Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   World ›   pakistan Historic Gurdwara Sri Khara Sahib Restored, Reopens To Sikh Pilgrims

दशकों का इंतजार खत्म: पाकिस्तान में सिख श्रद्धालुओं के लिए फिर खुला ऐतिहासिक गुरुद्वारा, जानें क्यो है खास

Sun, 29 Nov 2026 08:41 PM IST
राहुल कुमार पीटीआई, लाहौर।
पीटीआई, लाहौर। Published by: राहुल कुमार Updated Sun, 29 Nov 2026 08:41 PM IST
विज्ञापन
pakistan Historic Gurdwara Sri Khara Sahib Restored, Reopens To Sikh Pilgrims
ऐतिहासिक गुरुद्वारा श्री खारा साहिब - फोटो : पीटीआई।

पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में स्थित ऐतिहासिक गुरुद्वारा श्री खारा साहिब का जीर्णोद्धार पूरा होने के बाद इसे सिख श्रद्धालुओं के लिए फिर से खोल दिया गया है। 1947 में भारत-पाकिस्तान विभाजन के बाद से यह गुरुद्वारा दशकों तक बंद रहा था। बाबा गुरु नानक देव जी की 557वीं जयंती के अवसर पर इसका जीर्णोद्धार कार्य पूरा किया गया। लाहौर से करीब 100 किलोमीटर दूर गुजरांवाला जिले के नौशेरा विरकान के पास मट्टू भाईके गांव में स्थित यह गुरुद्वारा सिखों के छठे गुरु, श्री गुरु हरगोबिंद साहिब जी से जुड़ा है।

विज्ञापन


सिख ऐतिहासिक परंपराओं के अनुसार, गुरु हरगोबिंद जी वर्ष 1620 में कश्मीर से लौटते समय इस क्षेत्र में आए थे। बताया जाता है कि यहां प्रवास के दौरान उन्होंने तंबाकू के सेवन के खिलाफ उपदेश दिया था और लोगों से गुरु नानक देव जी की शिक्षाओं पर चलने का आह्वान किया था। उनकी इस यात्रा की याद में बाद में यहां गुरुद्वारा स्थापित किया गया। इसे 'गुरुद्वारा खारा साहिब' और 'गुरुद्वारा छेवीं पातशाही' के नाम से जाना जाता है।
विज्ञापन


1933-34 में बना था वर्तमान गुरुद्वारा भवन
गुरुद्वारे का मौजूदा भवन करीब 1933-34 में स्थानीय सिख समुदाय ने बनवाया था। इसकी वास्तुकला में गुंबद, फूलों की सजावटी चित्रकारी और बारीक नक्काशी वाली छतें शामिल हैं। 1947 में विभाजन के बाद सिख आबादी के भारत चले जाने से यह धार्मिक स्थल वीरान हो गया था। इसके बाद दशकों तक यहां श्रद्धालुओं की आवाजाही बंद रही। पंजाब सरकार ने इवैक्यूई ट्रस्ट प्रॉपर्टी बोर्ड (ईटीपीबी) के साथ मिलकर इस ऐतिहासिक गुरुद्वारे का जीर्णोद्धार कराया है, ताकि इसे दोबारा सिख समुदाय के लिए खोला जा सके।
विज्ञापन
विज्ञापन


पंजाब के मंत्री ने किया उद्घाटन
शनिवार को पंजाब के अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री और पाकिस्तान सिख गुरुद्वारा प्रबंधक समिति के अध्यक्ष सरदार रमेश सिंह अरोड़ा ने अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गरगज के साथ गुरुद्वारे का औपचारिक उद्घाटन किया। इस समारोह में भारत समेत दुनिया के अलग-अलग हिस्सों से पाकिस्तान पहुंचे सिख श्रद्धालु भी शामिल हुए।

इस मौके पर अरोड़ा ने कहा कि पंजाब सरकार धार्मिक विरासत को संरक्षित करने और ऐतिहासिक पूजा स्थलों का जीर्णोद्धार करने के लिए व्यावहारिक कदम उठा रही है। सरकार का प्रयास है कि अल्पसंख्यक समुदायों को स्वतंत्र रूप से अपने धर्म का पालन करने का अवसर मिले। उन्होंने कहा कि गुरुद्वारे का जीर्णोद्धार मुख्यमंत्री मरियम नवाज की ऐतिहासिक धार्मिक स्थलों की सुरक्षा और अल्पसंख्यक समुदायों के अधिकारों व कल्याण को बढ़ावा देने की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

अरोड़ा ने कहा, "गुरुद्वारा श्री खारा साहिब का जीर्णोद्धार इस तरह किया गया है कि इसकी मूल वास्तुकला, ऐतिहासिक महत्व और धार्मिक पहचान सुरक्षित रहे। हमारा उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि सिख समुदाय के लोग एक बार फिर इस पवित्र स्थान पर आ सकें और अपनी धार्मिक परंपराओं के अनुसार प्रार्थना कर सकें।"

उन्होंने सिखों और अन्य अल्पसंख्यक समुदायों के धार्मिक अधिकारों की रक्षा के प्रति पाकिस्तान की प्रतिबद्धता भी दोहराई। उन्होंने गुरुद्वारे के दोबारा खुलने को विभिन्न धर्मों के बीच सद्भाव, सहिष्णुता और शांतिपूर्ण सह-अस्तित्व का सार्थक उदाहरण बताया।


जत्थेदार ने पंजाब सरकार के प्रयासों को सराहा
अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गरगज ने गुरुद्वारे के जीर्णोद्धार के लिए पंजाब सरकार के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान में धार्मिक सद्भाव, सहिष्णुता और भाईचारे को बढ़ावा देने वाली पहल सराहनीय हैं। उन्होंने इस जीर्णोद्धार को सिख धार्मिक विरासत के संरक्षण और उन श्रद्धालुओं की आध्यात्मिक आकांक्षाओं को पूरा करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया, जो दशकों से इस पवित्र स्थल के दर्शन नहीं कर पा रहे थे।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get latest World News headlines in Hindi related political news, sports news, Business news all breaking news and live updates. Stay updated with us for all latest Hindi news.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed