Updates: अमेरिका में दुष्कर्म मामले में शिक्षिका को सजा; लाल सागर में हूती विद्रोहियों ने ड्रोन से किया हमला
नाबालिग के साथ यौन उत्पीड़न के मामले में अदालत के रिकॉर्ड के अनुसार, 36 साल की जेसिका लॉसन ने एक याचिका समझौते के तहत यौन उत्पीड़न के दो मामलों को स्वीकार किया। हालांकि, समझौते के तहत नाबालिग को शराब उपलब्ध कराने और नियंत्रित पदार्थ पहुंचाने के अतिरिक्त आरोपों को खारिज कर दिया गया।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, लॉसन को पिछले साल नवंबर में इडाहो के सेंट एंथोनी में उस समय गिरफ्तार किया गया था, जब नाबालिग कार चला रहा था और वह खुद पास की सीट पर बैठी थी। पुलिस का कहना है कि महिला ने लड़के को कार चलाने का निर्देश इसलिए दिया था क्योंकि वह बहुत नशे में थी।
जब पुलिस ने कार रोकी तो देखा की टेललाइट टूटी हुई है। लड़के ने कथित तौर पर ड्रग रखने की बात कबूल की थी। बच्चे के माता-पिता ने बाद में पुलिस को बताया कि लॉसन उसे रात में ले गई थी और यौन उत्पीड़ने से पहले उसे शराब और ड्रग दिया था।
साउथ फ्रेमोंट हाई स्कूल की पूर्व शिक्षिका लॉसन को कम से कम दो साल जेल में रहना होगा। रिपोर्ट के अनुसार, उसे पीड़ित से 20 साल तक संपर्क न करने का आदेश भी दिया गया है।
80 साल की बुजुर्ग ने रचा इतिहास, मिस यूनिवर्स कोरिया की सबसे उम्रदराज कंटेस्टेंट बनीं
80 साल की साउथ कोरियन मॉडल ने पूरे विश्व को मैसेज दिया कि सपने किसी भी उम्र में पूरे हो सकते हैं। बुजुर्ग मॉडल का नाम चोई सून-ह्वा उन है, जो और भी यंग मॉडल्स के साथ आज गर्व से खड़ी हैं।
इस खुशी के मौके पर चोई ने कहा कि वह दुनिया को चौंकाना चाहती थीं कि लोग उनके बारे में बात करें कि एक 80 वर्षीय महिला इतनी स्वस्थ कैसे हो सकती है? उसने अपने शरीर को फिट कैसे बनाए रखा है? उसकी डाइट क्या है? चोई ने आगे बताया, 'जब आप बूढ़े हो जाते हैं, तो आपका वजन बढ़ जाता है। इसलिए, मैं यह दिखाना चाहती हूं कि हम बूढ़े होने पर भी स्वस्थ रह सकते हैं।'
चोई की टक्कर 31 अन्य फाइनलिस्टों से!
मिस यूनिवर्स प्रतियोगिता के आयोजन से लगभग 10 साल पहले 1952 में चोई का जन्म हुआ था। चोई अब 80 साल की हैं। मिस यूनिवर्स साउथ कोरिया की प्रतियोगिता में उनकी टक्कर 31 अन्य फाइनलिस्टों से है। अगर वह आज रात इन फाइनलिस्टों को हरा देती है, तो चोई सून-ह्वा को मिस यूनिवर्स में सबसे उम्रदराज प्रतिभागी के रूप में ताज पहनाया जाएगा।
18 से 24 वर्ष की महिलाएं ही बन सकती थीं मिस यूनिवर्स, फिर ऐसा क्यों?
यह पहली बार है कि मिस यूनिवर्स प्रतियोगिता में उम्मीदवारों पर उम्र और कई अन्य प्रतिबंध हटाए गए हैं। पहले मिस यूनिवर्स संगठन के मुताबिक, केवल 18 से 24 वर्ष की महिलाओं को भाग ले सकती थीं। 2024 में, प्रतियोगिता को आधुनिक बनाने की डिमांड से ऐसे नए फैसले लेने पड़े हैं। पहले प्रेगनेंट, शादीशुदा और तलाकशुदा महिलाओं को मिस यूनिवर्स प्रतियोगिता में नहीं शामिल किया जाता था। चोई ने बताया, 'अब उम्र को लेकर प्रतिबंध हटा तो मैंने सोचा कि मुझे इसे ट्राई करना चाहिए।'
ब्रिटिश नागरिकों को निकालने के लिए ब्रिटेन ने लेबनान भेजा चार्टर्ड प्लेन
इस्राइल के हवाई हमलों के बीच लेबनान में हो रही हिंसा में फंसे ब्रिटिश नागरिकों को निकालने के लिए ब्रिटेन ने लेबनान में अपना चार्टर्ड प्लेन भेजा है। ब्रिटेन के विदेश सचिव डेविड लैमी ने कहा कि लेबनान की स्थिति खराब है। उन्होंने ब्रिटिश नागरिकों को चेतावनी दी है कि यहां स्थिति और ज्यादा बिगड़ सकती है। ब्रिटिश नागरिकों की सुरक्षा हमारी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि ब्रिटेन की सरकार लेबनान से बाहर आने के इच्छुक लोगों के लिए विमान भेज रही है। कहा गया है जो ब्रिटिश नागरिक लेबनान से बाहर निकलना चाहते हैं कि वे बेरूत-राफिक हरीरी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे से रवाना होने वाले विमान में सवार हो सकते हैं। सरकार की ओर से कहा गया है कि लेबनान में ब्रिटिश नागरिक जिन्होंने अभी तक अपनी उपस्थिति दर्ज नहीं कराई है, वे तुरंत संपर्क करें। कमजोर ब्रिटिश नागरिकों और उनके जीवनसाथी या साथी और 18 वर्ष से कम उम्र के बच्चों को उड़ान में प्राथमिकता दी जाएगी। ब्रिटिश नागरिकों को प्रति सीट 350 ग्रेट ब्रिटिश पाउंड शुल्क देना होगा। इसके अलावा बताया गया कि उड़ान में सवार होने वाले किसी भी गैर-ब्रिटिश आश्रित को सामान्य आव्रजन नियमों और प्रवेश प्रक्रिया के अनुरूप यूके में प्रवेश करने के लिए कम से कम छह महीने के वीजा की आवश्यकता होगी।
ड्रोन बोट और मिसाइल से दो जहाजों पर किया हमला
यमन के हूती विद्रोहियों ने मंगलवार को लाल सागर में विस्फोटकों से भरा ड्रोन दागा जो एक जहाज से टकराया और एक मिसाइल दूसरे जहाज से टकराई। यह हमला विद्रोहियों की तरफ से वाणिज्यिक जहाजों पर पिछले कुछ हफ्तों में किया गया पहला हमला है, क्योंकि इस्राइल-हमास युद्ध के क्षेत्रीय संघर्ष में बदलने का खतरा है। ये हमले ऐसे समय में हुए हैं जब इस्राइली सेना ने लेबनान में घुसने का दावा किया है। वहीं इससे पहले इस्राइली हवाई हमलों में हिजबुल्ला नेता हसन नसरल्ला और अन्य शीर्ष अधिकारियों की मौत हो गई थी और इससे पहले शिया मिलिशिया की तरफ से इस्तेमाल किए गए इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों में विस्फोट हो गया था। हूतियों ने सोमवार को इजरायल को निशाना बनाकर सैन्य अभियान बढ़ाने की धमकी दी थी, जब उन्होंने यमन के ऊपर उड़ रहे अमेरिकी सैन्य ड्रोन को मार गिराया था।
नेशनल बुक अवॉर्ड की दौड़ में सलमान रुश्दी, पर्सीवल एवरेट और मिरांडा
अपने संस्मरण नाइफ के लिए सलमान रुश्दी, ऐतिहासिक उपन्यास के लिए जेम्स पर्सिवल एवरेट को 75वें वार्षिक नेशनल बुक अवॉर्ड के फाइनलिस्ट में शामिल किया गया है। पुरस्कार के लिए नामांकित अन्य लोगों में उपन्यास ऑल फोर्स की लेखिका मिरांडा जुलाई और रॉन्ग नॉर्मा के लिए प्रसिद्ध कनाडाई कवियत्री ऐनी कार्सन शामिल हैं। नेशनल बुक फाउंडेशन ने मंगलवार को फिक्शन, नॉनफिक्शन, युवाओं के साहित्य, कविता और अनुवाद में पुस्तकों के फाइनलिस्ट की घोषणा की। विजेताओं की घोषणा 20 नवंबर को मैनहट्टन में एक समारोह में की जाएगी। इस दौरान उपन्यासकार बारबरा किंग्सोल्वर और प्रकाशक डब्ल्यू. पॉल कोट्स को मानद पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।