फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   World ›   world news hindi updates asia europe us tariff row uk un west asia politics crime and global events

Updates: पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा में हमला, छह लोगों की मौत; UN बोला- ईरान ने परमाणु ईंधन का भंडार बढ़ाया

Wed, 03 Sep 2025 09:09 PM IST
बशु जैन वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला
वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला Published by: बशु जैन Updated Wed, 03 Sep 2025 09:09 PM IST
विज्ञापन
world news hindi updates asia europe us tariff row uk un west asia politics crime and global events
दुनिया की बड़ी खबरें - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
विज्ञापन

पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में बुधवार को एक यात्री वाहन पर अज्ञात हमलावरों ने गोलीबारी की, जिसमें कम से कम छह लोगों की मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, वाहन दारादार से सड्डा जा रहा था जब लोअर कुर्रम जिले में हमला हुआ। हमले के बाद इलाके में तलाशी अभियान चलाया गया और 12 संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया।

नेशनल असेंबली सदस्य हामिद हुसैन ने घटना की निंदा करते हुए इसे क्षेत्र की शांति भंग करने की साजिश बताया। कुर्रम क्षेत्र लंबे समय से जनजातीय हिंसा का केंद्र रहा है। पिछले साल यहां 130 से ज्यादा लोगों की जान गई थी। जुलाई में विरोधी कबीलों के बीच शांति समझौता हुआ था। इस बीच, पुलिस ने अलग अभियान में एक कुख्यात आतंकी किफायतुल्लाह को मार गिराया। वह बम हमलों और सुरक्षा बलों पर हमलों में शामिल था। अगस्त में इसी जिले में हमलों की श्रृंखला में तीन सैनिकों और एक महिला की मौत हो गई थी।

विज्ञापन


किलाउआ ज्वालामुखी में फिर से विस्फोट
हवाई के किलाउआ ज्वालामुखी में मंगलवार को फिर से विस्फोट हुआ। इससे 330 फीट ऊपर आकाश में लावा निकला। दिसंबर से अब तक ज्वालामुखी में 32वीं बार विस्फोट हुआ है। इस विस्फोट से निकला सारा लावा हवाई ज्वालामुखी राष्ट्रीय उद्यान के अंदर शिखर क्रेटर में समाहित हो चुका है। हेलेमौमाऊ क्रेटर के उत्तरी वेंट से लावा निकला। अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण के अनुसार वेंट से लावा के फव्वारे निकलने लगे। किलाउआ दुनिया के सबसे सक्रिय ज्वालामुखियों में से एक है। यह हवाई द्वीप स्थित है।
विज्ञापन
विज्ञापन


बीजिंग में पुतिन और किम जोंग उन की मुलाकात
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और उत्तर कोरिया के नेता किम जोंग उन ने बीजिंग में बैठक की। दोनों नेता पहले एक भव्य सैन्य परेड में शामिल हुए, जो द्वितीय विश्व युद्ध की समाप्ति की 80वीं वर्षगांठ पर आयोजित की गई थी। इसके बाद वे एक ही कार से वार्ता स्थल पर पहुंचे। पुतिन ने कहा कि यूक्रेन के साथ कुर्स्क सीमा पर रूस की मदद करने वाले उत्तर कोरियाई सैनिकों की बहादुरी काबिल-ए-तारीफ है। दक्षिण कोरिया के मुताबिक, उत्तर कोरिया ने पिछले साल से रूस को करीब 15,000 सैनिक भेजे हैं। किम जोंग उन ने कहा कि रूस की मदद करना उत्तर कोरिया का कर्तव्य है।
 

न्यूयॉर्क मेयर पद के उम्मीदवार जिम वाल्डेन ने नामांकन वापस लिया
न्यूयॉर्क शहर के मेयर पद के लिए स्वतंत्र उम्मीदवार जिम वाल्डेन ने घोषणा की कि वह अपना अभियान स्थगित कर रहे हैं। साथ ही उन्होंने अपने साथी उम्मीदवारों से डेमोक्रेटिक प्राइमरी विजेता ज़ोहरान ममदानी के खिलाफ एकजुट होने का आग्रह किया। वाल्डेन ने अपने इस्तीफे की घोषणा करते हुए कहा कि जो लोग महीने के अंत तक भी चुनावों में पीछे रह गए हैं, उनसे मैं अनुरोध करता हूं कि वे इस बात पर विचार करें कि यदि वे ममदानी को अहंकार या जिद्दी महत्वाकांक्षा के बल पर सत्ता में आने देंगे तो इतिहास उनका क्या मूल्यांकन करेगा। वाल्डेन एक वकील हैं, जिन्होंने रॉबर्ट एफ. कैनेडी जूनियर और मिश्रित मार्शल आर्ट फाइटर कोनोर मैकग्रेगर का प्रतिनिधित्व किया है। उन्होंने खुद को न्यूयॉर्क शहर के पूर्व मेयर माइकल ब्लूमबर्ग की तरह एक मुक्त बाजार टेक्नोक्रेट के रूप में स्थापित किया था।

फील्ड मार्शल बनने के बाद पहली बार शी से मिले असीम मुनीर
पाकिस्तान के सेना प्रमुख असीम मुनीर फील्ड मार्शल बनने के बाद पीएम शहबाज शरीफ के साथ मंगलवार को चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग से पहली मिले। इस दौरान दोनों पक्षों ने द्विपक्षीय और क्षेत्रीय सहयोग पर चर्चा की। वह शरीफ प्रतिनिधिमंडल का हिस्सा हैं, जिसने एससीओ शिखर सम्मेलन में भाग लिया। वह बुधवार को जापानी हमले के विरुद्ध चीनी जन युद्ध की 80वीं वर्षगांठ पर चीनी सेना की परेड में शामिल होंगे।

श्रीलंका में 506 चीनी इलेक्ट्रिक कारें रिहा
श्रीलंका की अदालत ने बुधवार को 506 चीनी इलेक्ट्रिक वाहनों को रिहा करने का आदेश दिया। ये गाड़ियां बीवाईडी कंपनी की हैं और इन्हें कस्टम विभाग ने इंजन पावर की गलत जानकारी देने के आरोप में जब्त किया था। अदालत के आदेश के बाद आधिकारिक डीलर जॉन कील्स सीजी ऑटो को 1.8 अरब श्रीलंकाई रुपये का अतिरिक्त बैंक गारंटी जमा करनी होगी। कस्टम विभाग का कहना है कि इन गाड़ियों की मोटर क्षमता को कम बताकर आयात दस्तावेज तैयार किए गए थे, जिससे कम टैक्स देना पड़े।

पहले भी जुलाई में 1,000 ऐसी ही गाड़ियां इसी मामले में रोकी गई थीं। अगस्त में अदालत ने 900 से ज्यादा गाड़ियों को रिहा करने का आदेश दिया था, जबकि इंजन की जांच अब भी जारी है। जानकारी के मुताबिक, 100 किलोवॉट की मोटर पर टैक्स 150 किलोवॉट की तुलना में करीब 40 लाख रुपये कम होता है। फरवरी में श्रीलंका ने पांच साल बाद कार आयात की अनुमति दी थी और सिर्फ तीन महीनों में बीवाईडी ने 90% इलेक्ट्रिक कार बाजार पर कब्जा कर लिया।

इस्राइल ने नया जासूसी सैटेलाइट लॉन्च किया
इस्राइल ने 'ओफेक 19' नाम का एक नया गुप्तचर उपग्रह (स्पाई सैटेलाइट) लॉन्च किया है, जो आने वाले वर्षों में पूरे पश्चिम एशिया पर नजर रखने की इस्राइली क्षमता को बढ़ाएगा। रक्षा मंत्री इस्राइल काट्ज ने कहा, यह हमारे दुश्मनों के लिए संदेश है कि हम हर समय और हर जगह आप पर नजर रख रहे हैं। यह सैटेलाइट ईरान समेत अन्य देशों पर नजर रखने में मदद करेगा।  

 

ईरान ने परमाणु ईंधन का भंडार बढ़ाया- यूएन रिपोर्ट
संयुक्त राष्ट्र की परमाणु निगरानी संस्था आईएईए की रिपोर्ट में खुलासा हुआ है कि ईरान ने जून में इस्राइल के हमले से पहले हथियार-स्तर के करीब संवर्धित यूरेनियम का भंडार बढ़ाया। रिपोर्ट के मुताबिक, 13 जून तक ईरान के पास 60% तक संवर्धित 440.9 किलोग्राम यूरेनियम था, जो मई की तुलना में 32.3 किलोग्राम ज्यादा है। हथियार बनाने के लिए 90% संवर्धन की जरूरत होती है।

आईएईए के अनुसार, 42 किलोग्राम 60% संवर्धित यूरेनियम को 90% तक संवर्धित किया जाए तो एक परमाणु बम बनाया जा सकता है। रिपोर्ट में कहा गया कि 13 जून के बाद से एजेंसी को जमीन पर जाकर सत्यापन करने की अनुमति नहीं मिली है। ईरान का कुल संवर्धित यूरेनियम भंडार 13 जून तक 9,874.9 किलोग्राम था, जो मई के मुकाबले 627.3 किलोग्राम अधिक है। यह स्थिति वैश्विक सुरक्षा के लिए गंभीर चिंता का विषय मानी जा रही है।

विक्रमिसंघे के स्वास्थ्य के चलते पार्टी ने टाला वार्षिक सम्मेलन
श्रीलंका के पूर्व राष्ट्रपति रानिल विक्रमसिंघे की सेहत से जुड़ी चिंताओं के चलते उनकी यूनाइटेड नेशनल पार्टी (यूएनपी) ने इस सप्ताह के अंत में होने वाला अपना वार्षिक सम्मेलन टाल दिया है। यूएनपी के महासचिव थलथा अथुकोराले ने बताया कि विक्रमसिंघे की व्यक्तिगत स्वास्थ्य स्थिति को देखते हुए यह फैसला लिया गया है। सम्मेलन इसी महीने किसी अन्य तारीख को आयोजित किया जाएगा। यह कार्यक्रम यूएनपी की 79वीं वर्षगांठ के मौके पर आयोजित होना था।

आईएनएस त्रिकंड मिस्र पहुंचा 
भारतीय नौसेना का जहाज आईएनएस त्रिकंड एक सितंबर को मिस्र के अलेक्जेंड्रिया बंदरगाह पहुंचा। यह जहाज भूमध्य सागर में चल रही तैनाती के तहत वहां पहुंचा है। जहाज अमेरिका की मध्य कमान की ओर से आयोजित बहुराष्ट्रीय सैन्य अभ्यास 'ब्राइट स्टार 2025' में भाग लेगा, जिसमें भारतीय थल सेना और वायुसेना भी हिस्सा लेंगी। बंदरगाह पर द्विपक्षीय और बहुपक्षीय चर्चाएं, सांस्कृतिक कार्यक्रम, खेल आयोजनों और लोगों के आपस में संपर्क को बढ़ावा देने वाली गतिविधियां आयोजित होंगी।
 

अमेरिका की व्योमिंग पहाड़ियों में विमान दुघर्टनाग्रस्त, लड़की की मौत
अमेरिका की उत्तरी व्योमिंग के पहाड़ों में एक छोटे विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने से 13 वर्षीय एक लड़की की मौत हो गई। उसके तीन रिश्तेदार घायल हो गए। अधिकारियों ने बताया कि एक चिकित्सा सेवा हेलीकॉप्टर ने विमान का मलबा देखा। दुर्घटना सोमवार दोपहर बाद बिग माउंटेन क्षेत्र में हुई। मेडिकल हेलीकॉप्टर ने गिरे हुए विमान को देखा। शेरिडन काउंटी शेरिफ कार्यालय ने कहा कि बचाव दल ने पास के राजमार्ग यूएस 14 के पास एक पार्किंग स्थल पर एक कमांड पोस्ट स्थापित किया। घटनास्थल पर पहुंचे बचावकर्मियों ने लड़की को मृत पाया। उसके तीन रिश्तेदारों 11 वर्षीय लड़का, 53 वर्षीय महिला और 54 वर्षीय पुरुष को गंभीर रूप से घायल पाया।

लीमा में इंडोनेशियाई राजदूत की हत्या की जांच तेज
पेरू के अधिकारियों ने इंडोनेशियाई राजनयिक की गोली मारकर हत्या की जांच शुरू कर दी है। पेरू की राजधानी लीमा स्थित इंडोनेशियाई दूतावास में कार्यरत 40 वर्षीय ज़ेट्रो लियोनार्डो पुर्बा को सोमवार रात तीन गोलियां मारी गईं, जब वह साइकिल से अपने अपार्टमेंट की इमारत की ओर जा रहे थे। उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।

अधिकारियों ने गोलीबारी का कारण तुरंत नहीं बताया। गृह मंत्री कार्लोस मालावर ने सांसदों को बताया कि यह सुनियोजित हत्या थी। पुलिस ने दो सीसीटीवी फुटेज जारी की है जिसमें हेलमेट पहने एक व्यक्ति राजनयिक पर दो बार गोली चलाता हुआ दिखाई दे रहा है, जिसके बाद राजनयिक ज़मीन पर गिर जाते हैं। तस्वीरों में संदिग्ध व्यक्ति राजनयिक पर तीसरी बार गोली चलाता हुआ और एक अन्य व्यक्ति द्वारा चलाई जा रही मोटरसाइकिल पर भागता हुआ दिखाई दे रहा है पेरू के विदेश मंत्रालय ने कहा कि इस हत्या की गहन जांच की जाएगी और इंडोनेशिया के राजदूत और दूतावास के कर्मचारियों को सभी आवश्यक सहायता और सुरक्षा प्रदान की जाएगी।

संयुक्त राष्ट्र शांति सैनिकों पर इस्राइली ड्रोन से हमला
दक्षिण लेबनान में तैनात संयुक्त राष्ट्र की शांति सेना पर उस समय इस्राइली ड्रोन ने चार ग्रेनेड गिराए, जब वे सड़क साफ करने का काम कर रहे थे। यह हमला मंगलवार सुबह हुआ और संयुक्त राष्ट्र शांति सैनिकों ने इसे अब तक का सबसे गंभीर हमला बताया। हालांकि किसी को चोट नहीं आई। संयुक्त राष्ट्र शांति सेना ने कहा कि इस्राइली सेना को पहले ही उनके कार्य की जानकारी दे दी गई थी, फिर भी ड्रोन हमले हुए। ग्रेनेड यूएन कर्मियों से सिर्फ 20 मीटर दूर गिरे।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get latest World News headlines in Hindi related political news, sports news, Business news all breaking news and live updates. Stay updated with us for all latest Hindi news.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed