Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   World ›   Voter turnout in Spain's snap election rises to 67.7 per cent surpasses 2023 polls

स्पेन के मध्यावधि चुनाव में मतदाताओं का बढ़ा उत्साह: 2023 के मुकाबले 14 फीसदी अधिक मतदान, क्या बदलेगी सरकार?

Mon, 30 Nov 2026 01:49 AM IST
अमन मौर्या एएनआई, मैड्रिड, स्पेन
एएनआई, मैड्रिड, स्पेन Published by: अमन मौर्या Updated Mon, 30 Nov 2026 01:49 AM IST
सार

स्पेन के मध्यावधि आम चुनाव में शाम छह बजे तक 67.7 फीसदी मतदान हुआ, जबकि 2023 में इसी समय तक 53.1 फीसदी वोट पड़े थे। चुनाव में प्रधानमंत्री पेड्रो सांचेज की सोशलिस्ट सरकार और पीपुल्स पार्टी के नेतृत्व वाले कंजर्वेटिव गठबंधन के बीच मुकाबला है। चुनाव में आवास, आव्रजन और भ्रष्टाचार प्रमुख मुद्दे रहे।

विज्ञापन
Voter turnout in Spain's snap election rises to 67.7 per cent surpasses 2023 polls
पेड्रो सांचेज, स्पेन - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक/एक्स

विस्तार

स्पेन में रविवार को हुए मध्यावधि आम चुनाव में मतदान को लेकर लोगों में उत्साह देखने को मिला। स्थानीय समयानुसार शाम छह बजे तक 67.7 फीसदी मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर चुके थे। यह आंकड़ा 2023 के आम चुनाव में इसी समय तक दर्ज 53.1 फीसदी मतदान से काफी अधिक है। अल जजीरा ने देश के गृह मंत्रालय के आंकड़ों के हवाले से यह जानकारी दी।
विज्ञापन


ताजा आंकड़े बताते हैं कि इस बार मतदान में पहले की तुलना में अधिक भागीदारी हुई है। इस चुनाव से तय होगा कि प्रधानमंत्री पेड्रो सांचेज की सोशलिस्ट पार्टी के नेतृत्व वाली सरकार सत्ता में बनी रहेगी या कंजर्वेटिव गठबंधन अगली सरकार बनाएगा। इस गठबंधन का नेतृत्व पीपुल्स पार्टी (पीपी) कर रही है, जिसे दक्षिणपंथी दल वॉक्स का समर्थन मिल सकता है।
विज्ञापन


कितना फीसदी हुआ मतदान?
इससे पहले स्थानीय समयानुसार दोपहर दो बजे तक 45.71 फीसदी मतदान दर्ज किया गया था। जुलाई 2023 के आम चुनाव में इसी समय तक 40.48 फीसदी लोगों ने मतदान किया था। रिपोर्ट के मुताबिक, इस बार शुरुआती चरण में भी मतदान का आंकड़ा पिछले चुनाव से अधिक रहा।
विज्ञापन
विज्ञापन


स्पेन में कितने मतदाता करेंगे मतदान?
इस चुनाव में 3.86 करोड़ से अधिक स्पेनिश नागरिक मतदान के पात्र हैं। मतदान केंद्र स्थानीय समयानुसार सुबह नौ बजे खुले और रात आठ बजे बंद होने निर्धारित हैं। मतदान समाप्त होने के कुछ ही समय बाद शुरुआती नतीजे सामने आने की उम्मीद है, जबकि आधी रात से पहले चुनाव की तस्वीर काफी हद तक स्पष्ट हो सकती है।

यूरोन्यूज के अनुसार, कुल 3,86,16,949 लोग मतदान के पात्र हैं। इनमें विदेशों में रहने वाले 26 लाख से अधिक स्पेनिश नागरिक और करीब 16 लाख पहली बार मतदान करने वाले मतदाता शामिल हैं। चुनाव के दौरान मतदान केंद्रों और सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी के लिए स्पेन के गृह मंत्रालय ने एक लाख से अधिक सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया है।

क्यों कराया गया मध्यावधि चुनाव?
प्रधानमंत्री पेड्रो सांचेज ने यह मध्यावधि चुनाव तब कराया, जब संसद में दक्षिणपंथी दलों ने उनके वामपंथी नेतृत्व वाली सरकार की ओर से आवास संबंधी समस्याओं को कम करने के लिए पेश किए गए उपायों को खारिज कर दिया था। चुनाव से पहले हुए जनमत सर्वेक्षणों में संकेत मिले थे कि अल्बर्टो नुनेज फेइजो के नेतृत्व वाली कंजर्वेटिव पीपुल्स पार्टी सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभर सकती है। हालांकि, उसे संसद में पूर्ण बहुमत हासिल करने के लिए सैंटियागो अबास्कल के नेतृत्व वाली दक्षिणपंथी पार्टी वॉक्स के समर्थन की जरूरत पड़ सकती है। बता दें कि स्पेन की 350 सदस्यीय कांग्रेस ऑफ डेप्युटीज में पूर्ण बहुमत के लिए 176 सीटों की आवश्यकता है।

चुनाव में कौन से मुद्दे रहे हावी?
इस चुनाव में आवास की बढ़ती कीमतों, आव्रजन, अर्थव्यवस्था और भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर जनता की चिंताएं प्रमुख मुद्दे रहे। प्रधानमंत्री सांचेज के करीबी लोगों पर भ्रष्टाचार के आरोप भी चुनावी चर्चा का हिस्सा रहे। हालांकि, प्रधानमंत्री और उनकी पत्नी ने इन आरोपों से इनकार किया है। मकानों का बढ़ता किराया और संपत्ति की कीमतें चुनाव प्रचार के प्रमुख मुद्दों में शामिल रहीं। इसके अलावा आव्रजन नीतियों और स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर चिंताओं पर भी राजनीतिक दलों के बीच चर्चा हुई।


यूरोपीय संघ की भी चुनाव पर नजर
स्पेन के इस चुनाव के नतीजों पर पूरे यूरोपीय संघ की नजर है, क्योंकि स्पेन संघ के उन सबसे बड़े सदस्य देशों में शामिल है, जहां केंद्र-वामपंथी सरकार सत्ता में है। अगर किसी भी पार्टी को स्पष्ट बहुमत नहीं मिलता है तो अगली सरकार के गठन में गठबंधन को लेकर बातचीत और संसद में अन्य राजनीतिक दलों के साथ समझौते अहम भूमिका निभा सकते हैं। ऐसे में चुनाव परिणाम के बाद होने वाली राजनीतिक बातचीत से तय होगा कि स्पेन की अगली सरकार किसकी होगी।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get latest World News headlines in Hindi related political news, sports news, Business news all breaking news and live updates. Stay updated with us for all latest Hindi news.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed