Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   World ›   US FAA ends nationwide ground stop on flights Duffy blames old tech, overloaded routers

अमेरिका में एयर इमरजेंसी: एफएए ने हटाई उड़ानों पर लगी देशव्यापी रोक, राउटर ओवरलोड होने से ठप हुआ था सिस्टम

Sat, 14 Nov 2026 07:35 AM IST
राहुल कुमार न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली।
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली। Published by: राहुल कुमार Updated Sat, 14 Nov 2026 07:35 AM IST
सार

अमेरिका के संघीय विमानन प्रशासन (एफएए) ने घरेलू उड़ानों पर लगाई गई देशव्यापी रोक हटा दी है। दूरसंचार सेवाओं में आई खराबी के कारण चार घंटे से अधिक समय तक अनिश्चितता बनी रही। इस दौरान देश के प्रमुख हवाई अड्डों पर हजारों उड़ानों में देरी हुई और हजारों उड़ानें रद्द करनी पड़ीं।

विज्ञापन
US FAA ends nationwide ground stop on flights Duffy blames old tech, overloaded routers
अमेरिका में विमान सेवा ठप - फोटो : @अमर उजाला ग्राफिक्स

विस्तार

माइक्रोसॉफ्ट की सेवाओं में गड़बड़ी के बीच अमेरिका में विमान सेवाएं ठप हो गई हैं। अमेरिका के फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (एफएए) ने शुक्रवार दोपहर को सभी उड़ानों को ग्राउंडेड करने का आदेश दिया, जिसके चलते हजारों उड़ाने रद्द करनी पड़ीं। इस वजह से दुनियाभर में लाखों यात्री प्रभावित हुए। घंटों एयरपोर्ट पर फंसे रहे। परिवहन मंत्री सीन डफी के मुताबिक, देश के 22 एयर ट्रैफिक कंट्रोल केंद्रों में परेशानी आई है। हालांकि अब 'ग्राउंड स्टॉप' हटा लिया गया है। कुछ अंतराराष्ट्रीय उड़ानों को रवाना किया गया है। हालांकि देशभर में फ्लाइट ऑपरेशन अभी प्रभावित है।  प्रेस ब्रीफिंग में गृह सुरक्षा मंत्री मार्कवेन मुलिन और सीन डफी ने साइबर अटैक की संभावना से इनकार किया। साथ ही कहा कि ये राष्ट्रीय आपातकाल की स्थिति है। डफी ने बताया कि एयरस्पेस खुला है, 'लेकिन जो कुछ हुआ है, उसे समझने और सुलझाने में हमें कुछ समय लगेगा।'

विज्ञापन


व्हाइट हाउस ब्रीफिंग रूम में बोलते हुए डफी ने बताया कि संघीय सरकार ने उस समस्या की पहचान कर ली है, जिसकी वजह से शुक्रवार को अमेरिकी एयर ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम ठप हो गया था। उन्होंने कहा कि यह सिस्टम 'अभी काम कर रहा है।' आधिकारिक सूचना के अनुसार, शुक्रवार दोपहर (स्थानीय समय) असाधारण परिस्थितियों और सुरक्षा कारणों से पूरे देश में उड़ानों को रोकने का फैसला किया गया।
विज्ञापन



पुराने एयर ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम और ओवरलोड से फेल हुआ सिस्टम
अमेरिका के परिवहन मंत्री सीन डफी ने कहा कि पुराने एयर ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम और डेटा के अत्यधिक दबाव के कारण राउटर के ओवरलोड होने से आज देशभर में विमानों की उड़ानों को रोकना पड़ा। डफी ने कहा, "हमारे पास हवाई यातायात नियंत्रण की बेहद पुरानी व्यवस्था है। राष्ट्रपति पिछले एक साल से कांग्रेस से नए एयर ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम के पूर्ण निर्माण के लिए जरूरी बजट उपलब्ध कराने की मांग कर रहे हैं।"
विज्ञापन
विज्ञापन


उन्होंने आगे कहा, हमारे राउटर पर डेटा का इतना अधिक दबाव पड़ गया कि वे ओवरलोड हो गए। इसके कारण राउटर से मिलने वाले डेटा में असंगतियां आने लगीं। इसी वजह से हमने पूरे सिस्टम को बंद कर दिया। डफी ने बताया कि उनके कार्यकाल के दौरान कुछ राउटर बदले गए थे, लेकिन पुराना हार्डवेयर खराब हो गया।

साइबर हमले के कारण नहीं रोकी गईं उड़ानें: मुलिन
अमेरिका के गृह सुरक्षा मंत्री मार्कवेन मुलिन ने कहा कि देशभर में उड़ानों पर लगाई गई रोक किसी साइबर हमले के कारण नहीं थी। इसका हाल के दिनों में माइक्रोसॉफ्ट की सेवाओं में आई खराबी से भी कोई संबंध नहीं था। उन्होंने कहा कि इस पूरी प्रक्रिया के दौरान आम लोगों की सुरक्षा को कभी कोई खतरा नहीं था। अधिकारी अभी भी समस्या का समाधान करने में जुटे हैं।
मुलिन का यह बयान उस समय आया, जब कुछ मिनट पहले ही एफएए ने देशभर में उड़ानों पर लगाई गई रोक हटाने की घोषणा की थी। इस रोक के कारण हजारों उड़ानें प्रभावित हुई थीं।

समस्या के समाधान की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं: मुलिन
गृह सुरक्षा मंत्री मार्कवेन मुलिन ने कहा कि एफएए की तकनीकी समस्या को ठीक करने के प्रयास सही दिशा में आगे बढ़ते दिख रहे हैं। शुक्रवार रात व्हाइट हाउस के प्रेस कक्ष में परिवहन मंत्री सीन डफी के साथ पत्रकारों से बातचीत करते हुए मुलिन ने दोहराया कि सिस्टम ठप होने के पीछे कोई साइबर हमला नहीं था। उन्होंने कहा, "इस पूरी प्रक्रिया के दौरान आम जनता कभी खतरे में नहीं थी। किसी की जान को खतरा नहीं था और न ही किसी उड़ान पर कोई खतरा था।"

9/11 के बाद देश भर में रोकी गई उड़ानें
जनवरी 2023 के बाद यह पहली बार था, जब अमेरिका में देशव्यापी स्तर पर उड़ानों को रोकने का ऐसा आदेश जारी किया गया। जनवरी 2023 में एफएए के एक महत्वपूर्ण कंप्यूटर सिस्टम में खराबी आने से पूरे देश में हवाई परिचालन प्रभावित हुआ था। इससे पहले 11 सितंबर 2001 को हुए आतंकवादी हमलों के बाद अमेरिका में देशव्यापी उड़ानों पर रोक लगाई गई थी।

वहीं, अमेरिकी गृह सुरक्षा मंत्री मार्कवेन मुलिन ने कहा कि शुरुआती स्तर पर ऐसा कोई संकेत नहीं मिला है, जिससे यह लगे कि संचार व्यवस्था में आई बाधा किसी सुनियोजित हमले का नतीजा थी। उन्होंने कहा, "यह हमारे खिलाफ कोई दुर्भावनापूर्ण हमला नहीं था। यह सिर्फ दूरसंचार व्यवस्था में आई खराबी है।" उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि अधिकारियों को अब तक किसी तरह की दुर्भावनापूर्ण गतिविधि के सबूत नहीं मिले हैं।

इस बीच, कई एयरलाइंस ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर बयान जारी कर यात्रियों को भरोसा दिलाया कि जो विमान पहले से हवा में हैं, उनका परिचालन जारी रहेगा। यूनाइटेड एयरलाइंस ने कहा कि संचार व्यवस्था प्रभावित रहने के दौरान उसकी घरेलू उड़ानें रवाना नहीं होंगी, जबकि अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के प्रस्थान के संबंध में एफएए अलग से फैसला करेगा।

एयरलाइन ने अपने बयान में कहा, "अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के प्रस्थान का प्रबंधन एफएए द्वारा मामला-दर-मामला आधार पर किया जा रहा है।" वहीं, अमेरिकन एयरलाइंस ने यात्रियों को आगाह किया कि देशव्यापी प्रतिबंध के कारण दिनभर उड़ानों के परिचालन में बाधा आ सकती है। एयरलाइन ने कहा, "एफएए द्वारा देशव्यापी ग्राउंड स्टॉप हटाए जाने के बाद यात्रियों को जल्द से जल्द उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए अमेरिकन एयरलाइंस की पूरी टीम मुस्तैद रहेगी।" एफएए की अधिसूचना के मुताबिक, उड़ानों पर यह रोक शुक्रवार रात 11 बजे (पूर्वी अमेरिकी समय) तक प्रभावी रहने वाली थी।

लोगों की सुरक्षा के लिए एहतियातन रोकी गई थीं उड़ानें
मुलिन ने कहा कि देशभर में उड़ानों पर रोक लगाने का फैसला पूरी तरह एहतियात के तौर पर लिया गया था। उन्होंने कहा, "मैं एक बार फिर यह स्पष्ट करना चाहता हूं कि इस पूरी प्रक्रिया के दौरान आम जनता कभी खतरे में नहीं थी। किसी की जान को कोई खतरा नहीं था। किसी भी उड़ान पर खतरा नहीं था। एफएए इस स्थिति को संभालने में सक्षम था। हमने यह कदम पूरी सावधानी बरतने के लिए उठाया था।"

मुलिन ने यह भी कहा कि शुक्रवार रात हुई इस घटना का बृहस्पतिवार को माइक्रोसॉफ्ट की सेवाओं में आई खराबी से कोई संबंध नहीं है। उन्होंने व्हाइट हाउस में प्रेस कॉन्फ्रेंस की शुरुआत में कहा, "इस घटना और माइक्रोसॉफ्ट के बीच कोई संबंध नहीं है। मैं जानता हूं कि कई लोग दोनों घटनाओं को जोड़ रहे हैं।" उन्होंने आगे कहा, "मैं समझता हूं कि इंटरनेट पर इस तरह की अटकलें कैसे शुरू होती हैं और कहां तक पहुंच जाती हैं। लेकिन मैं बार-बार यही कहना चाहता हूं कि आपके सभी अपने सुरक्षित हैं।"

एफएए और माइक्रोसॉफ्ट की सेवाओं में आई खराबी का आपस में संबंध नहीं
अमेरिका के गृह सुरक्षा मंत्री मार्कवेन मुलिन ने कहा कि ऐसा कोई संकेत नहीं है कि देशभर में उड़ानों का संचालन रोकने की घटना का माइक्रोसॉफ्ट की सेवाओं में आई खराबी से कोई संबंध है।उन्होंने व्हाइट हाउस में पत्रकारों से कहा, "मुझे इन दोनों घटनाओं को जोड़ने का कोई कारण नहीं दिखता। ये दोनों अलग-अलग मामले हैं।" माइक्रोसॉफ्ट ने भी कहा कि उसके पास ऐसा कोई संकेत नहीं है, जिससे यह पता चले कि संघीय विमानन प्रशासन (एफएए) की ओर से लगाई गई देशव्यापी रोक का उसकी सेवाओं से कोई संबंध था।

बृहस्पतिवार को शुरू हुई माइक्रोसॉफ्ट की सेवा में खराबी से आउटलुक, टीम्स और माइक्रोसॉफ्ट 365 की दूसरी सेवाएं प्रभावित हुई थीं। वहीं, शुक्रवार को अमेरिका में दूरसंचार सेवाओं में खराबी के कारण हवाई यातायात नियंत्रण के कामकाज में बाधा आई थी। इसके बाद एफएए ने देशभर में उड़ानों पर रोक लगाने का आदेश दिया था। अधिकारी इस समस्या की वजह का पता लगाने में जुटे रहे।


तटीय हवाई अड्डों से कुछ अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को रवाना होने की अनुमति
अमेरिका के पूर्वी और पश्चिमी तटों के कुछ हवाई अड्डों से अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को रवाना होने की अनुमति दी जा रही है। इन उड़ानों का संचालन प्रभावित हवाई यातायात नियंत्रण केंद्रों पर निर्भर नहीं है। रॉयटर्स के वीडियो में लॉस एंजिलिस के एलएएक्स हवाई अड्डे से चाइना एयरलाइंस और जापान एयरलाइंस के विमानों को उड़ान भरते हुए देखा गया। इस मामले से परिचित एक सूत्र ने बताया कि न्यूयॉर्क क्षेत्र के हवाई अड्डों पर भी कुछ अंतरराष्ट्रीय उड़ानें उतर और रवाना हो रही थीं।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get latest World News headlines in Hindi related political news, sports news, Business news all breaking news and live updates. Stay updated with us for all latest Hindi news.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed