फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   World ›   World News Hindi Updates Asia Europe US Politics Trump vs Musk UK UN West Asia Unrest Crime and Global events

World: इटली में लोगों ने नागरिकता को लेकर किया मतदान; अमेरिका ने नेपाल का अस्थायी संरक्षित दर्जा किया खत्म

Sun, 08 Jun 2025 02:08 PM IST
ज्योति भास्कर वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला।
वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला। Published by: ज्योति भास्कर Updated Sun, 08 Jun 2025 02:08 PM IST
विज्ञापन
World News Hindi Updates Asia Europe US Politics Trump vs Musk UK UN West Asia Unrest Crime and Global events
दुनिया की बड़ी खबरें। - फोटो : अमर उजाला

इटली के लोगों ने रविवार को दो दिनों के जनमत संग्रह को लेकर मतदान किया। इसके बाद इटली में जन्मे विदेशियों के बच्चों के लिए नागरिकता प्राप्त करना आसान हो जाएगा और नौकरी की अधिक सुरक्षा प्रदान की जाएगी। लेकिन कम जन जागरूकता के कारण मतदान को अमान्य घोषित किया जा सकता है। नागरिकता कानून में परिवर्तन के लिए अभियान चलाने वालों का कहना है कि इससे गैर-यूरोपीय संघ के माता-पिता की संतान के रूप में देश में जन्म लेने वाले दूसरी पीढ़ी के इटालियन लोगों को उस संस्कृति में बेहतर ढंग से एकीकृत होने में मदद मिलेगी, जिसे वे पहले से ही अपना मानते हैं। यदि नए नियम पारित हो गए तो इससे लगभग 2.5 मिलियन विदेशी नागरिक प्रभावित होंगे जो अभी भी नागरिक के रूप में मान्यता पाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं। ये उपाय इटली के मुख्य संघ और वामपंथी विपक्षी दलों द्वारा प्रस्तावित किए गए थे। पीएम जियोर्जिया मेलोनी ने कहा है कि वह मतदान केंद्रों में जाएंगी, लेकिन मतदान नहीं करेंगी। 

विज्ञापन


अमेरिका ने नेपाल का अस्थायी संरक्षित दर्जा किया खत्म
अमेरिका ने 2015 के भूकंप के मद्देनजर नेपाल को प्रदान किया गया अस्थायी संरक्षित दर्जा (टीपीएस) खत्म कर दिया है। अमेरिकी गृह सुरक्षा विभाग (डीएचएस) की ओर से शनिवार को जारी नोटिस में कहा गया कि इस वर्ष 24 जून को टीपीएस की अवधि समाप्त होने के बाद इसे नेपाल के लिए नहीं बढ़ाया जाएगा। डीएचएस सचिव क्रिस्टी नोएम ने कहा कि लाभार्थियों को 5 अगस्त तक 60 दिनों की संक्रमण अवधि दी जाएगी। इस दर्जे के तहत नेपाल के अप्रवासियों को 18 महीने तक अमेरिका में रहने की अनुमति है।  नेपाल को सर्वप्रथम 24 जून 2015 को 18 महीने की अवधि के लिए टीपीएस के लिए नामित किया गया था। टीपीएस समाप्त होने पर 7,000 से अधिक नेपालियों को देश लौटना पड़ेगा।
विज्ञापन


दक्षिण चीन सागर में फिलीपींस के कब्जे वाले द्वीप के पास चीनी जहाज फंसा
विवादित दक्षिण चीन सागर में फिलीपींस के कब्जे वाले एक द्वीप के पास तूफानी मौसम के कारण चीनी जहाज फंस गया। इसके बाद फिलीपींस सेना को अलर्ट पर रहना पड़ा। क्षेत्रीय नौसेना प्रवक्ता एलेन रोज कोलाडो ने बताया कि फिलीपीन बलों ने देखा कि खराब मौसम के कारण शनिवार को चीनी मछली पकड़ने वाला जहाज थिटू द्वीप के पूर्व में उथले पानी में फंस गया है, तो फिलीपीन सेना और तट रक्षक कर्मियों ने सहायता प्रदान करने के लिए जहाज को वहां भेजा, लेकिन बाद में पता चला कि जहाज को बाहर निकाल लिया गया है। फिलीपींस की सशस्त्र सेनाओं के कर्नल जेरेक्सेस त्रिनिदाद ने संवाददाताओं से कहा कि हमारे सैनिक हमेशा सतर्क रहते हैं। जब उन्होंने देखा कि संभावित दुर्घटना घटित हो गई है, तो हमने समुद्र में संकटग्रस्त जहाजों की मदद करने के अंतरराष्ट्रीय कानून के अनुसार पेशेवर के रूप में सहायता प्रदान करने का प्रयास किया। हम सदैव अंतर्राष्ट्रीय कानून का पालन करते हैं।

विज्ञापन
विज्ञापन

ट्रंप और मस्क के बीच 'बिग ब्यूटीफुल बिल' विवाद गहराया
डोनाल्ड ट्रंप ने शनिवार को कहा कि अगर एलन मस्क अमेरिकी डेमोक्रेट नेताओं को फंड देते हैं तो उन्हें इसके गंभीर परिणाम भुगतने होंगे। एक अमेरिकी न्यूज चैनल को दिए साक्षात्कार में ट्रंप से यह पूछा गया कि क्या उन्हें लगता है कि टेस्ला और स्पेसएक्स के सीईओ के साथ उनका रिश्ता खत्म हो गया है, ट्रंप ने कहा, हां, मैं ऐसा मानता हूं। जब उनसे यह पूछा गया कि क्या उन्हें मस्क के साथ अपने रिश्ते सुधारने की कोई इच्छा है, तो ट्रंप ने कहा, नहीं। मैं इसे लेकर बहुत चिंतित नहीं हूं। दरअसल ट्रंप और मस्क के बीच 'बिग ब्यूटीफुल बिल' को लेकर विवाद गहरा गया है है। इस बीच ट्रंप ने एक बार फिर दोहराया कि वह मस्क को दिए गए सरकारी ठेकों की समीक्षा करेंगे। इससे पहले बृहस्पतिवार को अमेरिकी राष्ट्रपति ने सोशल मीडिया पोस्ट में मस्क की कंपनियों को दिए गए अमेरिकी सरकार के अनुबंधों और सब्सिडी को समाप्त करने के बारे में कहा था। ट्रंप ने कहा था कि अमेरिकी बजट का अरबों डॉलर बचाने का सबसे आसान तरीका यह है कि एलन को दिए गए सरकारी ठेकों और सब्सिडी को समाप्त कर दिया जाए।

डिमेंशिया पीड़ित हत्यारे के मृत्युदंड पर सुप्रीम सुनवाई
अमेरिका के उटाह के स्टेट जज ने डिमेंशिया से पीड़ित हत्या के दोषी जोसेफ क्लिफ्टन को मौत की सजा देने का आदेश देने के मामले में अब सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई होगी। उटाह में जज राल्फ लेरॉय मेंजिज ने 1988 में उटाह की एक महिला की हत्या के दोषी को मौजूदा वक्त में डिमेंशिया से पीड़ित होने के बावजूद मौत की सजा देने का आदेश दिया। हालांकि जज के फैसले पर कई लोगों ने विरोध जताया है। मानवाधिकार कार्यकर्ताओं का कहना है कि बीमारी की स्थिति में व्यक्ति को मृत्युदंड देना उचित नहीं होगा।

लंदन में पंजाबी सिंगर सुनंदा शर्मा की कार में तोड़फोड़, चोरी
मशहूर पंजाबी सिंगर सुनंदा शर्मा की लंदन में उनकी जगुआर कार में तोड़फोड़ की गई और उनका कीमती सामान चोरी कर लिया गया। इसे लेकर सुनंदा ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा किया, जिसमें उनकी कार के टूटे हुए शीशे और बिखरा हुआ कांच देखा जा सकता है। चोरों ने उनके दो लुई वितां बैग, एक सूटकेस और एक हैंडबैग चुरा लिया। वीडियो में सुनंदा ने पंजाबी में कहा, सब कुछ चला गया... दोनों मेरे पसंदीदा बैग थे। वीडियो में वे भावुक दिखाई दे रही हैं। उन्होंने कैप्शन में लिखा, वे मैं जिधर पासे वेखां, मैनु चोर दिसदे। यूके वालेयो, एह कोई गल ते नईं ना। सारी रात नींद नईं आई बादशाहो। केहड़ा एलवी ते केहड़ा प्राडा, ओह गया ओह गया। उन्होंने यह भी जोड़ा कि शायद वे किसी बड़ी मुसीबत से बच गईं। सुनंदा ने लंदन में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए अधिकारियों से बेहतर कदम उठाने की मांग की। यह पहली बार नहीं है जब सुनंदा ने अपनी परेशानियों को साझा किया। इस साल की शुरुआत में, उन्होंने म्यूजिक प्रोड्यूसर पिंकी धालीवाल के खिलाफ वित्तीय शोषण और मानसिक उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए एफआईआर दर्ज कराई थी। सुनंदा ने अपने गीत बिल्ली अख, जानी तेरा ना, पटाके और तेरे नाल नचना से लोकप्रियता हासिल की। उन्होंने पंजाबी फिल्मों में अभिनय भी किया है।

रूस ने यान प्रक्षेपण तकनीक का पेटेंट कराया, रोबोट इस्तेमाल के मामले में दुनिया का पहला
रूस ने अंतरिक्ष स्टेशन से स्वचालित यान प्रक्षेपित करने की तकनीक का पेटेंट कराया है। यह स्टेशन दुनिया का ऐसा पहला ड्रोन प्लेटफार्म होगा जिसके रखरखाव के लिए रोबोट का इस्तेमाल होगा। इस तकनीक का परीक्षण रूसी ऑर्बिटल स्टेशन में करने की योजना है तथा बाद में इसका प्रयोग चंद्रमा के अन्वेषण में किया जाएगा। रूस इसमें योजनाबद्ध बदलाव करेगा। 

नेपाल में कार हादसे में भारतीय नागरिक की मौत
नेपाल में रविवार को हुए एक कार हादसे में एक भारतीय नागरिक की मौत हो गई और उसके तीन साथी गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों का बारा जिले के एलएस न्यूरो अस्पताल में इलाज चल रहा है। परसा जिला पुलिस कार्यालय में पुलिस अधीक्षक (एसपी) गौतम मिश्रा ने बताया कि मृतक की पहचान बिहार के रहने वाले 30 साल के बिट्टू सराफ के तौर पर की गई। यह हादसा दोपहर करीब 3.10 बजे बीरगंज मेट्रोपॉलिटन सिटी के पिपरा इलाके में हुआ। तेज रफ्तार की वजह से चालक ने कार पर अपना नियंत्रण खो दिया और यह हादसे का शिकार हो गई।

चीन ने विवादित दक्षिण चीन सागर के लिए सुनामी सलाह केंद्र शुरू किया
चीन ने रविवार को दक्षिण चीन सागर के लिए एक सुनामी सलाह केंद्र और एक गहरा समुद्र (डीप-सी) परीक्षण स्थल का शुभारंभ किया। यह पहल गहरे समुद्र में बुनियादी वैज्ञानिक अनुसंधान, तकनीकी नवाचार और  उससे जुड़े उद्योगों के विकास को समर्थन देने के लिए की गई है। इन दोनों केंद्रों की शुरुआत हर साल 8 जून को मनाए जाने वाले विश्व महासागर दिवस के अवसर पर की गई।

दक्षिण चीन सागर के अधिकांश हिस्से पर दावा करने वाला चीन इस क्षेत्र में फिलीपींस, वियतनाम, मलेशिया, ब्रुनेई और ताइवान जैसे देशों के साथ लंबे समय से चले आ रहे समुद्री विवादों में उलझा हुआ है। यह इलाका व्यस्त क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय व्यापार मार्गों का भी केंद्र है।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get latest World News headlines in Hindi related political news, sports news, Business news all breaking news and live updates. Stay updated with us for all latest Hindi news.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed