Crimean Bridge: पुतिन ने पुल विस्फोट के लिए यूक्रेन की गुप्त सेवाओं को जिम्मेदार ठहराया, हमले की निंदा की
व्लादिमीर पुतिन ने क्रीमिया के पास केर्च ब्रिज और ऊर्जा बुनियादी ढांचे के लिए सुरक्षा कड़ी कर दी है। सुरक्षा सेवा को इसकी देखरेख की जिम्मेदारी दी गई है।राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने क्रीमिया पुल के लिए सुरक्षा उपायों को बढ़ाने पर एक आदेश पर हस्ताक्षर किए हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
रूस-यूक्रेन जंग अब एक भीषण दौर में पहुंच गई है जहां रूसी सेना को लगातार क्षति और शिकस्त का सामना करना पड़ रहा है। शनिवार को रूस और क्रीमिया को जोड़ने वाले पुल पर एक ट्रक में रखे विस्फोटकों में आग लग गई जिससे पुल का आधा हिस्सा समुद्र में गिर गया। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने क्रीमिया पुल विस्फोट के लिए यूक्रेन की गुप्त सेवाओं को जिम्मेदार ठहराया है और 'आतंकवादी कृत्य' की निंदा की है।
क्रेमलिन द्वारा रविवार को साझा किए गए एक वीडियो के अनुसार, जांच समिति के प्रमुख के साथ बैठक के दौरान पुतिन ने कहा कि इस विस्फोट की पटकथा लिखने वाला, अपराधी और प्रायोजक यूक्रेन की गुप्त सेवाएं हैं। उन्होंने कहा कि इसमें कोई संदेह नहीं है कि यह एक आतंकवादी घटना है, जिसका उद्देश्य महत्वपूर्ण रूसी नागरिक बुनियादी ढांचे को नष्ट करना था। हालांकि यूक्रेन ने विस्फोट की जिम्मेदारी नहीं ली है।
मास्को के लिए यह पुल रसद आपूर्ति के लिए काफी महत्वपूर्ण है। यूक्रेन में लड़ रहे रूसी सैनिकों के लिए सैन्य उपकरण ले जाने के लिए यह एक महत्वपूर्ण परिवहन लिंक है। क्रीमिया प्रायद्वीप रूस के लिए प्रतीकात्मक महत्व रखता है और दक्षिण में उसके सैन्य अभियानों के लिए बेहद अहम है। पुल के टूटने से प्रायद्वीप पर सैन्य रसद चुनौतीपूर्ण हो जाएगी।
पुतिन ने कड़ी की सुरक्षा
व्लादिमीर पुतिन ने क्रीमिया के पास केर्च ब्रिज और ऊर्जा बुनियादी ढांचे के लिए सुरक्षा कड़ी कर दी है। सुरक्षा सेवा को इसकी देखरेख की जिम्मेदारी दी गई है।राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने क्रीमिया पुल के लिए सुरक्षा उपायों को बढ़ाने पर एक आदेश पर हस्ताक्षर किए हैं। पुतिन ने क्रीमिया को रूस से जोड़ने वाले ऊर्जा पुल और गैस पाइपलाइन को सुरक्षित करने का भी आह्वान किया।
क्रीमिया पुल टूटने से बौखलाए रूस ने जपोरिझिया-खारकीव में बरसाए बम
क्रीमिया को रूस से जोड़ने वाले 19 किमी लंबे केर्च खाड़ी पुल के ध्वस्त होने से आगबबूला रूस ने जपोरिझिया व खारकीव में बम व मिसाइल हमलों की झड़ी लगा दी है। पुल पर हमले के कुछ घंटों बाद ही रूसी सेना ने बमबारी व मिसाइल हमले शुरू कर दिए, जो रविवार रात तक जारी रहे। यूक्रेन ने हमलों में 17 से ज्यादा लोगों के मरने व दर्जनों के घायल होने की पुष्टि की है। रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन पर उनके समर्थकों ने पुल पर हमले का जबाव देने का दबाव बढ़ा दिया है। पुतिन ने भी इसे यूक्रेन का आतंकी हमला करार दिया है।
रूस ने 2014 में क्रीमिया इलाका यूक्रेन से हड़प लिया था। 2018 में तैयार हुए इस पुल को क्रीमिया पर रूस के अधिपत्य के प्रतीक के रूप में देखा जाता था। 3.6 अरब डॉलर की लागत से तैयार यूरोप के इस सबसे लंबे पुल को नुकसान पहुंचने के साथ ही यूक्रेन पर हमलों के लिए जरूरी आपूर्ति का जरिया नष्ट हो गया है। क्रीमिया के एक क्रेमलिन समर्थक सांसद ने कहा कि यूक्रेन को तिलमिला देने वाले जवाब से कम कुछ भी मंजूर नहीं, क्योंकि इससे सिर्फ रूस कमजोर साबित होगा। पुतिन समर्थक ब्लॉगर व पत्रकार ईवजेनी पोदूबनी के मुताबिक, यूक्रेन में अब रूस से कोई भी नहीं डरता है। अगर वाकई इस हिमाकत के लिए यूक्रेन को सबक सिखाना है, तो इसके विद्युत ढांचे को तबाह कर देना चाहिए।
जपोरिझिया के कार्यवाहक मेयर एनातोली कर्तीव ने बताया कि शनिवार से रविवार दोपहर तक हुए हमलों में 17 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है 50 घायल हुए हैं। हमलों में पांच घर पूरी तरह तबाह हो गए। जबकि 40 से ज्यादा को नुकसान हुआ है। कुछ लोगों के मलबे में दबे होने की भी आशंका है। यूक्रेनी सेना ने बताया कि रूस ने दक्षिण में जपोरिझिया और पूर्व में खारकीव में कई सप्ताह बाद बड़ा हमला किया। रविवार खारकीव में अस्पताल और स्कूलों को निशाना बनाकर चार मिसाइलें दागी गईं।
पुल पर आवाजाही शुरू
क्रीमिया के गवर्नर सर्गेई अक्सियोनोव ने बताया कि पुल पर ट्रेनों की आवाजाही शनिवार देर शाम को ही शुरू हो गई और दो यात्री ट्रेन रवाना हुईं। जबकि, फेरी ट्रेन रविवार को शुरू कर दी गईं। इसके अलावा पुल की मरम्मत कर जल्द ही सभी वाहनों के लिए खोल दिया जाएगा। यह पुल रूस के लिए इतना अहम है है कि इसके उद्घाटन में पुतिन खुद शामिल हुए थे।
बेशकीमती हूण मुकुट चोरी का आरोप
यूक्रेन ने रूसी सैनिकों पर मेलितोपोल संग्रहालय से 1500 वर्ष पुराने बेशकीमती हूण मुकुट चुराने का आरोप लगाया है। यूक्रेन के संस्कृति मंत्री ओलेक्सांद्र तकैचेंको ने दावा किया कि रूसी सैनिक 40 से ज्यादा यूक्रेनी संग्रहालयों को लूट चुके हैं। तकैचेंको के मुताबिक रूसी सैनिकों ने कई अरब डॉलर से ज्यादा कीमत की सांस्कृतिक विरासतों को तबाह किया है।
इशारों में यूक्रेन ने मानी संलिप्तता
- यूक्रेन ने आधिकारिक तौर पर पुल पर हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है, लेकिन राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की के सलाहकार मिखाइलो पोदोलिक ने ट्वीट कर कहा, क्रीमिया ब्रिज शुरुआत है।
- यूक्रेन से जो कुछ भी छीना गया है, उसे वापस लिया जाएगा और जो कुछ भी अवैध है उसे तबाह कर दिया जाएगा। सभी रूसी आक्रमणकारियों को बाहर निकाला जाएगा।