिया ने जल प्रबंधन और पर्यावरण संबंधी मुद्दों को लेकर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ओर से कराया जा रहे रिसोर्ट के काम को रोकने का आदेश जारी किया है। ट्रंप ऑर्गनाइजेशन इंडोनेशिया में लीडो शहर में तीन हजार हेक्टेयर में पर्यटन विकास के प्रोजेक्ट पर काम कर रहा है। जल का प्रबंधन न करने पर इंडोनिशयाई सरकार ने काम रोकने का आदेश दिया है। 

प्रसवोत्तर स्वास्थ्य केंद्र निर्माण के लिए भारत ने नेपाल को दिया 2.51 करोड़ का अनुदान

भारत ने नेपाल में प्रसवोत्तर केंद्र के निर्माण के लिए 2.51 करोड़ रुपये का अनुदान प्रदान किया है। अधिकारियों ने शुक्रवार को कहा कि धाडिंग जिले में कुरी हेल्थ पोस्ट-बर्थिंग सेंटर की आधारशिला खानियाबास ग्रामीण नगर पालिका में सांसद दिलमन पाखरीन और भारतीय दूतावास काउंसिलर गीतांजलि ब्रैंडन ने संयुक्त रूप से रखी। नेपाल में भारतीय दूतावास ने कहा कि यह केंद्र भारत की 2.51 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता से बनाया जा रहा है।

अनुदान का इस्तेमाल प्रसवोत्तर स्वास्थ्य केंद्र, गार्ड हाउस, कंपाउंड दीवार, कैंटीन ब्लॉक, मार्ग और अन्य संबद्ध सुविधाओं के निर्माण के लिए किया जाएगा। सांसद पाखरीन ने भारत के निरंतर विकास समर्थन के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रसवोत्तर स्वास्थ्य केंद्र नेपाल के लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं प्रदान करेगा।

भारतीय दूतावास ने काठमांडू में आयोजित किया दूसरा भारत-नेपाल स्टार्टअप कनेक्ट
भारतीय दूतावास ने शुक्रवार को नेपाल की राजधानी काठमांडू में दूसरा भारत-नेपाल स्टार्टअप कनेक्ट 'स्टार्टअप महाकुंभ 2025 का कर्टन रेजर' आयोजित किया। कार्यक्रम में भारत और नेपाल के स्टार्टअप पारिस्थितिकी तंत्र के बीच सहयोग और नवाचार को बढ़ावा देने पर चर्चा हुई। पैनल चर्चा में भारत व नेपाल में उभरती प्रौद्योगिकियों के अवसरों पर विस्तार से चर्चा हुई। विशेषज्ञों ने डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर (डीपीआई) के माध्यम से सामाजिक प्रभाव बनाने और स्टार्टअप्स को बढ़ावा देने पर जोर दिया। इस दौरान भारत के राजदूत नवीन श्रीवास्तव ने डिजिटल प्रौद्योगिकी के माध्यम से भारत और नेपाल के बीच सहयोग के अवसरों पर जोर दिया। उन्होंने नेपाल के फोनपे और भारत के यूपीआई के बीच अंतरसंचालनीयता का उदाहरण दिया। इसके माध्यम से मार्च 2024 से अब तक 4 लाख से अधिक लेनदेन किए हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get latest World News headlines in Hindi related political news, sports news, Business news all breaking news and live updates. Stay updated with us for all latest Hindi news.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed